Image Slider

  • लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीदकर महंगे दामों में बेचने वालों पर कसा शिकंजा, दो अलग-अलग टीमों ने की कार्रवाई
  • आबकारी निरीक्षकों की मुस्तैदी से पकड़े गए तस्कर, 42 पव्वे विदेशी और 50 पव्वे हरियाणा मार्का देशी शराब बरामद
  • दुकानें बंद होते ही सक्रिय हो जाते थे तस्कर, आबकारी विभाग की रात-दिन निगरानी ने मंसूबों पर फेरा पानी

उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जिले में लाइसेंसी शराब की दुकानों के बंद होने के बाद अवैध तरीके से शराब बेचने वाले तस्करों के खिलाफ आबकारी विभाग ने अपना शिकंजा और कस दिया है। रात के अंधेरे में शराब की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आबकारी विभाग की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। एक दिन पहले दो तस्करों की गिरफ्तारी के बाद अगले ही दिन रात में फिर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर विभाग ने साफ कर दिया कि लाइसेंसी शराब की आड़ में अवैध कमाई करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में चल रही कार्रवाई में आबकारी निरीक्षकों की सक्रियता विशेष रूप से सामने आई है। विभाग की टीमें रात के समय संवेदनशील इलाकों में चेकिंग करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। इसी निगरानी के दौरान शनिवार रात के दो अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आबकारी विभाग के अनुसार, आबकारी निरीक्षक अखिलेश बिहारी वर्मा और थाना सूरजपुर की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान सूरजपुर क्षेत्र में कार्रवाई की।

टीम ने राजेश पुत्र शिवप्रसाद को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से उत्तर प्रदेश की लाइसेंसी दुकान पर बिक्री के लिए निर्धारित 42 पव्वे मैक डॉवेल नंबर-1 ब्रांड की विदेशी मदिरा बरामद की गई। टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर बरामद शराब के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। इसी क्रम में आबकारी निरीक्षक सचिन त्रिपाठी और थाना फेज-1 पुलिस की संयुक्त टीम ने भी अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने अजय पुत्र मनोज को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 50 पव्वे मस्ताना देशी शराब, हरियाणा मार्का, 180 मिलीलीटर धारिता बरामद की गई। विभाग के अनुसार आरोपी हरियाणा से शराब को चोरी-छिपे लाकर रात में दुकानों के बंद होने के बाद महंगे दामों पर बेचने की कोशिश कर रहा था।

गौतमबुद्ध नगर दिल्ली और हरियाणा की सीमा से जुड़ा महत्वपूर्ण जिला है। ऐसे में दूसरे राज्यों से शराब की अवैध तस्करी रोकना आबकारी विभाग के लिए बड़ी चुनौती भी है। विभाग की टीमें सीमा से आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों और शराब की अवैध बिक्री करने वालों पर लगातार नजर रख रही हैं। रात में दुकानों के बंद होने के बाद सक्रिय होने वाले तस्करों पर विशेष निगरानी की जा रही है। हाल की लगातार कार्रवाइयों से आबकारी विभाग ने यह संदेश दिया है कि लाइसेंसी शराब की दुकानों से शराब खरीदकर उसे अवैध रूप से बेचने या दूसरे राज्यों से शराब लाकर जिले में खपाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग का अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहने की बात कही गई है।

लाइसेंसी शराब की आड़ में अवैध कमाई का धंधा
आबकारी विभाग की जांच में सामने आया कि कुछ तस्कर दिन में ही लाइसेंसी शराब की दुकानों से शराब खरीदकर उसे निर्धारित समय के बाद अधिक कीमत पर बेचने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं कुछ आरोपी दूसरे राज्यों से शराब लाकर जिले में खपाने की कोशिश करते हैं। ऐसे मामलों में न केवल राजस्व को नुकसान पहुंचता है, बल्कि अवैध शराब के कारोबार को भी बढ़ावा मिलता है। इसी को देखते हुए आबकारी विभाग ने रात के समय निगरानी और चेकिंग को तेज किया है। अधिकारियों का कहना है कि शराब की दुकानों के बंद होने के बाद अवैध बिक्री की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। संदिग्ध स्थानों पर अचानक चेकिंग की जा रही है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

निरीक्षकों की सक्रियता से तस्करों पर लगातार कार्रवाई
इस अभियान में आबकारी निरीक्षक अखिलेश बिहारी वर्मा और सचिन त्रिपाठी की टीमों की सक्रिय भूमिका सामने आई है। दोनों टीमों ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई को अंजाम दिया। आबकारी विभाग की ओर से लगातार की जा रही चेकिंग से रात में शराब बेचने वाले लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की प्राथमिकता सरकारी राजस्व की सुरक्षा के साथ अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना है। उन्होंने टीमों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||