-दो चरणों में होगी जनगणना, मई-जून में मकान सूचीकरण व फरवरी 2027 में जनगणना
-पहली बार डिजिटल मोड और स्व-गणना सुविधा से जुड़ेगा आम नागरिक
-8,593 प्रगणक व 1,432 सुपरवाइजर तैनात, व्यापक जनजागरूकता अभियान चलेगा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनगणना-2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियाँ तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर एडीएम एफ/आर सौरभ भट्ट की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनगणना कार्य को सुचारू और समयबद्ध तरीके से सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को संबोधित करते हुए एडीएम एफ/आर ने बताया कि भारत में जनगणना प्रत्येक दस वर्ष में आयोजित की जाती है। वर्ष 1872 से चली आ रही इस परंपरा के तहत आगामी जनगणना देश की 16वीं तथा स्वतंत्रता के बाद की 8वीं जनगणना होगी। यह गांव, शहर और वार्ड स्तर पर प्राथमिक आंकड़ों का एकमात्र विश्वसनीय स्रोत है, जो जनसांख्यिकी, शिक्षा, भाषा, धर्म, आर्थिक गतिविधि, प्रवास, शहरीकरण तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराता है। उन्होंने बताया कि जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी।
प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (एच.एल.ओ.) 22 मई से 20 जून 2026 तक 30 दिनों की अवधि में संपन्न होगी। दूसरे चरण में जनसंख्या एवं जाति गणना 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक की जाएगी, जबकि 1 से 5 मार्च 2027 तक पुनरीक्षण दौर चलेगा। पहली बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल मोड में होगी और नागरिकों के लिए स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। जनपद में अनुमानित 7,914 प्रगणक ब्लॉक बनाए जाएंगे। इसके लिए लगभग 8,593 प्रगणक और 1,432 सुपरवाइजर तैनात किए जाएंगे। जनगणना कार्य हेतु चार मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण पूर्ण हो चुका है, जबकि 134 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण मार्च माह में प्रस्तावित है।
बैठक में एडीएम एफ/आर ने चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनगणना निदेशालय से जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें, अपने क्षेत्रों में प्रगणक ब्लॉकों का निर्धारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा चार्ज स्तर पर जनगणना सेल का गठन करें। साथ ही प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण हेतु उपयुक्त स्थलों का चयन कर तैयारी पूर्ण करने को कहा गया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जनगणना-2027 के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए ताकि नागरिक सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं चार्ज अधिकारी उपस्थित रहे।

एडीएम एफ/आर
जनगणना-2027 देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है और इसे पूरी पारदर्शिता, सटीकता तथा समयबद्धता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि जनगणना निदेशालय के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए, प्रगणक ब्लॉकों का निर्धारण समय से पूरा किया जाए तथा प्रशिक्षण और तकनीकी व्यवस्थाओं में कोई कमी न रहे। पहली बार डिजिटल प्रणाली के माध्यम से आंकड़े संकलित किए जाएंगे और नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध होगी, इसलिए व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाकर लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करना आवश्यक है। सही आंकड़े ही भविष्य की योजनाओं, संसाधन वितरण और जनकल्याणकारी नीतियों को प्रभावी बनाते हैं, इसलिए जनगणना कार्य को मिशन मोड में पूर्ण किया जा रहा है।
सौरभ भट्ट
एडीएम एफ/आर
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


