– 700 मीटर के अंडरपास की फिनिशिंग तेज, स्ट्रीट लाइट और रैंप पर शेड लगाने का काम अंतिम चरण में
– 100 करोड़ की परियोजना से गौड़ सिटी समेत आसपास की सोसाइटियों के सफर को मिलेगी रफ्तार
– कई बार बढ़ी समयसीमा, अब दिवाली से पहले अंडरपास चालू करने की तैयारी
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौड़ चौक पर बनकर तैयार हुआ अंडरपास दिवाली से पहले आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी है। करीब 700 मीटर लंबे इस अंडरपास का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब सड़क पर मार्किंग, स्ट्रीट लाइट, रैंप पर शेड लगाने और अन्य फिनिशिंग के काम तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। इसके शुरू होने से गौड़ सिटी और आसपास की सोसाइटियों में रहने वाले दो लाख से अधिक लोगों को रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
गौड़ चौक ग्रेटर नोएडा वेस्ट का प्रमुख यातायात केंद्र है। यहां वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण पीक आवर्स में लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। इसी समस्या से निजात दिलाने के लिए ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने अंडरपास का निर्माण कराया है। इसके चालू होने से चौक पर यातायात का दबाव कम करने और वाहनों की आवाजाही सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
अंडरपास का निर्माण करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। इसे पहले जनवरी 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। इसके बाद निर्माण की समयसीमा 30 जून और फिर 15 अगस्त तय की गई, लेकिन विभिन्न कारणों से काम निर्धारित समय पर पूरा नहीं हो सका। बारिश, रैंप पर शेड लगाने में देरी और भूमिगत यूटिलिटी लाइनों को शिफ्ट करने की वजह से परियोजना की समयसीमा बढ़ानी पड़ी।
फिनिशिंग के काम तेजी से पूरे किए जा रहे
अंडरपास का मुख्य सिविल निर्माण पूरा होने के बाद अब इसे यातायात के लिए तैयार किया जा रहा है। सड़क पर मार्किंग, स्ट्रीट लाइट लगाने और रैंप पर पॉलीकार्बोनेट शीट की रूफिंग सहित अन्य जरूरी काम किए जा रहे हैं। बारिश का पानी अंडरपास में प्रवेश करने से रोकने के लिए शेड लगाने का काम भी लगभग पूरा हो चुका है। अथॉरिटी की कोशिश है कि शेष कार्य जल्द पूरा कर अंडरपास को चालू किया जाए।
जाम से मिलेगी राहत
गौड़ चौक पर जाम की समस्या का सामना करने वाले लोगों को अंडरपास शुरू होने का लंबे समय से इंतजार है। खासकर गौड़ सिटी और आसपास की आवासीय सोसाइटियों से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और अन्य क्षेत्रों की ओर आने-जाने वाले लोगों को इसका फायदा मिलने की उम्मीद है। अंडरपास चालू होने से चौक पर वाहनों के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी और लोगों के आवागमन का समय भी बच सकता है।

सीईओ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण
ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के सीईओ एनजी रवि कुमार ने बताया कि अंडरपास का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। फिनिशिंग के काम तेजी से कराए जा रहे हैं, ताकि इसे जल्द से जल्द आम लोगों के लिए खोला जा सके। अब दिवाली से पहले अंडरपास शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


