Image Slider

लोनी। लोनी बॉर्डर थानाक्षेत्र की कृष्णा विहार कॉलोनी में नामी कंपनी के नाम पर कथित तौर पर नकली टोटियां और मिक्सचर तैयार करने का मामला सामने आया है। कंपनी के प्रतिनिधि की शिकायत पर पुलिस ने फैक्टरी में छापा मारकर 436 टोटियां बरामद की हैं। आरोप है कि इन उत्पादों को असली बताकर बाजार में बेचने और सप्लाई करने की तैयारी थी।


पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर निवासी सतविंदर राणा मोहाली स्थित आरके एसोसिएट्स में ऑपरेशन मैनेजर हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी के नाम से कुछ लोग नकली उत्पाद बनाकर बेच रहे हैं। उन्हें सूचना मिली कि कृष्णा विहार की गली नंबर-12, फेज-दो में कंपनी के नाम का इस्तेमाल कर नकली टोटियां बनाई जा रही हैं। सतविंदर राणा अपने सहयोगी रचना कपूर और विशाल जोशी के साथ लोनी बॉर्डर थाने पहुंचे। इसके बाद पुलिस टीम को साथ लेकर बताए गए पते पर छापा मारा गया। वहां एक व्यक्ति कर्मचारियों के साथ टोटियां बनाता मिला। उसने अपना नाम राम आशीष बताया और खुद को फैक्टरी का मालिक बताया। जांच के दौरान मौके से 272 बिब कॉक, 159 एंगल कॉक और पांच मिक्सचर समेत कुल 436 उत्पाद मिले। सभी उत्पाद नकली पाए गए। फैक्टरी मालिक से संबंधित दस्तावेज भी नहीं दिखा सका। पुलिस ने बरामद सामान को सील कर कब्जे में ले लिया। नमूने और असली उत्पाद भी अलग-अलग सील किए गए। शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||