Image Slider

  • डीएलएफ शालीमार गार्डन के किराये के फ्लैट पर पुलिस की दबिश, 969 ग्राम स्मैक और बिक्री के 1.74 लाख रुपये बरामद
  • महिला दिल्ली से लाती थी स्मैक, 300 से 400 रुपये में पुडिय़ा बनाकर आसपास के इलाकों में करते थे सप्लाई
  • महिला सरगना पर दिल्ली में एनडीपीएस के 11 मुकदमे, डीसीपी ट्रांस हिंडन रिजुल बोले- पूरे नेटवर्क की खंगाली जा रही कडिय़ां

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। ट्रांस हिंडन क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शालीमार गार्डन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह की कथित सरगना महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब एक करोड़ रुपये कीमत की 969 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। स्मैक को 860 छोटी-छोटी पुडिय़ों में पैक किया गया था। इसके अलावा पुलिस ने बिक्री के 1 लाख 74 हजार 990 रुपये नकद, पीली धातु की तीन अंगूठियां और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी किराये के फ्लैट में रहकर आसपास के क्षेत्रों में नशे का कारोबार संचालित कर रहे थे। रविवार को थाना साहिबाबाद में घटना का खुलासा करते हुए डीसीपी ट्रांस हिंडन रिजुल ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत शनिवार को शालीमार गार्डन पुलिस टीम ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने डीएलएफ शालीमार गार्डन स्थित एक फ्लैट पर कार्रवाई की।

यहां से तीन युवक और एक महिला को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान मौहम्मद आर्यन, ईमामुद्दीन, इमरान और समीना के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर चारों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि समीना दिल्ली से चोरी-छिपे स्मैक खरीदकर लाती थी और फिर गिरोह के अन्य सदस्यों को आसपास के क्षेत्रों में बेचने के लिए देती थी। आरोपी स्मैक को सफेद रंग की छोटी पॉलीथिन में भरकर पुडिय़ां तैयार करते थे। प्रत्येक पुडिय़ा को 300 से 400 रुपये में नशा करने वालों को बेचा जाता था। पुलिस के अनुसार बरामद नकदी स्मैक की बिक्री से मिली रकम है, जबकि तीनों अंगूठियां भी आरोपियों ने इसी अवैध कमाई से खरीदी थीं।

पकड़े जाने से बचने के लिए बदलते थे किराये के मकान
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पुलिस से बचने के लिए वे किराये के मकानों और फ्लैटों में रहते थे। एक या दो महीने में अपना ठिकाना बदल लेते थे, ताकि किसी को उनके नशे के कारोबार की भनक न लगे। डीएलएफ शालीमार गार्डन स्थित फ्लैट भी उन्होंने करीब एक महीने पहले ही किराये पर लिया था और जल्द ही उसे खाली करने की तैयारी में थे। इससे पहले ही पुलिस ने दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

महिला पर दिल्ली में एनडीपीएस के 11 मुकदमे, इमरान पर चोरी के केस
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी इमरान के खिलाफ थाना लिंक रोड में चोरी का एक मुकदमा और दिल्ली में चोरी के तीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, महिला आरोपी समीना के खिलाफ दिल्ली के सीमापुरी थाने में एनडीपीएस एक्ट के 11 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। डीसीपी ट्रांस हिंडन रिजुल के अनुसार, क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है।

ऑपरेशन प्रहार के तहत संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि शालीमार गार्डन पुलिस की कार्रवाई में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में स्मैक बरामद की गई है। नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और इसके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का उद्देश्य नशे की सप्लाई करने वालों के साथ-साथ इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई करना है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||