पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर बसों के चक्काजाम से जुड़ी रही। रोडवेज, पनबस-पीआरटीसी के कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया है। इससे यात्रियों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. कांग्रेस ने पूछा- इस्तीफा कौन देगा?; CM बोले- डिग्री नहीं मिल रही
पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार में विधानसभा के आखिरी मानसून सत्र में जमकर हंगामा हुआ। सेशन शुरू होते ही नेता विपक्ष प्रताप बाजवा ने फरीदकोट में फॉर्मेसी का पेपर लीक होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- पंजाब में साढ़े 4 सालों में 6 पेपर लीक हुए। इनमें 5 शिक्षा विभाग और 1 स्वास्थ्य विभाग से संबंधित है। इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेकर शिक्षा मंत्री इस्तीफा देंगे या स्वास्थ्य मंत्री, इसके बाद कांग्रेस ने सदन का बायकॉट कर दिया।
नेता विपक्ष बाजवा ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब के सीएम भगवंत मान को गुरू दोखी और पंथ विरोधी करार देने को लेकर स्पीकर स्टैंड क्लियर करें। इस पर स्पीकर कुलतार संधवां ने कहा- गुरूपंथ में गुरू का सबसे बड़ा स्थान है। श्री अकाल तख्त महान है और सिख पंथ की शान है। गुरू से ऊपर संगत का स्थान है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता (संगत) के फैसले का सम्मान किया जाता है। इसी भावना के अनुरूप सरकार और सदन आगे बढ़ रहे हैं।
इसके बाद सदन में AAP सरकार नीट पेपर लीक के मुद्दे पर निंदा प्रस्ताव लाई। जिसे पास कर दिया गया। CM भगवंत मान ने कहा कि प्रधानमंत्री की खुद की डिग्री नहीं मिल रही है, लेकिन वह “परीक्षा पर चर्चा” करते हैं। पेपर लीक पर रोक लगाने की जगह फास्ट्रैक अदालतें गठित करने की बात करते है। (पढ़ें पूरी खबर)
2. सरकारी बसों की हड़ताल, 1000 से ज्यादा रूट प्रभावित
पंजाब के रोडवेज, पनबस-पीआरटीसी के कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों की सरकार के साथ मीटिंग बेनतीजा रही। ऐसे में अब इनकी हड़ताल जारी रहेगी। बसें कम होने की वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जालंधर में तो महिलाएं खिड़कियों में लटकी दिखीं।
रोडेवज, पनबस-पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर यूनियन का कहना है कि कल (4 अगस्त) मोहाली से चंडीगढ़ में CM आवास की तरफ कूच करेंगे। यूनियन प्रधान रेशम सिंह गिल ने कहा कि कच्चे कर्मचारियों की मांगों पर लंबे समय से कोई फैसला नहीं लिया गया, जिसके कारण उन्हें हड़ताल का कदम उठाना पड़ा। 5 अगस्त तक हड़ताल का ऐलान किया है।
सरकार के पास 2,900 से अधिक बसों का बेड़ा है। इनमें करीब 1,694 बसें पंजाब रोडवेज-पनबस और 1,304 बसें पीआरटीसी की हैं। ये बसें 1,000 से ज्यादा स्थानीय और अंतरराज्यीय रूटों पर संचालित होती हैं। अकेले पीआरटीसी 577 से अधिक रूटों पर यात्रियों को सेवाएं दे रही है। पंजाब के अलावा ये बसें दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश तक चलती हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
3. वड़िंग ने की चन्नी को लाइव एक्सपोज करने की कोशिश
पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने बठिंडा में एक प्रोग्राम के दौरान पूर्व CM चरणजीत सिंह चन्नी को एक्सपोज करने की कोशिश की। दरअसल, यहां कुछ समर्थक चरणजीत चन्नी-जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। इसी दौरान राजा वड़िंग ने चन्नी समर्थक को स्टेज पर बुला लिया, जहां उससे नारे लगवाए।
वड़िंग के कहने पर समर्थक ने चन्नी और कांग्रेस जिंदाबाद के नारे लगवाए। वड़िंग यहीं नहीं रुके, उन्होंने समर्थक को कहा कि वह चन्नी को कॉल करे। उन्हें बताए कि मैं कांग्रेस के प्रोग्राम में गड़बड़ करने के लिए आया हूं। चन्नी का नंबर डायल करते ही वड़िंग ने फोन का स्पीकर ऑन कर माइक पर लगा दिया। हालांकि, चन्नी ने फोन नहीं उठाया तो वड़िंग ने तंज भरे लहजे में कहा- इसे मेरा नंबर दे देना, चन्नी बिजी होंगे, मुझे कॉल कर लेना।
