-यूटर्न और सर्विस रोड का काम इसी माह पूरा होने की उम्मीद, दीवाली से पहले अंडरपास शुरू करने की तैयारी
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चार मूर्ति यानी गौड़ चौक से तिगरी के बीच रोजाना लगने वाले जाम से वाहन चालकों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। अथॉरिटी की ओर से 60 मीटर चौड़ी सड़क पर यूटर्न बनाने के साथ दोनों तरफ सर्विस रोड को चौड़ा किया जा रहा है। दोनों काम इसी माह पूरे होने की संभावना है। यूटर्न के रास्ते में आने वाले पेड़ को स्थानांतरित करने के बाद इसे यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। चार मूर्ति चौक पर निर्माणाधीन अंडरपास का मुख्य काम पूरा हो चुका है। फिलहाल प्रवेश और निकास द्वार पर शेड लगाने के साथ फिनिशिंग का काम चल रहा है। परीक्षण के बाद इसे दीवाली से पहले वाहनों के लिए खोलने की तैयारी है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक दबाव को देखते हुए अथॉरिटी मुख्य सड़कों को चौड़ा करने और प्रमुख स्थानों पर नए यूटर्न तैयार करने पर जोर दे रही है। वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर ने बताया कि चार मूर्ति-तिगरी के बीच यूटर्न और सर्विस रोड का काम अगले कुछ दिनों में पूरा हो जाएगा। सर्विस रोड चौड़ी होने के बाद दोनों तरफ दो-दो लेन हो जाएंगी।
नए यूटर्न से गौड़ सिटी और आसपास की 20 से अधिक सोसाइटियों के लोगों को विशेष फायदा होगा। गौर सिटी-1 और 2 के अलावा क्रॉसिंग रिपब्लिक, गाजियाबाद की ओर जाने वाले लोग भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। सुबह से देर रात तक वाहनों का दबाव अधिक रहने से यहां जाम लगता है। खजूर चौक के पास तिगरी गोलचक्कर से पहले बनने वाले यूटर्न से गौड़ सिटी-2 की तरफ आना-जाना आसान होगा। अभी वाहन चालकों को तिगरी गोलचक्कर से घूमकर जाना पड़ता है। यूटर्न शुरू होने से तिगरी गोलचक्कर पर दबाव घटेगा और एनएच-24 के जरिये गाजियाबाद जाना भी आसान होगा।
ग्रेनो वेस्ट में पांच से ज्यादा नए यूटर्न
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में अब तक पांच से अधिक नए यूटर्न तैयार हो चुके हैं। इनमें गौड़ चौक-इटेड़ा गोलचक्कर के बीच दो, इटेड़ा-एकमूर्ति गोलचक्कर के बीच दो और एकमूर्ति-रोजा गोलचक्कर के बीच एक यूटर्न शामिल है। चार यूटर्न पहले से बने हुए हैं।

सीईओ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण
“ट्रैफिक जाम से राहत के लिए मुख्य सड़कों को चौड़ा करने के साथ यूटर्न बनाए जा रहे हैं। चार मूर्ति-तिगरी के बीच सर्विस रोड चौड़ी करने और यूटर्न बनाने का काम चल रहा है। इससे वाहन चालकों को काफी राहत मिलेगी। अंडरपास का काम भी अंतिम चरण में है।”
-एनजी रवि कुमार, सीईओ, ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


