- सेक्टर-63 के जी ब्लॉक में निर्माण शुरू, सेक्टर-15, 62 और 124 में इसी महीने काम शुरू होने की उम्मीद
- चार मंजिला ऑटोमेटिक पार्किंग में लिफ्ट से खुद तय स्थान पर पहुंचेगा वाहन
- व्यस्त इलाकों में सड़क किनारे खड़े वाहनों से मिलेगी राहत, सीमित जमीन में बढ़ेगी पार्किंग क्षमता
उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। शहर में बढ़ती पार्किंग की समस्या से लोगों को राहत देने के लिए नोएडा अथॉरिटी ने पजल पार्किंग का निर्माण शुरू कर दिया है। शहर के चार व्यस्त इलाकों में अत्याधुनिक ऑटोमेटिक पजल पार्किंग बनाई जाएंगी। इनमें से सेक्टर-63 के जी ब्लॉक में पजल पार्किंग का निर्माण शुरू हो चुका है, जबकि बाकी तीन स्थानों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कंपनी को काम अवार्ड कर दिया गया है। इन तीनों पार्किंग का निर्माण भी इसी महीने शुरू होने की उम्मीद है। अथॉरिटी की योजना के तहत चारों स्थानों पर करीब 100-100 वाहनों की क्षमता वाली पजल पार्किंग विकसित की जाएगी। इस तरह चारों पार्किंग तैयार होने के बाद एक साथ करीब 400 गाड़ियों को पार्क करने की सुविधा उपलब्ध होगी। इन पार्किंग को ऐसे स्थानों पर बनाया जा रहा है, जहां वाहनों की संख्या अधिक है और पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण लोग सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी करने को मजबूर होते हैं।
पजल पार्किंग पूरी तरह ऑटोमेटिक सिस्टम पर आधारित होगी। प्रस्तावित पार्किंग करीब चार फ्लोर की होगी और प्रत्येक फ्लोर पर लगभग 25 वाहनों को खड़ा करने की क्षमता होगी। इसमें वाहन चालकों को अपनी गाड़ी लेकर पार्किंग के अलग-अलग फ्लोर पर जाने या खाली जगह तलाशने की जरूरत नहीं होगी। पार्किंग के एंट्रेस गेट पर वाहन खड़ा करने के बाद सिस्टम के माध्यम से उसे निर्धारित स्थान तक पहुंचाया जाएगा। लिफ्ट के जरिए वाहन संबंधित फ्लोर पर जाएगा और जिस स्थान पर पार्किंग की जगह उपलब्ध होगी, सिस्टम गाड़ी को वहां अपने आप पार्क कर देगा। इसी तरह वाहन निकालते समय भी ऑटोमेटिक सिस्टम के जरिए गाड़ी को एंट्रेस एरिया तक लाया जाएगा।
नोएडा अथॉरिटी ने शहर के चार ऐसे स्थानों का चयन किया है, जहां पार्किंग की समस्या ज्यादा है। इनमें सेक्टर-63 के जी ब्लॉक में पार्किंग का निर्माण शुरू हो चुका है। इसके अलावा सेक्टर-15 में अलका सिनेमा के पास, सेक्टर-124 में डेल कंपनी के पास और सेक्टर-62 में पजल पार्किंग बनाई जाएगी। सेक्टर-15, सेक्टर-124 और सेक्टर-62 की परियोजनाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर संबंधित कंपनियों को काम अवार्ड कर दिया गया है। अथॉरिटी के अधिकारियों के मुताबिक, इन तीनों स्थानों पर इसी महीने निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
शहर के कई व्यस्त इलाकों में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग सड़कों के किनारे वाहन खड़े कर देते हैं। इससे कई बार यातायात प्रभावित होता है और सड़क की उपलब्ध चौड़ाई भी कम हो जाती है। खासकर व्यावसायिक क्षेत्रों और प्रमुख बाजारों में पार्किंग की समस्या ज्यादा देखने को मिलती है। अथॉरिटी ने इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पजल पार्किंग के लिए ऐसे स्थानों का चयन किया है, जहां वाहनों का दबाव अधिक है और जमीन की उपलब्धता सीमित है। कम जमीन में ज्यादा वाहनों को पार्क करने की सुविधा मिलने से इन क्षेत्रों में सड़क किनारे खड़े होने वाले वाहनों की संख्या कम होने की उम्मीद है।
दिल्ली के कई इलाकों में जगह की कमी को देखते हुए पजल पार्किंग का इस्तेमाल किया जा रहा है। अब नोएडा में भी पहली बार इस तकनीक को बड़े स्तर पर अपनाया जा रहा है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि सीमित जमीन में बहुमंजिला ढांचे के जरिए अधिक वाहनों को खड़ा किया जा सकेगा। पजल पार्किंग प्रोजेक्ट के नोडल अधिकारी आरके शर्मा ने बताया कि सेक्टर-63 के जी ब्लॉक में बनने वाली पार्किंग का निर्माण शुरू हो गया है और काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने बताया कि सेक्टर-15, सेक्टर-124 और सेक्टर-62 की पार्किंग के लिए टेंडर फाइनल कर कंपनी को काम अवार्ड कर दिया गया है।
इन परियोजनाओं पर भी इसी महीने से काम शुरू किया जाएगा। अथॉरिटी अधिकारियों के मुताबिक, चार स्थानों पर पजल पार्किंग के निर्माण के बाद शहर में पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इसके बाद जरूरत के अनुसार अन्य व्यस्त क्षेत्रों में भी ऐसी पार्किंग विकसित करने की संभावनाओं पर विचार किया जा सकता है। फिलहाल अथॉरिटी का फोकस चयनित चार स्थानों पर निर्माण कार्य को समय पर पूरा कराने और लोगों को जल्द से जल्द पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने पर है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||

