-वार्डों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता: सुनीता दयाल
-अवस्थापना निधि से चल रहे निर्माण और सौंदर्यीकरण के कार्य, लाखों लोगों को मिलेगा लाभ
-महंगे बैंक्वेट और फार्महाउस का विकल्प बनेंगे सामुदायिक भवन, बुकिंग की होगी सुविधा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहरवासियों को स्थानीय स्तर पर कार्यक्रमों के लिए बेहतर और किफायती स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम द्वारा शहर के छह अलग-अलग वार्डों में करीब छह करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक भवनों के निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इन सभी कार्यों को इसी वर्ष पूरा कर जनता के उपयोग के लिए समर्पित करने की तैयारी है। इन सामुदायिक भवनों का लाभ संबंधित छह वार्डों के साथ आसपास के क्षेत्रों में रहने वाली लाखों की आबादी को भी मिलेगा। नगर निगम की ओर से वार्ड 65 विवेकानंद नगर में सामुदायिक भवन के सौंदर्यीकरण पर करीब 76 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वार्ड 11 नंदग्राम में सामुदायिक भवन का निर्माण करीब एक करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। वार्ड 56 चिरंजीव विहार में करीब 80 लाख रुपये, वार्ड 60 श्याम पार्क मेन में करीब एक करोड़ 40 लाख रुपये और वार्ड 38 अर्थला में करीब 79 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवनों के सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है। वहीं वार्ड 25 चाणक्य चौक स्थित सामुदायिक भवन के सौंदर्यीकरण पर करीब 26 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
स्थानीय पार्षदों की ओर से लंबे समय से सामुदायिक भवनों के निर्माण और सौंदर्यीकरण की मांग की जा रही थी। स्थानीय स्तर पर शादी-विवाह, सामाजिक, धार्मिक और अन्य कार्यक्रमों के आयोजन के लिए लोगों को उचित स्थान नहीं मिल पाता है। इसके चलते उन्हें महंगे फार्महाउस, बैंक्वेट हॉल या अन्य निजी स्थलों का सहारा लेना पड़ता है। स्थानीय लोगों की इस समस्या को देखते हुए नगर निगम ने अवस्थापना निधि से इन कार्यों को कराने का निर्णय लिया। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि नगर निगम लगातार शहर के विकास और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है। शहर का अधिकांश हिस्सा शहरी क्षेत्र में आता है और यहां किसी भी सामाजिक या पारिवारिक कार्यक्रम के लिए निजी बैंक्वेट हॉल अथवा फार्महाउस बुक करना आम लोगों के लिए काफी महंगा पड़ता है।
ऐसे में सामुदायिक भवन आम जनता के लिए बेहद उपयोगी सुविधा साबित होंगे। उन्होंने कहा कि इन भवनों के तैयार होने के बाद स्थानीय लोगों को अपने ही क्षेत्र में किफायती दर पर कार्यक्रम आयोजित करने की सुविधा मिलेगी। नगर निगम में पहले से सामुदायिक भवनों की बुकिंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर की जाती है। नए सामुदायिक भवनों के लिए भी इसी व्यवस्था के तहत बुकिंग की जाएगी। महापौर ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि शहर के सभी वार्डों में जनता को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। सामुदायिक भवन भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण सुविधा है। छह भवनों के तैयार होने से संबंधित वार्डों के अलावा आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
सामुदायिक भवन जनता की जरूरत, हर परिवार को मिले किफायती आयोजन स्थल
नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर और मूलभूत सुविधाएं उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराना है। गाजियाबाद का अधिकांश हिस्सा शहरी क्षेत्र है, जहां शादी-विवाह, धार्मिक, सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए लोगों को अक्सर महंगे बैंक्वेट हॉल या फार्महाउस का सहारा लेना पड़ता है। ऐसे निजी स्थलों का खर्च हर परिवार के बजट में संभव नहीं होता। इसलिए नगर निगम द्वारा सामुदायिक भवनों का निर्माण और सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है, ताकि आम जनता को अपने ही क्षेत्र में सुविधाजनक और किफायती आयोजन स्थल मिल सके।

छह सामुदायिक भवन तैयार होने से संबंधित वार्डों के साथ आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लाखों लोगों को भी सुविधा मिलेगी। नगर निगम भविष्य में भी आवश्यकता के अनुसार ऐसे कार्यों को प्राथमिकता देगा। इन भवनों की बुकिंग भी नगर निगम की मौजूदा व्यवस्था के अनुसार ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर की जाएगी। हमारा प्रयास है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में जनता की जरूरत के अनुरूप मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हो और लोगों को छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए निजी और महंगे विकल्पों पर निर्भर न रहना पड़े।
सुनीता दयाल
महापौर
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



