साइबर फ्रॉड के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पूर्वी जिले की साइबर सेल की टीम ने ऑनलाइन धोखाधड़ी का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी हेल्थ सप्लीमेंट और दवाइयां बेचने के नाम पर ठगी करते थे। ये पंजाब के लोगों को निशाना बनाते थे। हेल्थ सप्लीमेंट और दवाएं देने के बहाने लोगों को ठगने के लिए ये फर्जी वेबसाइट का इस्तेमाल कर रहे थे।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम लेने और उसे ट्रांसफर करने में शामिल होने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वित्तीय लेनदेन, बैंक खातों की डिटेल और डिजिटल सबूतों की बारीकी से जांच करने के बाद आरोपियों की पहचान हुई। हितेन कुमार और आयुष आर्य (दोनों की उम्र 22 साल) को गिरफ्तार किया गया है।
यह मामला अमृतसर पंजाब के रहने वाले धर्मवीर सिंह की शिकायत से शुरू हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि एक वेबसाइट के जरिए हेल्थ सप्लीमेंट और दवाएं खरीदने के नाम पर उनके साथ ठगी की गई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने 27 सितंबर से 30 सितंबर के बीच हेल्थ सप्लीमेंट/दवाएं खरीदने के लिए कुल ₹83,257/- का ऑनलाइन भुगतान किया था। हालांकि, वादा किए गए उत्पाद कभी नहीं मिले। इसके बाद शिकायतकर्ता ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।