Image Slider

मसूरी । ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक सड़क हादसे में पिकअप गाड़ी के मालिक सतीश उर्फ सोनू (35) निवासी ग्राम महमूदपुर, नहटौर, बिजनौर की मौत हो गई, जबकि चालक कौशल (42) निवासी फिरोजपुर नहटौर, बिजनौर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा बागपत से दादरी की ओर जाने वाले मार्ग पर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे कट से करीब एक किलोमीटर पहले हुआ, जहां एक खराब खड़ी पिकअप में पीछे से वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप गाड़ी पलट गई और उसमें सवार दोनों लोग केबिन के अंदर ही फंस गए।


एसीपी मसूरी सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि रविवार तड़के करीब सवा चार बजे दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स तत्काल मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नेशनल हाईवे की मदद से हाइड्रा मशीन मंगवाई गई और पलटी हुई गाड़ी को सीधा कराया गया। पुलिस बल ने बड़ी सावधानी और मशक्कत के बाद गाड़ी के केबिन में फंसे दोनों घायलों को बाहर निकाला।

दोनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डासना भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद सतीश उर्फ सोनू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल चालक कौशल का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, आरोपी को जल्द चिन्हित किया जाएगा।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||