वहीं, कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल के मुक्तसर और बठिंडा दौरे से पहले उनके विरोध में शहर की सड़कों पर पोस्टर और बड़े फ्लेक्स लगे नजर आए। मुक्तसर राजा वड़िंग का गृह जिला है। मुक्तसर में लगे पोस्टरों में भूपेश बघेल को ब्रिटिश शासन के अधिकारी जनरल डायर के रूप में दिखाया गया और नीचे गो बैक बघेल लिखा गया। (पढ़ें पूरी खबर)
4. हाईकोर्ट का AAP सरकार को झटका, बकाया DA देने के आदेश
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार को बड़ा झटका देते हुए राज्य के करीब 8 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को 15 दिन के भीतर लंबित महंगाई भत्ता (DA) जारी करने का आदेश दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि यदि इस महीने के अंत तक भुगतान नहीं किया गया तो सरकार को 6% ब्याज भी देना होगा।
हाईकोर्ट ने सरकार को कर्मचारियों का DA जारी होने तक बड़े स्तर के विज्ञापन अभियान चलाने से रोक दिया है। हाईकोर्ट ने चीफ सेक्रेटरी से इसकी कंप्लायंस रिपोर्ट भी मांगी है। इस फैसले से मुलाजिमों की सैलरी 15 हजार रुपए तक बढ़ सकती है। सुनवाई के दौरान पंजाब सरकार ने अदालत में कहा कि पंजाब अपने कर्मचारियों को अन्य राज्यों की तुलना में अधिक वेतनमान (हाई पे मास्टर) देता है, इसलिए अलग से DA देने की आवश्यकता नहीं है।
कर्मचारी संगठनों की ओर से पेश एडवोकेट सन्नी सिंगला ने दलील दी कि पंजाब सरकार अपने कर्मचारियों और पेंशनरों को केंद्र सरकार के पैटर्न के अनुसार महंगाई भत्ता देने के लिए बाध्य है। उन्होंने कहा कि IAS, IPS, IFS और न्यायिक अधिकारियों को केंद्र के अनुरूप DA दिया जा रहा है, जबकि अन्य कर्मचारियों और पेंशनरों को इससे वंचित रखा गया है।
इस पर हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि हरियाणा के कर्मचारी और पेंशनर भी अधिक वेतन प्राप्त कर रहे हैं, लेकिन हमारे सामने विवाद वेतन का नहीं, बल्कि महंगाई भत्ते के भुगतान का है। ऐसे में अब संभावना है कि वह हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे सकती है। (पढ़ें पूरी खबर)
5. पेट्रोल पंप पर हंगामा, लेडी मैनेजर के केबिन में घुसी भीड़
जालंधर में इंडियन ऑयल के एक पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने को लेकर हंगामा हो गया। कार मालिक ने आरोप लगाया कि 300 रुपए का डीजल भरवाने के बावजूद उसकी गाड़ी के फ्यूल मीटर और डीटीई (डिस्टेंस टू एम्प्टी) में कोई बदलाव नहीं आया। मालिक का आरोप है कि विरोध करने पर पंप कर्मचारियों ने अभद्र व्यवहार किया और महिला मैनेजर बाहर तक नहीं आईं।
इसके बाद में मालिक ने अपने पार्षद प्रतिनिधि भाई को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया। इस दौरान अन्य ग्राहकों ने भी पेट्रोल पंप पर तेल कम डालने और मीटर को जीरो किए बिना फ्यूल भरने जैसे आरोप लगाए। मामला इतना बढ़ा कि महिलाओं ने मैनेजर के केबिन में पहुंचकर माफी मांगने की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। (पढ़ें पूरी खबर)
6. जालंधर-पठानकोट में बारिश, पंजाब-चंडीगढ़ में 2 दिन अलर्ट
पंजाब में आज (3 अगस्त) मौसम खराब है। पठानकोट में सुबह से तेज बारिश हो रही है। बारिश के बीच ही यहां गांधी चौक से प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में भक्तजन भजन-कीर्तन करते हुए शामिल हुए। वहीं, अमृतसर-जालंधर में भी बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, 3-4 अगस्त को कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले इलाकों से बचने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों पर न जाने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार 5 और 6 अगस्त को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
हालांकि, इस दौरान भारी बारिश के आसार कम हैं। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। (पढ़ें पूरी खबर)
7. चिट्टा बेचती महिला VIDEO वायरल होने पर अरेस्ट
बठिंडा में एक महिला का सरेआम चिट्टा (नशीला पदार्थ) बेचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। थाना कोतवाली पुलिस ने रविवार देर रात महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
