Image Slider




– स्वास्थ्य विभाग घर-घर पहुंचकर करेगा स्क्रीनिंग, आशा वर्करों की भी ली जाएगी मदद


संवाद न्यूज एजेंसी

फरीदाबाद। टीबी की बीमारी पर नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में डोर-टू-डोर अभियान चलेगा। अभियान में स्वास्थ्यकर्मी घर-घर पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग करेंगे और टीबी के संभावित मरीजों की पहचान होगी। इसके साथ ही पहले से उपचार ले रहे टीबी मरीजों की भी निगरानी की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे नियमित रूप से दवाइयां ले रहे हैं या नहीं। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों से टीबी से जुड़े लक्षणों के बारे में जानकारी लेगी। लंबे समय से खांसी, वजन कम होना, रात में पसीना आना, बुखार या कमजोरी जैसे लक्षण मिलने पर संबंधित व्यक्ति की जांच कराने के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा जाएगा। समय पर मरीज की पहचान होने से उसका उपचार जल्द शुरू किया जा सकेगा और संक्रमण को फैलने से रोकने में भी मदद मिलेगी।

विभाग का विशेष ध्यान ऐसे मरीजों पर रहेगा, जिनका पहले से टीबी का इलाज चल रहा है। स्वास्थ्यकर्मी यह जानकारी जुटाएंगे कि मरीज समय पर दवा ले रहा है या नहीं। दवा बीच में छोड़ने वाले मरीजों से संपर्क कर उन्हें नियमित उपचार के लिए जागरूक किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि टीबी का पूरा उपचार नहीं लेने से मरीज की समस्या गंभीर हो सकती है और संक्रमण फैलने का खतरा भी बना रहता है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए आशा वर्करों के साथ अन्य स्वास्थ्यकर्मियों और स्थानीय स्तर पर सहयोग करने वाले लोगों की भी मदद ली जाएगी।

घर-घर संपर्क के दौरान मरीजों की जानकारी जुटाकर विभाग की निगरानी व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। इससे उपचार के दौरान मरीजों का नियमित फॉलोअप किया जा सकेगा और जरूरत पड़ने पर उन्हें स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में भी सहायता मिलेगी। – डॉ. हरजिंदर, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||