Image Slider

रोशनी, सजावट, मिठाइयों की खुशबू और बाजारों में उमड़ती भीड़…धनतेरस के मौके पर राजधानी के बाजार पूरी तरह त्योहार के रंग में रंगे नजर आए। सुबह से ही खरीदारी के लिए निकले लोगों ने देर शाम तक बाजारों की रौनक बनाए रखी। किसी ने सोने-चांदी के सिक्के खरीदे तो किसी ने घर के लिए नए बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान पसंद किया। वहीं, कार और बाइक के शोरूम में भी ग्राहकों की अच्छी चहल-पहल रही। सोने की कीमतों में तेजी के बावजूद लोगों का खरीदारी के प्रति उत्साह कम नहीं हुआ।

ऑल बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश सिंघल ने बताया कि सर्राफा बाजार में इस बार महंगे सोने के बीच ग्राहकों ने अपने बजट के हिसाब से खरीदारी की। एक दिन में 10 ग्राम सोने के भाव में करीब 3160 रुपये तक का उछाल आने के बावजूद गहनों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ दिखाई दी। हालांकि, महंगे और भारी आभूषणों के बजाय लोगों ने हल्के वजन की चेन, अंगूठी, कानों के छोटे आभूषण और सोने के सिक्कों को प्राथमिकता दी।

महंगाई के बीच परंपरा निभाने पर जोर

कूचा महाजनी में खरीदारी करने आए आनंद ने बताया कि सोने के दाम लगातार बदल रहे हैं, लेकिन धनतेरस पर कुछ न कुछ खरीदना शुभ माना जाता है इसलिए निवेश के लिहाज से सिक्के खरीदे हैं। वहीं हिमांशु चतुर्वेदी ने बताया कि उन्होंने परिवार के लिए हल्के आभूषण के साथ चांदी के सिक्के, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और पूजा से जुड़े सामान खरीदे हैं।

वाहनों के शोरूम में भी त्योहार का बूम

धनतेरस के मौके पर राजधानी के एक शोरूम की मैनेजर वंदना आहूजा ने बताया कि इस बार इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर भी ग्राहकों का उत्साह दिखाई दे रहा है। पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और कम परिचालन खर्च को ध्यान में रखते इस बार हुए कई लोगों ने इलेक्ट्रिक कार की बुकिंग कराई है। उन्होंने बताया कि शोरूम में ग्राहक रेंज, चार्जिंग सुविधा और बैटरी वारंटी की जानकारी ले रहे हैं और उसके बाद ईवी बुक रहे हैं। वहीं दोपहिया वाहनों में भी नई बाइक और स्कूटर की मांग रही।

बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी चमक

सदर बाजार में बर्तन खरीदने आईं निर्मला ने बताया कि स्टील, पीतल और तांबे के बर्तनों के साथ पूजा के लिए नए बर्तन भी खरीदे हैं। करोलबाग में घरेलू उपकरण खरीदने आए नवीन जोशी ने बताया धनतेरस के मौके पर ऑफर और छूट चल रही है, इसलिए टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन एक साथ खरीदने आया।

एक लाख करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद

कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने धनतेरस पर दिल्ली के बाजारों में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का अनुमान लगाया है। कैट का कहना है कि सोना-चांदी, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन और फर्नीचर बाजार में लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। पिछले एक महीने की कारोबारी सुस्ती के बाद धनतेरस के मौके पर बाजारों में रौनक लौट आई है।

दिल्ली में बृहस्पतिवार को सोने के भाव प्रति 10 ग्राम

सोने की शुद्धता                         भाव

24 कैरेट                         1,42,960 रुपये

22 कैरेट                         1,31,060 रुपये

18 कैरेट                         1,07,220 रुपये

लंबे समय से नई कार लेने की योजना थी। धनतेरस का मौका शुभ माना जाता है, इसलिए इसी दिन डिलीवरी लेने का फैसला किया।

– अमन, ग्राहक

रोजाना आने-जाने और परिवार के साथ सफर की जरूरत को देखते हुए कार की बुकिंग की है, लेकिन डिलिवरी धनतेरस पर ही लूंगा।

– दिनेश चौहान, ग्राहक

नौकरी के बाद पहली कमाई से बाइक खरीदना और अगर वह ईवी हो तो इसका अलग ही अहसास होता है। डिलिवरी धनतेरस पर ही लूंगा।

– रोहित, ग्राहक

पुराने वाहन चलाकर परेशान हो गया था अब इसको बदलकर नया मॉडल ले रहा हूं, जिसमें बेहतर माइलेज और नए फीचर मिल रहे हैं।

– अरुण गुप्ता, ग्राहक

पेट्रोल का खर्च बचाने के लिए इलेक्ट्रिक स्कूटर को चुन तो लिया है, बस हर जगह चार्जिंग स्टेशन खुल जाएं तो हर कोई ईवी ही चुनेगा।

– लाल कृष्ण, ग्राहक

धनतेरस पर दिल्ली के बाजारों में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने की उम्मीद है। सोना-चांदी, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य क्षेत्रों में अच्छी खरीदारी हो रही है। इससे कारोबारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

-प्रवीण खंडेलवाल, राष्ट्रीय महामंत्री, कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स

 

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||