Manav Suthar Scripts History in Sri Lanka: मानव सुथार ने गॉल टेस्ट में अपनी कातिलाना गेंदबाजी से इतिहास रच दिया. अपने पहले विदेशी टेस्ट में 131 रन देकर 10 विकेट चटकाते हुए उन्होंने बिशन सिंह बेदी का 47 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. सुथार की फिरकी और दूसरी पारी में 55 रन पर 6 विकेट के दम पर भारत ने श्रीलंका को 165 रनों से रौंदकर अपने 600वें टेस्ट मैच में यादगार जीत दर्ज की. सुथार ने इस दौर 4 रिकॉर्ड अपने नाम किए.
इस मैच की चौथी पारी में मानव सुथार के 55 रन देकर 6 विकेट का प्रदर्शन विदेशी टेस्ट में किसी भारतीय बाएं हाथ के स्पिनर का दूसरा सबसे सर्वश्रेष्ठ पारी प्रदर्शन बन गया है. इस लिस्ट में सबसे बेहतरीन गेंदबाजी का रिकॉर्ड पूर्व दिग्गज बाबू नादकर्णी के नाम दर्ज है, जिन्होंने साल 1968 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 43 रन देकर 6 विकेट चटकाए थे.
मानव सुथार अपने टेस्ट करियर की शुरुआत में ही महान गेंदबाजों के क्लब में शामिल हो गए हैं. भारत के लिए करियर के पहले दो टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा बार 5 विकेट लेने का रिकॉर्ड नरेंद्र हिरवानी और अक्षर पटेल (3-3 बार) के नाम है. मानव सुथार ने अपने शुरुआती दो टेस्ट में 2 बार यह कारनामा कर मोहम्मद निसार और लक्ष्मण शिवरामकृष्णन की बराबरी कर ली है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अपने करियर के शुरुआती चरण में ही पहली बार मैच में 10 विकेट झटकने का रिकॉर्ड नरेंद्र हिरवानी (Narendra Hirwani) के नाम है, जिन्होंने 1988 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने पदार्पण टेस्ट में ही 136 रन देकर 16 विकेट लिए थे. इस मामले में मानव सुथार संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर आ गए हैं. उन्होंने, लक्ष्मण शिवरामकृष्णन और अक्षर पटेल की तरह अपने करियर के केवल दूसरे टेस्ट मैच में ही 10 विकेट हॉल हासिल करने का मुकाम पा लिया.
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट इतिहास में 10 विकेट हॉल लेने वाले भारतीय गेंदबाजों की लिस्ट बेहद खास है. अनिल कुंबले और हरभजन सिंह ने दो-दो बार यह कारनामा किया है, जबकि मनिंदर सिंह, वेंकटपति राजू और रविचंद्रन अश्विन ने 1-1 बार यह उपलब्धि हासिल की थी. अब मानव सुथार इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल होने वाले आठवें भारतीय स्पिनर बन गए हैं.
श्रीलंका की दूसरी पारी के दौरान मानव सुथार दो बार हैट्रिक के करीब पहुंचे. चौथे दिन के खेल के आखिरी सत्र में उन्होंने सलामी बल्लेबाज लाहिरू उदारा और डेब्यू कर रहे पसिंदु सूरियाबंदरा को लगातार गेंदों पर आउट किया. इसके बाद पांचवें दिन के दूसरे सत्र में उन्होंने एक ही ओवर में तीन विकेट झटककर श्रीलंकाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. उन्होंने 84 रन बनाकर खेल रहे सोनल दिनुषा को ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया, अगली ही गेंद पर प्रभात जयसूर्या को बोल्ड किया और फिर ओवर की आखिरी गेंद पर लाहिरू कुमारा को कैच आउट करवा दिया.
मानव सुथार ने अपने टेस्ट करियर की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की है. अब तक खेले गए केवल 2 टेस्ट मैचों की 4 पारियों में उन्होंने 11.35 की औसत, 2.35 की इकॉनमी और 27.29 के स्ट्राइक रेट से कुल 17 विकेट चटकाए हैं. इसमें दो बार एक पारी में 5 विकेट और एक बार मैच में 10 विकेट शामिल हैं. इसके अलावा वह बल्ले से भी उपयोगी योगदान (28, 24 और 9 रन) दे चुके हैं.
अफगानिस्तान के खिलाफ करियर के अपने पहले टेस्ट मैच में सुथार ने पहली पारी में 33 रन देकर 6 विकेट झटके थे और बल्ले से 28 रन बनाए थे, जबकि दूसरी पारी में 29 रन देकर 1 विकेट लिया था. वहीं अपने दूसरे और इस ऐतिहासिक गॉल टेस्ट में उन्होंने पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए 24 रन बनाए और 76 रन देकर 4 विकेट लिए. इसके बाद दूसरी पारी में 9 रन बनाने के साथ ही 55 रन देकर 6 विकेट चटकाए और अपनी टीम को 165 रनों की विशाल जीत दिला दी.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



