उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। पर्थला चौक पर रोजाना लगने वाले जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। नोएडा प्राधिकरण ने फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद (FNG) कॉरिडोर पर पर्थला चौक में 6-लेन अंडरपास बनाने की मंजूरी दे दी है। करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस अंडरपास को 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रस्तावित अंडरपास पर्थला गोलचक्कर पर FNG कॉरिडोर और विकास मार्ग के जंक्शन के नीचे बनाया जाएगा। अंडरपास के शुरू होने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।
710 मीटर लंबा होगा अंडरपास
प्राधिकरण के मुताबिक, अंडरपास की कुल लंबाई करीब 710 मीटर होगी। इसमें दोनों दिशाओं के लिए तीन-तीन लेन होंगी। दोनों तरफ 110-110 मीटर लंबा RCC बॉक्स बनाया जाएगा, जबकि बीच में करीब 20 मीटर का खुला हिस्सा रहेगा। इसके अलावा दोनों ओर लगभग 280-280 मीटर लंबे अप्रोच रोड भी बनाए जाएंगे।
डायफ्राम वॉल तकनीक से होगा निर्माण
अंडरपास के निर्माण के दौरान आसपास के मौजूदा ढांचों और जमीन की मजबूती को बनाए रखने के लिए डायफ्राम वॉल तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए दो बड़े संप और हैवी पंपिंग सिस्टम भी लगाए जाएंगे।
बढ़ते ट्रैफिक के चलते लिया फैसला
पर्थला चौक पर कुछ साल पहले फ्लाईओवर का निर्माण किया गया था। उस समय भविष्य की जरूरत को देखते हुए अंडरपास की योजना को फिलहाल रोक दिया गया था। लेकिन ग्रेटर नोएडा वेस्ट और आसपास के क्षेत्रों में तेजी से बढ़ी आबादी और व्यावसायिक गतिविधियों के कारण चौक पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ता गया। खासकर सुबह और शाम के पीक आवर्स में यहां लंबा जाम लगने लगा है।
DPR के बाद शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया
नोएडा प्राधिकरण के जीएम (सिविल) एके अरोड़ा के अनुसार, अब परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कराई जाएगी। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। अंडरपास के चालू होने पर सेक्टर-66, 71, 121, 122, किसान चौक, छिजारसी, एनएच-9 और गाजियाबाद की ओर जाने वाले लोगों को फायदा मिलेगा। इससे पर्थला चौक पर सिग्नल-फ्री और सुगम यातायात व्यवस्था विकसित होने की उम्मीद है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


