Image Slider

Last Updated:

Chhotpur Colony Electricity Connection: नोएडा के सेक्टर-63 स्थित चोटपुर कॉलोनी के बाशिंदों के लिए बिजली कनेक्शन की शुरुआत एक बड़ी उम्मीद लेकर आई है, लेकिन 40 हजार से अधिक घरों की जरूरत के मुकाबले मौजूदा रफ्तार ने स्थानीय लोगों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं. राहत और भारी जद्दोजहद के बीच कैंपों में सुबह से लंबी कतारें लग रही हैं, जहां लोग अपने काम-धंधे छोड़कर टोकन की आस में खड़े नजर आ रहे हैं.

नोएडा सेक्टर-63 स्थित चोटपुर कॉलोनी में बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया शुरू होने के बाद लोगों को राहत की उम्मीद जगी है, लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल कनेक्शन की रफ्तार को लेकर है. स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब पांच दिनों में लगभग 1100 कनेक्शन या टोकन की प्रक्रिया पूरी करके कनेक्शन पूरे किए गए हैं, जबकि कॉलोनी में करीब 40 हजार से अधिक घर बताए जा रहे हैं, जहां अभी बिजली कनेक्शन की जरूरत है. इस हिसाब से मौजूदा रफ्तार और कुल संख्या के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अगर इसी गति से प्रक्रिया चलती रही तो पूरी कॉलोनी को कनेक्शन मिलने में कितना समय लगेगा.

काम-धंधा छोड़कर कतारों में खड़े होने को मजबूर लोग
कनेक्शन के लिए कैंप पर पहुंच रहे लोगों को फिलहाल लंबी कतारों और इंतजार का सामना करना पड़ रहा है. पुष्पा देवी ने बताया कि वह काम-धंधा छोड़कर सुबह करीब 10 बजे से लाइन में खड़ी थीं, लेकिन उन्हें टोकन नहीं मिला था. जयंती बेहेरा भी पहली बार कनेक्शन के लिए पहुंचीं और लंबे समय तक लाइन में खड़े रहने की परेशानी बताई. लोगों के सामने रोजमर्रा का काम छोड़कर कैंप तक पहुंचने की मजबूरी भी है.

राहत की उम्मीद और विभाग की सीमाएं
वहीं पूनम देवी ने बिजली कनेक्शन शुरू होने को राहत की खबर बताया. उनका कहना है कि अब घर में मीटर लगने की उम्मीद से लोगों को चैन से रहने की उम्मीद जगी है. स्थानीय लोगों के मुताबिक अभी प्रतिदिन कितने टोकन या कनेक्शन जारी किए जा रहे हैं, इसे लेकर भी स्पष्ट जानकारी सभी को नहीं है. पूनम देवी ने कहा कि विभाग के कर्मचारियों का भी निर्धारित काम का समय है और प्रक्रिया समय के अनुसार आगे बढ़ेगी. उनका कहना था कि कोई भी काम एक साथ पूरा नहीं होता, बल्कि धीरे-धीरे होता है.

नंबर आने की अनिश्चितता और बढ़ती भीड़
हालांकि जयंती ने बताया कि लंबी लाइन में खड़े लोगों को यह जानकारी नहीं रहती कि उनका नंबर कब आएगा. ऐसे में करीब 40 हजार घरों की संख्या को देखते हुए मौजूदा व्यवस्था की क्षमता और रोजाना होने वाले कनेक्शनों की संख्या अहम हो जाती है.

भीड़ नियंत्रण के लिए अब तीन बिजलीघरों पर कैंप
कॉलोनी के स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि भीड़ को देखते हुए कनेक्शन प्रक्रिया को तेज करने के लिए कैंपों की संख्या बढ़ाई गई है. आदेश यादव ने बताया कि पहले एक स्थान पर भीड़ अधिक थी, जिसके बाद तीन जगह कैंप लगाए जाने की व्यवस्था की गई. उनके मुताबिक इससे लोगों को राहत मिली है और बिजली विभाग पर पड़ने वाला लोड भी अलग-अलग जगहों पर बंटेगा.

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की पहल
सुमेर सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों की समस्या विधायक के संज्ञान में लाई गई थी, जिसके बाद बिजली विभाग को कैंपों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए. अब J-ब्लॉक बिजलीघर, A-ब्लॉक बिजलीघर और G-ब्लॉक बिजलीघर पर कैंप लगाए जा रहे हैं. इस बारे में जब हमने SDO कमर्शियल एसएन पांडे से बात की तो उन्होंने बताया कि अब एक की जगह तीन जगह कनेक्शन देने की प्रक्रिया को शुरू किया गया है. इससे न सिर्फ लोगों को राहत मिलेगी बल्कि इसकी रफ्तार भी बढ़ेगी. आपको बता दें कि फिलहाल कनेक्शन दिए जा रहे हैं और यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद मीटर लगाने का काम तेजी से होगा.

About the Author

Rahul Goel

Rahul Goel is a senior journalist with over 15 years of experience in print and digital media. He currently serves as a Coordinator and Publisher at News18 Hindi, managing State and Local18 content operations a…

और पढ़ें

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||