Image Slider

-परीक्षा से पहले अध्ययन सामग्री देकर बढ़ाया आत्मविश्वास
-जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए यूनिफॉर्म व बैग उपलब्ध कराने की घोषणा
-शिक्षकों का सम्मान, बच्चों में उज्ज्वल भविष्य की आशा जगाई

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। समाज सेवा और मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश करते हुए इनर व्हील क्लब ऑफ नवीन ग्रेटर नोएडा, डिस्ट्रिक्ट 301 ने सोमवार को एक अंडरप्रिविलेज हाई स्कूल में अध्ययनरत बच्चों के लिए स्नेह और सहयोग से भरा सेवा कार्यक्रम आयोजित किया। इस पहल का उद्देश्य परीक्षाओं से पहले बच्चों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें यह एहसास कराना था कि समाज उनके साथ खड़ा है और वे अपने सपनों को साकार करने की दिशा में अकेले नहीं हैं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को परीक्षा की तैयारी में सहायक आवश्यक स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। प्रत्येक छात्र को पेंसिल, रंग, पेन, रबर, इरेज़र, एक-एक क्लिपबोर्ड तथा दो-दो नोटबुक्स प्रदान की गईं। साथ ही बच्चों को मिठाई वितरित कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी गई। क्लब सदस्यों ने बच्चों से स्नेहपूर्वक बातचीत करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने और अपने उज्ज्वल भविष्य पर विश्वास रखने के लिए प्रेरित किया।

क्लब पदाधिकारियों ने यह आश्वासन भी दिया कि भविष्य में यदि किसी बच्चे को पढ़ाई से जुड़ी किसी भी सामग्री या सहायता की आवश्यकता होगी तो क्लब हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। इस दौरान बच्चों के साथ संवाद का वातावरण बेहद आत्मीय रहा और बच्चों ने भी उत्साह के साथ अपनी भावनाएँ व्यक्त कीं। क्लब की प्रधान अदिति भारद्वाज ने बच्चों को ढेर सारा स्नेह और शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नए वर्ष की शुरुआत में बच्चों के लिए स्कूल यूनिफॉर्म और स्कूल बैग की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि वे सम्मान और आत्मविश्वास के साथ विद्यालय आ सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो बच्चों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाती है।

इस अवसर पर क्लब की सदस्य पायल सिंगला ने बच्चों को अपने हाथों से बनाया हुआ स्वादिष्ट हलवा वितरित किया, जिसे बच्चों ने बड़े आनंद और उत्साह के साथ ग्रहण किया। कार्यक्रम का यह भावनात्मक क्षण बच्चों और क्लब सदस्यों के बीच आत्मीय जुड़ाव का प्रतीक बन गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। क्लब सदस्यों ने शिक्षकों के समर्पण और बच्चों के भविष्य निर्माण में उनके योगदान की सराहना की। क्लब की पूर्व प्रधान अनिता सिंगला ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा, शिक्षा वह शक्ति है जिसे कोई भी हमसे छीन नहीं सकता। हर बच्चे का पढऩा उसका अधिकार है।

उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि जहाँ भी बच्चों को शिक्षा की आवश्यकता हो, वहाँ आगे बढ़कर सहयोग करें। यह सेवा कार्यक्रम प्रेम, सहयोग और आशा का संदेश लेकर आया। बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान और उनकी आँखों में जागे नए सपने इस बात का प्रमाण थे कि छोटी-सी पहल भी किसी के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है। क्लब की इस पहल ने न केवल बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाया, बल्कि समाज को भी यह संदेश दिया कि शिक्षा और संवेदना मिलकर ही उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||