5 left arm bowler most wicket in ODI: वनडे क्रिकेट के इतिहास में बाएं हाथ के गेंदबाजों ने अपनी गति, स्विंग और विविधता से हमेशा मैच का रुख मोड़ा है. वसीम अकरम के सर्वााधिक विकेटों से लेकर चमिंडा वास के ऐतिहासिक 8 विकेट, सनथ जयसूर्या और शाकिब अल हसन की चतुर स्पिन के साथ डेनियल विटोरी की कसी हुई गेंदबाजी.इन पांचों दिग्गजों के आंकड़े गवाही देते हैं कि यह हुनर क्रिकेट का सबसे घातक हथियार है.
वनडे के पांच बाएं हाथ के गेंदबाजों की लिस्ट जिन्होंने सबसे ज्यादा विकेट लिए.
इस लिस्ट में सबसे ऊपर जो नाम आता है, उसे दुनिया ‘सुलतान ऑफ स्विंग’ के नाम से जानती है पाकिस्तान के महान गेंदबाज वसीम अकरम (Wasim Akram). 1984 से 2003 तक के अपने सुनहरे करियर में अकरम ने 356 मैचों की 351 पारियों में गेंदबाजी की. उन्होंने 18,000 से अधिक गेंदें फेंकी और 23.52 की शानदार औसत से 502 शिकार किए. वनडे क्रिकेट में 500 विकेट का आंकड़ा छूने वाले वे दुनिया के पहले गेंदबाज बने. मात्र 15 रन देकर 5 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा. रिवर्स स्विंग और पुरानी गेंद से यॉर्कर फेंकने की जो कला उनके पास थी, उसने दुनिया के सबसे दिग्गज बल्लेबाजों को भी घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया.
वनडे के पांच बाएं हाथ के गेंदबाजों की लिस्ट जिन्होंने सबसे ज्यादा विकेट लिए.
सटीकता और ऐतिहासिक स्पेल का जादू चमिंडा वास
अकरम के बाद अगर किसी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने दुनिया को प्रभावित किया, तो वे थे श्रीलंका के चमिंडा वास (Chaminda Vaas). वास की सबसे बड़ी ताकत गति से ज्यादा उनकी सटीकता और गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की क्षमता थी. 1994 से 2008 के बीच श्रीलंका और एशिया इलेवन की ओर से खेलते हुए उन्होंने 322 मैचों में 400 विकेट हासिल किए. वास की रन रोकने की क्षमता कमाल की थी, जिसका प्रमाण उनका 4.18 का इकॉनमी रेट है. वनडे क्रिकेट के इतिहास में 19 रन देकर 8 विकेट लेने का सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी स्पेल भी चमिंडा वास के ही नाम दर्ज है, जिसने उन्हें इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए अमर कर दिया.
सिर्फ आक्रामक बल्लेबाज ही नहीं, घातक स्पिनर भी थे सनथ जयसूर्या
बाएं हाथ का जादू सिर्फ तेज गेंदबाजी तक सीमित नहीं रहा. श्रीलंका के ही पूर्व कप्तान सनथ जयसूर्या (Sanath Jayasuriya) ने इस बात को साबित किया कि बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी भी उतनी ही घातक हो सकती है. जयसूर्या को दुनिया मुख्य रूप से एक आक्रामक सलामी बल्लेबाज के रूप में पहचानती है, लेकिन अपनी बाएं हाथ की आर्थोडॉक्स स्पिन से उन्होंने 445 मैचों की 368 पारियों में 323 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया. 29 रन देकर 6 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा. वे अक्सर अपनी सटीक लाइन-लेंथ से मध्य ओवरों में बड़े-बड़े साझेदारियों को तोड़ने के लिए जाने जाते थे.
मॉडर्न क्रिकेट के ऑलराउंड शहंशाह शाकिब अल हसन
आधुनिक क्रिकेट की बात करें तो बांग्लादेश के ऑलराउंडर शाकिब अल हसन (Shakib Al Hasan) का नाम बाएं हाथ के सबसे महान खिलाड़ियों में गिना जाता है. 2006 से 2023 तक के अपने वनडे करियर में शाकिब ने 247 मैचों में 317 विकेट अपने नाम किए. 29 रन देकर 5 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा. शाकिब की सबसे बड़ी खासियत उनकी सूझबूझ, विविधता और 4.46 का कसी हुई इकॉनमी रेट है. उन्होंने दुनिया की अलग-अलग पिच पर अपनी घूमती गेंदों से विपक्षी टीमों को लगातार बांधकर रखा और बांग्लादेशी क्रिकेट को एक नई पहचान दी.
फिंगर स्पिन और फ्लाइट के उस्ताद डेनियल विटोरी
न्यूजीलैंड के डेनियल विटोरी (Daniel Vettori) भी बाएं हाथ की फिंगर स्पिन के बड़े उस्ताद रहे हैं. 1997 से 2015 के लंबे अंतराल में उन्होंने न्यूजीलैंड और आईसीसी इलेवन के लिए 295 मैच खेले और 305 विकेट चटकाए. विटोरी के पास भले ही गेंद को बहुत ज्यादा टर्न कराने की क्षमता नहीं थी, लेकिन उनकी गति में बदलाव और फ्लाइट देने की कला इतनी सटीक थी कि बल्लेबाज चकमा खा ही जाते थे. उनका 4.12 का इकॉनमी रेट यह बताता है कि रन बनाना उनके खिलाफ कितना कठिन काम था.
About the Author
कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…
और पढ़ें
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



