Image Slider

गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के मेरठ रोड पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। डंपर और महिंद्रा पिकअप की टक्कर में एक दूध कारोबारी की जान चली गई। यह हादसा मैनापुर गांव के पास पिलर नंबर 679 स्थित आयशर ट्रैक्टर शोरूम के सामने हुआ।


मृतक की पहचान मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के अछरोड़ा गांव निवासी संदीप (29) पुत्र संजय के रूप में हुई है। संदीप दूध का कारोबार करते थे। मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे वह अपनी महिंद्रा पिकअप में दूध लेकर अछरोड़ा से लोनी जा रहे थे। उनकी गाड़ी मेरठ रोड पर पिलर नंबर 679 के पास पहुंची। तभी सामने से आ रहे एक डंपर ने पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद डंपर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर मधुबन बापूधाम पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और परिजनों की मदद से घायल संदीप को 108 एंबुलेंस से जिला संयुक्त चिकित्सालय संजय नगर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद संदीप को मृत घोषित कर दिया। एसीपी कविनगर अभय राजेंद्र डागा ने बताया कि शव का मेडिकल परीक्षण कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश कर रही है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||