Image Slider

नई दिल्ली (UP Home Guard Physical Exam Postponed). उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए जरूरी अपडेट है. बारिश और मौसम का मिजाज देखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. उत्तर प्रदेश में होमगार्ड के हजारों पदों पर भर्ती के लिए जो शारीरिक दक्षता परीक्षा 14 सितंबर से होने वाली थी, उसे फिलहाल टाल दिया गया है. कई जिलों में परीक्षा केंद्रों के आस-पास पानी भर जाने के कारण अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सहूलियत को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है.

इस भर्ती के जरिए उत्तर प्रदेश में होमगार्ड के कुल 41,424 पद भरे जाएंगे. इसके लिए लाखों युवाओं ने आवेदन किया है. फिजिकल टेस्ट किसी भी डिफेंस या पुलिस भर्ती का सबसे अहम चरण होता है. इसमें दौड़ और अन्य शारीरिक मानक परखे जाते हैं. बारिश और जलभराव के बीच मैदानों में दौड़ना अभ्यर्थियों के लिए रिस्की हो सकता था. इसीलिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड ने सूझबूझ दिखाते हुए परीक्षा स्थगित करने का उचित निर्णय लिया है.

UP Home Guard Physical Exam 2026: भारी बारिश के चलते परीक्षा स्थगित, जानें अपडेट

यूपी होमगार्ड भर्ती 2026 के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा कब होगी और नोटिफिकेशन कहां चेक करें, इससे जुड़े अपडेट्स uppbpb.gov.in पर चेक कर सकते हैं.

14 सितंबर से होने वाली परीक्षा क्यों रद्द करनी पड़ी?

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है. परीक्षा बोर्ड के अपर सचिव (भर्ती) सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने जानकारी दी है कि तयशुदा 10 परीक्षा केंद्रों पर भारी जलभराव हो गया है. मैदानों में कीचड़ और पानी भरने के कारण अभ्यर्थियों के लिए दौड़ना और अन्य फिजिकल टेस्ट देना असंभव सा हो गया था. युवाओं की सुरक्षा और निष्पक्ष परीक्षा माहौल को बनाए रखने के लिए इसे टालना ही आखिरी ऑप्शन बचा था.

यूपी होमगार्ड परीक्षा की नई तारीखें कब जारी होंगी?

फिलहाल बोर्ड ने शारीरिक दक्षता परीक्षा की कोई पक्की नई तारीख घोषित नहीं की है. बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि स्थिति सामान्य होने और मौसम साफ होने के बाद ही नई तिथियों पर विचार किया जाएगा. यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा 2026 की नई घोषणा होते ही इसकी ऑफिशियल सूचना बोर्ड की वेबसाइट uppbpb.gov.in पर अपलोड कर दी जाएगी. अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें.

क्या एडमिट कार्ड दोबारा जारी होंगे?

हां, जब बोर्ड फिजिकल टेस्ट की नई तारीखें तय कर देगा, उसके बाद फ्रेश एडमिट कार्ड (प्रवेश-पत्र) भी ऑफिशियल वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे. अभ्यर्थियों को पुराने एडमिट कार्ड के भरोसे नहीं रहना होगा. नई तारीखों के ऐलान के बाद उन्हें वेबसाइट से नए एडमिट कार्ड डाउनलोड करने होंगे, जिनमें नए सेंटर या समय की जानकारी हो सकती है.

10 अलग-अलग लोकेशन पर होनी थी परीक्षा

उत्तर प्रदेश होमगार्ड के 41,424 पदों पर होने वाली इस बड़ी भर्ती के तहत फिजिकल टेस्ट राज्य के कुल 10 प्रमुख जगहों पर किया जाना था. इस महाअभियान में शामिल होने के लिए दूर-दराज के जिलों से युवाओं ने अपनी तैयारी पूरी कर ली थी. परीक्षा टलने से कई अभ्यर्थी निराश हैं. लेकिन उन्हें समझना चाहिए कि परीक्षा में देरी से धावकों को अपनी फिटनेस और प्रैक्टिस को और बेहतर करने का एक्सट्रा समय मिल गया है.

इस दौरान अभ्यर्थियों को क्या करना चाहिए?

यूपी होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा स्थगित होने के बाद उम्मीदवारों को परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. यह समय अपनी कमियों को सुधारने और प्रैक्टिस जारी रखने का है. इस दौरान आप घर पर रहकर हल्की एक्सरसाइज कर सकते हैं. साथ ही, किसी भी फेक न्यूज से बचने के लिए केवल उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट पर ही नजर बनाए रखें.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||