Image Slider

Tiger Shroff Shooting: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की निंदा की है. मुख्यमंत्री ने 19 अक्टूबर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है. उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया है. पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं. हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “यह एक बहुत ही गंभीर और निंदनीय मामला है. मुंबई पुलिस ने इसे बहुत गंभीरता से लिया है. पुलिस को हमलावरों के बारे में कुछ सुराग मिले हैं. उन्हीं के आधार पर मुंबई पुलिस काम कर रही है. हमलावरों की पहचान भी कर ली गई है और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.”

सीएम फडणवीस ने चेतावनी दी कि कोई भी गैंग हो या कोई भी व्यक्ति हो, किसी को छोड़ा नहीं जाएगा. अगर कोई धमकियां देकर कोई डराने का काम करता है, तो मुंबई पुलिस जानती है कि उसे कैसे सीधा करना है. उन्होंने आगे कहा, “हम हमलावरों के आकाओं को भी ढूंढ निकालेंगे. विशेष रूप से इनमें से कोई भी महाराष्ट्र के भीतर से काम नहीं करता है. जो लोग महाराष्ट्र से काम कर रहे थे, उन्हें हमने पहले ही गिरफ्तार कर लिया है. ये लोग महाराष्ट्र के बाहर या देश के बाहर से ऑपरेट कर रहे हैं.”

फडणवीस ने कहा, “हम उन राज्यों के साथ समन्वय कर रहे हैं, जहां से वे ऑपरेट कर रहे हैं. जो सरगना विदेश से ऑपरेट कर रहे हैं, वहां पर केंद्र सरकार की मदद लेकर हम उन्हें ढूंढ निकालेंगे. ये लोग (हमलावर) डरपोक हैं और छिपकर हमला करने की कोशिश करते हैं, लेकिन इनके हमलों को नाकाम किया जाएगा.”

देवेंद्र फडणवीस ने अपने बयान में कहा, “उनके (हमलावर) आका चाहे कहीं भी छिपे हों, पूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा, लेकिन हम निश्चित रूप से परिणाम लाएंगे. मुंबई पुलिस ने पहले भी साबित किया है कि ऐसे अपराधी दुनिया में कहीं भी छिप जाएं, मुंबई पुलिस उन्हें ढूंढ निकालती है और बाहर ले आती है. इस घटना से जुड़े हर पहलू का विश्लेषण किया जाएगा. जो भी जरूरी कदम उठाने होंगे, वे उठाए जाएंगे. मेरा मानना ​​है कि मुंबई पुलिस एक बेहद पेशेवर फोर्स है, और इस तरह की घटना के बाद वे सभी जरूरी कदम उठाएंगे.”

इसी बीच, मुख्यमंत्री फडणवीस ने विरोधी दलों को भी जवाब दिया. उन्होंने कहा, “विपक्षी पार्टियां टारगेट (सरकार को) करने का काम कर रही हैं. वह पहले अपने गिरेबां में झांककर देखें. ये वही लोग हैं, जिनके कार्यकाल में स्वयं सरकार अपनी पुलिस से हत्याएं करवाती थी. शायद विपक्ष मनसुख हिरेन की हत्या की घटना को भूल गया है. शायद ये भूल गए कि किस तरह इन्होंने ट्रांसफर और पोस्टिंग में पैसा खाया था. किस प्रकार से इनके मंत्रियों को जेल में जाना पड़ा था. किस प्रकार से देश के सबसे बड़े उद्योगपति भी पिछली सरकार (उद्धव ठाकरे सरकार) के कार्यकाल में सुरक्षित नहीं थी.”

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||