Last Updated:
Tamil Nadu POCSO NDPS Courts: मासूमों के खिलाफ होने वाले यौन अपराधों पर लगाम लगाने और पीड़िताओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए तमिलनाडु सरकार ने बड़ा कानूनी कदम उठाया है. राज्य में लंबित पोक्सो मामलों की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सभी जिलों में विशेष अदालतों के गठन का सख्त निर्देश दिया है.
विजय सरकार तमिलनाडु में पोक्सो के 26 और एनडीपीएस के 4 नई अदालत स्थापित करने जा रही है.
Tamil Nadu POCSO NDPS Courts: तमिलनाडु सरकार महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों को रोकने ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ितों को समय पर न्याय सुनिश्चित करने के लिए लगातार कई कदम उठा रही है. इसी क्रम में पूरे तमिलनाडु में लंबित पोक्सो मामलों की स्थिति की समीक्षा के लिए आयोजित एक बैठक में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने पोक्सो मामलों के विवरण, उनकी वर्तमान स्थिति और केवल पोक्सो अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की सुनवाई के लिए आवश्यक अतिरिक्त न्यायालयों के बारे में विस्तार से जानकारी ली.
समीक्षा के आधार पर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इन मामलों की सुनवाई में तेजी लाने, दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाने और सभी जिलों में पोक्सो न्यायालय स्थापित करने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं. राज्य में ‘प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेस (पोक्सो) एक्ट, 2012’ के तहत दर्ज मामलों की सुनवाई के लिए पहले से ही 22 विशेष न्यायालय काम कर रहे हैं और 4 अन्य विशेष न्यायालय जल्द ही शुरू होने वाले हैं. लंबित मामलों की संख्या को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार, 46.59 करोड़ रुपये की लागत से कुल 26 नए विशेष न्यायालय (12 नए विशेष न्यायालय और 14 अतिरिक्त विशेष न्यायालय) स्थापित करने का सरकारी आदेश जारी किया गया है.
इसके माध्यम से तमिलनाडु के 47 पुलिस जिलों में कुल 52 विशेष न्यायालय पोक्सो अधिनियम, 2012 के तहत दर्ज मामलों की तेजी से सुनवाई करेंगे. इससे पीड़ितों को न्याय मिलेगा और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जा सकेगी, ताकि भविष्य में ऐसे जघन्य अपराधों की पुनरावृत्ति को रोका जा सके. इसके अलावा, तमिलनाडु सरकार “नशा-मुक्त तमिलनाडु” अभियान के तहत नशीले पदार्थों की तस्करी और उनके इस्तेमाल को नियंत्रित करने के लिए कई कदम उठा रही है. साथ ही, ‘नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट’ (एनडीपीएस एक्ट) के तहत दर्ज मामलों का कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए जल्द से जल्द निपटारा करने का प्रयास भी किया जा रहा है.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