वायरल वीडियो में महिला कथित रूप से नशा बेचती दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि महिला लंबे समय से इलाके में चिट्टा बेचने का धंधा कर रही थी, लेकिन उसके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही थी। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आते ही तुरंत कार्रवाई के आदेश जारी किए गए। पुलिस टीम ने महिला को पकड़कर उसके कब्जे से मिले तथ्यों के आधार पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। (पढ़ें पूरी खबर)
8. CM मान और राज्यपाल कटारिया को बम से उड़ाने की धमकी
स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) से पहले पंजाब को दहलाने की धमकी वाला ईमेल लुधियाना में सरकारी दफ्तरों को मिला। इससे सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया। लुधियाना जिला अदालत, चंडीगढ़ प्रशासन और ई-कोर्ट सिस्टम से जुड़े ईमेल एड्रेस पर ये ईमेल आया।
इस ईमेल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को 15 अगस्त तक बम धमाके से उड़ाने की सीधी धमकी दी गई। यह ईमेल सोमवार सुबह 8 बजकर 57 मिनट पर mianetzy8@gmail.com ईमेल आईडी से आया। इसमें खालिस्तान नेशनल आर्मी (KNA) और बब्बर खालसा (परमार-कनाडा गुट) ने पंजाब में एक साथ मिलकर हथियारबंद संघर्ष शुरू करने का ऐलान किया है।
ईमेल में दोपहर 12 बजकर 11 मिनट पर पंजाब विधानसभा भवन को और लुधियाना जिला अदालत को दोपहर 2 बजकर 11 मिनट पर उड़ाने की धमकी दी गई थी। हालांकि, ये दोनों धमकियां फर्जी निकलीं। वहीं, रात 9 बजकर 11 मिनट पर राज्यपाल कटारिया को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पुलिस ने एहतियातन सुरक्षा चौकस रखी है। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर विदेश से…
9. युवक ने 280kmph से दौड़ाई कार, टायरों से धुआं निकला
कनाडा के कैलगरी में पंजाबी युवक की रैश ड्राइविंग का एक वीडियो सामने आया है। युवक ने 280 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड में अपनी कार्वेट कार को ट्रैफिक भरे रोड पर भगाया। वीडियो में कार का स्पीडोमीटर भी दिखाया गया है। युवक ने कार के टायरों से धुआं निकालने का एक अन्य वीडियो भी शेयर किया है।
कनाडा के लोगों ने इस युवक का वीडियो एक्स (पूर्व ट्विटर) पर शेयर कर इसे डिपोर्ट करने और कार्रवाई करने की मांग की है। कार चला रहे युवक की पहचान जस सिंह के रूप में हुई है। युवक पंजाब में कहां का रहने वाला है, इसके बारे में पता नहीं लग पाया है।
युवक ने इंस्टाग्राम पर अपने अकाउंट jas_singh_25 से 2 अगस्त को वीडियो अपलोड किया। वीडियो के साथ युवक ने अपने फोटो भी शेयर किए हैं। इसमें गोल्डन टेंपल में माथा टेकते दिख रहा है। फिल्हाल, युवक के खिलाफ अभी कनाडा पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया है। बता दें कि कनाडा में इस तरह से रैश ड्राइविंग पर लाइसेंस रद्द हो सकता है। इसके साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल का भी प्रावधान है। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके…
10. रिटायर्ड फौजी ने ₹100 उधार लिए, फिर उसी को गोली मारी
मोहाली में शनिवार (1 अगस्त) को पूर्व सरपंच के पति रजनीश कुमार को गोली मारने के मामले में बड़ा दिलचस्प ट्विस्ट आया। चश्मदीदों का कहना है कि सियालबा के रहने वाले आरोपी पूर्व फौजी महिंदर सिंह उर्फ मिंदा ने गोली चलाने से पहले पूर्व सरपंच के पति से ही 100 रुपए शराब पीने के लिए उधार लिए थे।
रुपए लेते समय महिंदर ने रजनीश कुमार से कहा था कि आज किसी को गोली मारनी है। उस समय रजनीश को लगा कि शायद महिंदर हंसी-मजाक कर रहा है, लेकिन थोड़ी देर बाद महिंदर शराब पीकर आया तो दुकान के बाहर बैठे रजनीश पर फायरिंग कर दी।
इस दौरान लोग इकट्ठे हो गए। लोगों ने पूर्व फौजी से राइफल छीनी। उनका कहना है कि अगर थोड़ी सी चूक हो जाती तो कई लोगों की जान जा सकती थी, क्योंकि उस समय वहां कई बच्चे खेल रहे थे। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



