Image Slider

-प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को बताया आर्थिक रूप से लाभकारी और पर्यावरण हितैषी
-एक किलोवॉट संयंत्र पर लगभग 65 हजार लागत, 45 हजार तक अनुदान
-दो किलोवॉट पर 90 हजार तक और तीन किलोवॉट पर 1 लाख 8 हजार तक सहायता

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने जनपद के सभी राशन डीलरों एवं पेट्रोल पंप संचालकों से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत सौर पैनल स्थापित कराने की अपील की है। उन्होंने इस योजना को न केवल आर्थिक रूप से लाभकारी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अत्यंत प्रभावी कदम बताया। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि विद्युत उत्पादन के पारंपरिक स्रोत जैसे कोयला और पेट्रोलियम उत्पाद वायु एवं जल प्रदूषण का प्रमुख कारण हैं। इसके अतिरिक्त खनन गतिविधियों से वनों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों का ह्रास भी होता है। इसके विपरीत सौर ऊर्जा स्वच्छ, नवीकरणीय और पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा स्रोत है, जिससे किसी प्रकार का प्रदूषण नहीं होता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का उद्देश्य स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना तथा प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन को रोकना है। राशन दुकानों और पेट्रोल पंपों पर सौर पैनल लगने से ऊर्जा लागत में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलेगा।

अमित तिवारी ने योजना के आर्थिक पक्ष को स्पष्ट करते हुए बताया कि सरकार द्वारा सौर संयंत्र स्थापना पर आकर्षक सब्सिडी प्रदान की जा रही है। एक किलोवॉट संयंत्र की अनुमानित लागत लगभग 65,000 है, जिस पर 45,000 तक की सब्सिडी उपलब्ध है। दो किलोवॉट संयंत्र पर लगभग 1,30,000 की लागत में 90,000 तक तथा तीन किलोवॉट संयंत्र पर 1,80,000 की लागत में 1,08,000 तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। यह 1,08,000 तक की सब्सिडी 10 किलोवॉट तक के घरेलू कनेक्शनों पर भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से उपभोक्ता बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी ला सकते हैं और अतिरिक्त ऊर्जा उत्पादन की स्थिति में ग्रिड को बिजली आपूर्ति कर आर्थिक लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए  ‘नेशनल पोर्टल फॉर रूफटॉप सोलर’ पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पीओ नेडा कार्यालय, गाजियाबाद से संपर्क कर सकते हैं या पीएम सूर्य घर योजना कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 70653 81846 पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन द्वारा इच्छुक आवेदकों को तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। अमित तिवारी की सक्रिय और जनहितकारी कार्यशैली के कारण जनपद में सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े विक्रेताओं को केवल सेवा प्रदाता नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन के सहभागी के रूप में देखने की दृष्टि प्रस्तुत की है। उनके प्रयासों से राशन दुकानों को ऊर्जा दक्ष एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में ठोस पहल शुरू हुई है।

यदि पेट्रोल पंपों और सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित होते हैं, तो इससे स्थानीय स्तर पर ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। इससे बिजली की मांग का दबाव कम होगा, कार्बन उत्सर्जन घटेगा और हरित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। जिला पूर्ति अधिकारी ने अंत में सभी राशन डीलरों एवं पेट्रोल पंप संचालकों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ ऊर्जा अपनाना केवल आर्थिक निर्णय नहीं, बल्कि पर्यावरण और आने वाली पीढिय़ों के भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उनकी यह पहल जनपद में हरित ऊर्जा क्रांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मैं जनपद के सभी राशन डीलरों एवं पेट्रोल पंप संचालकों से अपील करता हूँ कि वे सौर पैनल स्थापित कर इस योजना का लाभ उठाएँ। इससे न केवल बिजली खर्च में कमी आएगी, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में भी योगदान मिलेगा। सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी इस योजना को आर्थिक रूप से अत्यंत लाभकारी बनाती है। स्वच्छ ऊर्जा अपनाना केवल आर्थिक निर्णय नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। प्रशासन इच्छुक आवेदकों को हर संभव तकनीकी मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करेगा।
अमित तिवारी
जिला पूर्ति अधिकारी

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||