– एनएमआरसी ने एलएंडटी का किया चयन, बॉटेनिकल गार्डन और बोडाकी तक बढ़ेगा मेट्रो नेटवर्क
– परियोजना पूरी होने पर लाखों यात्रियों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच मेट्रो कनेक्टिविटी को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने एक्वा मेट्रो के विस्तार कार्य के लिए एलएंडटी (लार्सन एंड टुब्रो) कंपनी का चयन कर लिया है। कंपनी नोएडा सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन तक तथा ग्रेटर नोएडा डिपो से बोडाकी रेलवे स्टेशन तक मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण करेगी। इस परियोजना के पूरा होने के बाद नोएडा-ग्रेटर नोएडा के यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और तेज सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होगा। वर्तमान में एक्वा लाइन से यात्रा करने वाले यात्रियों को बॉटेनिकल गार्डन तक पहुंचने के लिए अलग साधनों का सहारा लेना पड़ता है। विस्तार के बाद एक्वा लाइन सीधे दिल्ली मेट्रो के ब्लू और मैजेंटा लाइन नेटवर्क से जुड़ जाएगी, जिससे यात्रियों का समय बचेगा और सफर अधिक सुगम होगा।
वहीं, ग्रेटर नोएडा डिपो से बोडाकी रेलवे स्टेशन तक मेट्रो पहुंचने से रेलवे यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। भविष्य में मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी मजबूत होने से औद्योगिक क्षेत्रों, शैक्षणिक संस्थानों और आवासीय सेक्टरों तक आवागमन आसान होगा। इससे क्षेत्र में विकास गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्णा करुणेश ने कहा, एक्वा मेट्रो का विस्तार नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती देगा।
एलएंडटी जैसी अनुभवी कंपनी के चयन से परियोजना को गुणवत्ता और तय समयसीमा के भीतर पूरा करने में मदद मिलेगी। बॉटेनिकल गार्डन और बोडाकी रेलवे स्टेशन तक कनेक्टिविटी मिलने से यात्रियों को निर्बाध यात्रा की सुविधा मिलेगी और निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम होगी। एनएमआरसी के अनुसार, निर्माण कार्य शुरू होने के बाद परियोजना को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके पूरा होने पर क्षेत्र के लाखों दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


