Image Slider

होमताजा खबरदेशकार की छत पर चिपका रहा पुलिसवाला, 40 KM तक चला पीछा, पकड़ा 300 KG गुटखा

Last Updated:

Coimbatore Car Chase: तमिलनाडु के कोयंबटूर में गुटखा तस्करों को पकड़ने के लिए पुलिसवाले ने ऐसा पीछा किया, जिसका वीडियो अब चर्चा में है. पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए आरोपी कार दौड़ाते रहे, लेकिन हेड कॉन्स्टेबल वेलमुरुगन चलती कार की छत पर चढ़ गए और करीब 40 किलोमीटर तक उसे पकड़े रहे. आखिरकार पुलिस और एंबुलेंस ने कार को घेरकर रोक लिया. तलाशी में कार से करीब 300 किलो गुटखा बरामद हुआ है.

कार की छत पर चिपका रहा पुलिसवाला, 40 KM तक चला पीछा, पकड़ा 300 KG गुटखाZoom

कोयंबटूर में गुटखा तस्करों को पकड़ने के लिए पुलिस ने करीब 40 किलोमीटर तक पीछा किया.

तमिलनाडु के कोयंबटूर में सड़क पर अचानक ऐसा नजारा दिखा, जिसने राह चलते लोगों को मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने पर मजबूर कर दिया. यहां एक तेज रफ्तार कार सड़क पर दौड़ रही थी और उसकी छत पर एक पुलिसकर्मी जान हथेली पर रखकर चिपका हुआ था. कार में बैठे लोग रुकने को तैयार नहीं थे और पुलिसकर्मी भी उन्हें छोड़ने के मूड में नहीं था. करीब 40 किलोमीटर तक चले इस खतरनाक पीछा का अंत तब हुआ, जब पुलिस और एंबुलेंस की टीम ने कार को चारों तरफ से घेर लिया. कार रुकते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तीनों को दबोच लिया. तलाशी में कार से करीब 300 किलो गुटखा और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद बरामद हुए.

बोरियों ने खोला राज, पुलिस ने रोकी कार

यह मामला कोयंबटूर के कोविलपालयम इलाके से शुरू हुआ. पुलिस की टीम यहां गाड़ियों की जांच कर रही थी. इसी दौरान एक कार को रोका गया. कार के पिछले हिस्से में कई बोरियां रखी थीं, जिन्हें देखकर पुलिस को शक हुआ. सब इंस्पेक्टर ने जैसे ही बोरियों की जांच करने की कोशिश की, कार में बैठे तीनों लोगों ने पुलिसकर्मियों को धक्का दिया. इसके बाद उन्होंने कार के दरवाजे अंदर से लॉक कर लिए और अचानक गाड़ी दौड़ा दी. पुलिस को समझ आ गया कि मामला सिर्फ सामान्य सामान का नहीं है.

भागती कार को पकड़ने पुलिसकर्मी ने लगाई छलांग

कार रफ्तार पकड़ चुकी थी. तभी हेड कॉन्स्टेबल वेलमुरुगन ने जोखिम उठाते हुए चलती कार की छत पर छलांग लगा दी. कार चालक ने न तो ब्रेक लगाया और न ही गाड़ी रोकने की कोशिश की. इसके उलट वह कार को लगातार तेज रफ्तार से भगाता रहा. इस दौरान कार की छत पर वेलमुरुगन चिपके रहे. यह मंजर किसी फिल्म के एक्शन सीन जैसा लग रहा था.

40 KM तक चली ‘छत वाली चेज’

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कार कोयंबटूर के कई इलाकों से गुजरती हुई विलांकुरिची, कलापट्टी फोर रोड्स और चित्रा की तरफ बढ़ी. इसके बाद आरोपी कनियूर टोल प्लाजा तक पहुंच गए. यहां भी कार नहीं रुकी. ड्राइवर ने FASTag से टोल का पेमेंट किया और बैरियर पार करते ही फिर रफ्तार बढ़ा दी. इसी दौरान सड़क पर मौजूद लोगों ने कार की छत पर पुलिसकर्मी को देखा. कई लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया. देखते ही देखते पुलिस की यह खतरनाक चेज चर्चा में आ गई.

पीछे पुलिस की गाड़ियां, साथ में दौड़ती रहीं एंबुलेंस

पुलिस ने तुरंत आसपास के थानों को सूचना दी. तिरुपुर जिले की पुलिस को भी अलर्ट किया गया. हालात को देखते हुए कई एंबुलेंस को भी पीछा करने वाली टीम में शामिल किया गया, ताकि अगर कार की छत पर मौजूद पुलिसकर्मी के साथ कोई हादसा हो तो तुरंत मेडिकल मदद मिल सके. करीब 40 किलोमीटर की दौड़ के बाद कार अविनाशी इलाके में अन्नपूर्णा होटल के पास पहुंची. यहीं पुलिस ने पूरा जाल बिछा दिया.

चारों तरफ से घिरी कार, फिर भागने लगे आरोपी

पुलिस की गाड़ियों और एंबुलेंस ने कार को घेर लिया. रास्ता बंद देखकर आखिरकार चालक को गाड़ी रोकनी पड़ी. लेकिन कार रुकते ही तीन आरोपियों ने भागने की कोशिश की. पुलिस ने एक आरोपी को तुरंत पकड़ लिया, जबकि दो अन्य भाग निकले. इसके बाद पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया और दोनों को भी पकड़ लिया. पुलिस ने कार को जब्त कर लिया.

कार में था 300 किलो गुटखा

तलाशी के दौरान कार से करीब 300 किलो गुटखा और दूसरे प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद बरामद हुए. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाबू धारा (27), राजेश (23) और सुरेश (20) के रूप में की है. तीनों राजस्थान के रहने वाले बताए गए हैं. पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे यह खेप बेंगलुरु से कोयंबटूर लेकर जा रहे थे. वहां इसकी डिलीवरी की जानी थी. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कौन लोग हैं और प्रतिबंधित तंबाकू की सप्लाई का नेटवर्क कितना बड़ा है.

About the Author

authorimg

साद बिन उमर

साद बिन उमर मीडिया इंडस्ट्री में 15 साल से अधिक के अनुभव वाले सीनियर पत्रकार हैं. वह अभी News18 Hindi (hindi.news18.com) से जुड़े हैं, जहां वे होम पेज डेस्क पर काम करते हैं.

कहां से …

और पढ़ें

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||