Image Slider

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव के नतीजों ने समाजवादी पार्टी के खेमे में नई ऊर्जा भर दी है. यूपी की 11 स्नातक और शिक्षक सीटों पर हुए चुनाव में बीजेपी ने 6 तो सपा ने 5 सीटों कब्जा जमाया है. इन नतीजों को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के खिलाफ जनता के बदलते मूड के संकेत के तौर पर पेश कर रहे हैं. उनका दावा है कि भले ही एमएलसी चुनाव में सीटों की संख्या सीमित हो, लेकिन भाजपा को प्रदेश के 50 जिलों में हार का सामना करना पड़ा है. अखिलेश ने भाजपा की जीत पर सवाल उठाते हुए इसे छल का नतीजा बताया और कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के समर्थन से जीती है.

दरअसल, एमएलसी चुनाव के नतीजे अखिलेश यादव के लिए इसलिए भी अहम हैं, क्योंकि विधानसभा चुनाव से पहले उन्हें भाजपा के खिलाफ अपने सियासी नैरेटिव को मजबूत करने का मौका मिला है. सवाल यह है कि क्या यह जीत 2027 के लिए सपा का आत्मविश्वास बढ़ाने वाला टॉनिक साबित होगी? क्या एमएलसी चुनाव में दिखा सियासी रुझान विधानसभा चुनाव में भी दोहराया जा सकता है?
एमएलसी चुनाव में 5 सीटों की जीत को सपा जमकर प्रचारित कर रही है.

11 सीटों पर चुनाव, भाजपा 6 और सपा ने जीतीं 5 सीटें

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था. इनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल थे. 29 अक्टूबर को आए अंतिम नतीजों में भाजपा ने छह और समाजवादी पार्टी ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की. इन नतीजों की सबसे अहम बात यह रही कि भाजपा अपनी पिछली छह सीटें बचाने में सफल रही, लेकिन सपा ने अपना प्रदर्शन बेहतर करते हुए तीन से पांच सीटों तक का सफर तय किया. सपा ने लखनऊ स्नातक सीट भाजपा से छीन ली, जबकि वाराणसी में शिक्षक और स्नातक दोनों सीटों पर जीत दर्ज की. आगरा शिक्षक सीट पर भी सपा को सफलता मिली.

अखिलेश यादव के लिए यह जीत सिर्फ पांच सीटों का आंकड़ा नहीं है. इसके राजनीतिक मायने भी हैं. विधान परिषद में सपा की सदस्य संख्या बढ़कर 12 हो गई है, जिससे नेता प्रतिपक्ष का पद बनाए रखने की उसकी स्थिति मजबूत हुई है.

अखिलेश के बयान में छिपा 2027 का सियासी संदेश

एमएलसी चुनाव के नतीजों पर अखिलेश यादव ने भाजपा को घेरने के लिए सीधे जनता के मूड का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा, ‘गिनती में 5 सीटें हैं लेकिन ये लोग 50 जिलों में हारे हैं. आम जनता में यह बात चली गई है कि भाजपा के लोग बेईमान हैं. सपा के लोग जनता के बल से जीते हैं और ये लोग 6 सीटें छल से जीते हैं. अगर इन्होंने छल नहीं किया होता तो शायद ये इतना भी नहीं जीतते.’

यूपी चुनाव में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के निशाने पर लगातार सीएम योगी आदित्यनाथ हैं.

अखिलेश के इस बयान को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा सकता है. वह एमएलसी चुनाव के नतीजों को केवल सीटों की जीत-हार तक सीमित नहीं रखना चाहते, बल्कि इसे प्रदेश के व्यापक राजनीतिक माहौल से जोड़ रहे हैं.

उनकी कोशिश है कि भाजपा की छह सीटों की जीत के मुकाबले सपा की पांच सीटों की सफलता को ज्यादा बड़े राजनीतिक संदेश के तौर पर पेश किया जाए. खासकर वाराणसी और लखनऊ जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में मिली सफलता को सपा अपने पक्ष में भुनाना चाहेगी.

क्या 2027 में भी दोहराया जाएगा MLC चुनाव का परिणाम?

यह सबसे बड़ा सवाल है. एमएलसी चुनाव में सपा का प्रदर्शन निश्चित तौर पर उत्साह बढ़ाने वाला है, लेकिन इसे 2027 के विधानसभा चुनाव का सीधा संकेत मानना जल्दबाजी होगी. इसके पीछे सबसे बड़ी वजह दोनों चुनावों का अलग-अलग स्वरूप है. शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं का दायरा सीमित और अलग होता है. वहीं विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी जातियों, वर्गों, ग्रामीण और शहरी मतदाताओं की व्यापक भागीदारी होती है. इसलिए एमएलसी चुनाव के नतीजों को विधानसभा चुनाव का सटीक पूर्वानुमान नहीं माना जा सकता.

यूपी के 52 वीआईपी नेताओं को दी गई बुलेटप्रूफ जैकेट

हालांकि, इन नतीजों से तीन महत्वपूर्ण राजनीतिक संकेत जरूर निकाले जा सकते हैं. 2020 के मुकाबले सपा ने अपनी सीटें तीन से बढ़ाकर पांच कर ली हैं. यह पार्टी के लिए संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने वाला परिणाम है. भाजपा ने छह सीटें जीतकर अपना पिछला आंकड़ा बरकरार रखा, लेकिन सपा की बढ़त और कुछ महत्वपूर्ण सीटों पर हार ने उसके सामने चुनौती जरूर खड़ी की है.

अखिलेश के लिए कितना बड़ा टॉनिक?

अखिलेश यादव अब इन नतीजों को भाजपा के खिलाफ जनता की नाराजगी के सबूत के रूप में पेश कर सकते हैं. इसका इस्तेमाल वह पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की राजनीति को धार देने में भी कर सकते हैं. एमएलसी चुनाव के नतीजे अखिलेश यादव के लिए राजनीतिक टॉनिक जरूर हैं, लेकिन 2027 की सत्ता का रास्ता अभी भी कई चुनौतियों से होकर गुजरता है. सपा को इस प्रदर्शन को विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की मजबूती, बूथ मैनेजमेंट और अपने सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने में बदलना होगा.

कुल मिलाकर, एमएलसी चुनाव ने अखिलेश यादव को भाजपा के खिलाफ हमला करने का नया हथियार दे दिया है. लेकिन असली परीक्षा 2027 के विधानसभा चुनाव में होगी. पांच सीटों की यह सफलता अगर सपा के लिए व्यापक जनसमर्थन में बदलती है, तभी इसे सत्ता परिवर्तन की आहट माना जा सकेगा. फिलहाल इतना जरूर है कि एमएलसी चुनाव के नतीजों ने यूपी की सियासत में 2027 की लड़ाई को और दिलचस्प बना दिया है.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||