-130 मीटर रोड से सिरसा ट्रकर्स प्वाइंट तक नए ठिकाने तलाशे, ईस्ट-वेस्ट में चार्जिंग नेटवर्क होगा मजबूत
-39 नए ईवी चार्जिंग स्टेशन को मंजूरी, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बनेंगे 10 सार्वजनिक स्टेशन
-ई-बसों के साथ इलेक्ट्रिक भारी वाहनों पर भी फोकस, सिरसा में एक्सप्रेसवे यात्रियों को मिलेगी चार्जिंग सुविधा
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या और ई-बसों के संचालन को देखते हुए ग्रेटर नोएडा में चार्जिंग नेटवर्क को मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। प्रधानमंत्री ई-ड्राइव योजना के तहत जिले में 39 ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की मंजूरी प्रदेश सरकार की ओर से दी गई है। इसके बाद ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट क्षेत्र में नए चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए स्थान चिह्नित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। शहर की 130 मीटर चौड़ी सड़क के अलावा सूरजपुर-कासना मार्ग, नॉलेज पार्क और सिरसा ट्रकर्स प्वाइंट पर भी चार्जिंग सुविधा विकसित करने की तैयारी है।
ग्रेटर नोएडा में वर्तमान में पांच से अधिक स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन संचालित हो रहे हैं। शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्राधिकरण की ओर से फिलहाल 25 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा रही हैं। आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से ई-बसों की संख्या बढ़ाने की योजना है। ऐसे में बसों के साथ-साथ निजी इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए भी पर्याप्त चार्जिंग सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक कासना बस डिपो में स्थापित चार्जिंग स्टेशन अब पूरी तरह चालू हो चुका है। यहां सात चार्जिंग मशीनें लगाई गई हैं, जिनसे एक साथ 14 इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज किया जा सकता है। इसके अलावा सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क के पास और नॉलेज पार्क में इंडिया एक्सपो मार्ट के आसपास भी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं। इनका संचालन करीब एक साल से किया जा रहा है।
सिरसा ट्रकर्स प्वाइंट पर भारी वाहनों को भी सुविधा
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर ग्रेटर नोएडा के सिरसा इंटरचेंज के पास बने ट्रकर्स प्वाइंट पर भी ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की तैयारी है। यहां इलेक्ट्रिक भारी वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। इसे देखते हुए ट्रकर्स प्वाइंट पर चार्जिंग सुविधा उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। इससे एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले इलेक्ट्रिक भारी वाहनों को चार्जिंग की सुविधा मिलेगी। साथ ही आसपास के सेक्टरों और गांवों में रहने वाले इलेक्ट्रिक वाहन मालिक भी इसका लाभ उठा सकेंगे।
चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाने के लिए 130 मीटर चौड़ी सड़क, सूरजपुर-कासना मार्ग, नॉलेज पार्क समेत कई अन्य स्थानों पर जमीन चिह्नित की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि चार्जिंग नेटवर्क के विस्तार से इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करने में आ रही परेशानी कम होगी। इससे शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को भी बढ़ावा मिलेगा।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 10 स्टेशन बनेंगे
ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र में भी 10 नए ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। प्राधिकरण के अर्बन सर्विसेज विभाग ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। प्रत्येक चार्जिंग स्टेशन पर दो या उससे अधिक चार्जिंग प्वाइंट उपलब्ध कराने की योजना है। फिलहाल ग्रेटर नोएडा वेस्ट में प्राधिकरण की ओर से सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन की सुविधा उपलब्ध नहीं है।
हालांकि, नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) की ओर से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की छह से अधिक हाउसिंग सोसाइटियों में ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाए जा चुके हैं। प्राधिकरण की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर स्टेशन विकसित किए जाने के बाद सोसाइटियों के बाहर भी इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को चार्जिंग की सुविधा आसानी से मिल सकेगी। ई-बसों और निजी इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ शहर में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


