– तलहेटा गांव में पहली बार आयोजित हुआ किसान दिवस, डीएम से वार्ता के बाद किसानों ने खत्म किया धरना
– गन्ना किसानों के 21.65 करोड़ रुपये के बकाया ब्याज का दीपावली से पहले भुगतान कराने के निर्देश
– एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण जीतने वाली सिमरन और रजत पदक विजेता प्रदीप बनेंगे जिले के आइकॉन
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने नई पहल करते हुए किसान दिवस को विकास भवन सभागार से निकालकर सीधे गांव की चौपाल तक पहुंचा दिया। बुधवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में भोजपुर ब्लॉक के ग्राम तलहेटा में पहली बार किसान दिवस आयोजित किया गया। यहां अधिकारियों ने किसानों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। गन्ना किसानों के बकाया ब्याज भुगतान से लेकर बिजली, सिंचाई और राजस्व संबंधी शिकायतों पर चर्चा हुई। डीएम से बातचीत के बाद धरनारत किसानों ने भी अपना धरना समाप्त कर दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसानों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। इसी सोच के साथ किसान दिवस गांव में आयोजित किया गया, ताकि किसानों को अपनी शिकायत लेकर जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि किसानों के बीच, किसानों के साथ, किसानों की बात’ के मूल मंत्र के साथ यह पहल अगले महीने भी जारी रहेगी। अधिकारियों को आगामी किसान दिवस भी किसी गांव में आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। किसान दिवस में सिंचाई, विद्युत, खाद-बीज, राजस्व और गन्ना भुगतान सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को कहा। इस दौरान पहले से धरने पर बैठे किसानों के साथ भी संवाद किया गया।
जिलाधिकारी के आश्वासन और बातचीत के बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। किसानों ने गांव में किसान दिवस आयोजित करने की पहल के लिए डीएम, मुख्य विकास अधिकारी और उप कृषि निदेशक का आभार जताया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक आशीष कुमार सिंह सहित कृषि, उद्यान, सिंचाई, विद्युत, राजस्व, पशुपालन और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अंत में विजेंद्र सिंह चौधरी ने अधिकारियों और किसानों का आभार व्यक्त किया। गांव में किसान दिवस की पहल को प्रशासन और किसानों के बीच सीधा संवाद बढ़ाने तथा समस्याओं के समयबद्ध समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

दीपावली से पहले 21.65 करोड़ रुपये के ब्याज भुगतान के निर्देश
किसान दिवस में गन्ना किसानों के बकाया भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठा। जिलाधिकारी ने चीनी मिलों पर किसानों के बकाया ब्याज की 21.65 करोड़ रुपये की धनराशि दीपावली से पहले दिलाने के लिए जिला गन्ना अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को उनके बकाया भुगतान के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और इस संबंध में जरूरी कार्रवाई समय से पूरी की जाए। विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर भी डीएम ने नाराजगी जताई। किसान दिवस में बिजली संबंधी समस्याओं पर अधिशासी अभियंता द्वारा समुचित जानकारी नहीं दिए जाने पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई।
डीएम ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी को अपने विभाग से संबंधित शिकायतों की पूरी जानकारी होनी चाहिए। किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना और उनका समाधान करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर एक सप्ताह के भीतर शिकायतकर्ता से संपर्क किया जाए और समस्या का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए। पिछली किसान दिवस की शिकायतों की निस्तारण आख्या प्रस्तुत नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए।
सिमरन और प्रदीप की उपलब्धि पर जिले को गर्व, सम्मानित होंगे खिलाड़ी
किसान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने एशियन पैरा गेम्स-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के दो खिलाडिय़ों को भी बधाई दी। जापान में आयोजित प्रतियोगिता में मोदीनगर की सिमरन शर्मा ने महिलाओं की 200 मीटर दौड़ 24.80 सेकंड में पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, मुरादनगर निवासी प्रदीप कुमार ने एफ-54 वर्ग की भाला फेंक स्पर्धा में 27.45 मीटर का प्रदर्शन कर रजत पदक हासिल किया।
डीएम ने कहा कि दोनों खिलाडिय़ों की उपलब्धि पूरे जनपद के लिए गौरव की बात है। उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शासन स्तर से घोषित सुविधाओं और सहायता को तत्काल प्रभाव से लागू कराने का प्रयास किया जाएगा। निर्वाचन कार्यों के समापन के बाद दोनों खिलाडिय़ों को जिला आइकॉन के रूप में सम्मानित किया जाएगा और प्रशासनिक गतिविधियों से भी जोड़ा जाएगा।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


