Image Slider

-2468 नई स्ट्रीट लाइट और 3000 से अधिक अस्थायी लाइटों से रोशन हुआ कांवड़ मार्ग
-5500 विद्युत पोलों पर सुरक्षा संदेश वाले फ्लेक्स, 880 खराब लाइटों की मरम्मत कर व्यवस्था दुरुस्त
-दुहाई से अप्सरा बॉर्डर और नागद्वार से भोपुरा तक रोशनी, मंदिरों व कांवड़ शिविरों में भी विशेष इंतजाम

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को रात में भी सुरक्षित, सुगम और रोशन रास्ता उपलब्ध कराने के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने में पूरी ताकत झोंक दी है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर निगम के प्रकाश विभाग ने कांवड़ मार्गों पर बड़े पैमाने पर स्थायी और अस्थायी प्रकाश व्यवस्था की है। शहर के प्रमुख कांवड़ मार्गों पर 2468 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं, जबकि 3000 से अधिक अस्थायी लाइटों की व्यवस्था की गई है। मुख्य मार्गों पर आकर्षक झालरों से भी रोशनी की गई है, जिससे रात के समय शहर का कांवड़ मार्ग जगमगाता नजर आएगा। नगर निगम का प्रयास है कि दिन के साथ-साथ रात में निकलने वाले कांवडिय़ों को भी किसी तरह की परेशानी न हो। इसके लिए मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ खराब लाइटों की मरम्मत भी कराई गई है। कांवड़ मार्ग की 880 लाइटों की मरम्मत कर उन्हें दोबारा क्रियाशील किया गया है। निगम की टीमें लगातार मौके पर जाकर प्रकाश व्यवस्था की निगरानी कर रही हैं।

कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों को चरणबद्ध तरीके से रोशन किया जा रहा है। दुहाई से मेरठ रोड तिराहे होते हुए मोहन नगर और अप्सरा बॉर्डर तक प्रकाश व्यवस्था को सुचारु किया गया है। इसी तरह नागद्वार से भोपुरा चौक तक स्थायी और अस्थायी लाइटें लगाकर मार्ग को रोशन किया गया है। मेरठ तिराहे से सिद्धार्थ विहार होते हुए एनएच-9 तक भी प्रकाश व्यवस्था को मजबूत किया गया है। कनावनी से एनएच-9 तक जाने वाले मार्ग पर भी पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई है। मेरठ रोड से राजनगर एक्सटेंशन तक कांवड़ मार्ग को रोशन करने का काम किया गया है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य यह है कि बड़ी संख्या में कांवडिय़ों की आवाजाही के दौरान रात में अंधेरे के कारण किसी प्रकार की परेशानी या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो। कांवड़ यात्रा के प्रमुख धार्मिक केंद्र दूधेश्वर नाथ प्राचीन मठ मंदिर में भी विशेष प्रकाश व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर और उसके आसपास स्थायी तथा अस्थायी लाइटें लगाई गई हैं। इसके अलावा नगर निगम के कांवड़ शिविर में भी प्रकाश व्यवस्था को बेहतर किया गया है, ताकि यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को रात के समय पर्याप्त रोशनी मिल सके।

विद्युत पोलों पर लगाए फ्लेक्स, श्रद्धालुओं को बिजली के खंभों से दूरी की अपील
प्रकाश व्यवस्था मजबूत करने के साथ नगर निगम ने विद्युत सुरक्षा को लेकर भी विशेष अभियान शुरू किया है। कांवड़ मार्ग पर करीब 5500 विद्युत पोलों पर फ्लेक्स लगाए गए हैं। इन फ्लेक्स के माध्यम से श्रद्धालुओं को विद्युत पोलों से उचित दूरी बनाए रखने और सावधानी बरतने का संदेश दिया जा रहा है। नगर निगम की ओर से श्रद्धालुओं से विशेष अनुरोध किया गया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान बिजली के खंभों के आसपास भीड़ न लगाएं और उनसे पर्याप्त दूरी बनाए रखें। निगम का मानना है कि लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच विद्युत सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सावधानी बेहद जरूरी है।

पोस्टर और फ्लेक्स के माध्यम से श्रद्धालुओं को लगातार जागरूक किया जा रहा है, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की विद्युत दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके। प्रकाश व्यवस्था के साथ-साथ निगम की टीमें कांवड़ मार्ग पर लगातार निरीक्षण कर रही हैं। कहीं लाइट खराब मिलने पर उसे तत्काल दुरुस्त कराने की व्यवस्था की जा रही है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रकाश व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए और रात के समय सभी प्रमुख मार्ग पर्याप्त रूप से रोशन रहें।

मंदिर, शिविर और प्रमुख पड़ाव भी रोशन, अधिकारियों की लगातार निगरानी
कांवड़ मार्ग के अलावा प्राचीन दूधेश्वर नाथ मंदिर, साई उपवन, शंभू दयाल इंटर कॉलेज और कन्या वैदिक स्कूल सहित कांवड़ यात्रियों से जुड़े प्रमुख स्थानों पर भी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। इन स्थानों पर प्रकाश विभाग की ओर से स्थायी रूप से लाइटें लगाई गई हैं। नगर आयुक्त के निर्देश पर वरिष्ठ प्रभारी प्रकाश नरेंद्र कुमार चौधरी और अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार को प्रकाश संबंधी कार्यों की लगातार निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं प्रभारी प्रकाश शेषमणि यादव और सहायक अभियंता विद्युत-यांत्रिक स्वप्निल जैन भी मौके पर व्यवस्थाओं की मॉनीटरिंग कर रहे हैं।

नगर निगम की ओर से कांवड़ यात्रा के दौरान प्रकाश व्यवस्था को लेकर अभियान के रूप में काम किया जा रहा है। निगम का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को दिन के साथ रात में भी सुरक्षित और सुगम मार्ग मिले। नई स्ट्रीट लाइटों, अस्थायी प्रकाश व्यवस्था, झालरों, खराब लाइटों की मरम्मत और विद्युत पोलों पर सुरक्षा संदेशों के जरिए निगम ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों को व्यापक रूप दिया है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रा के दौरान प्रकाश व्यवस्था की निगरानी लगातार जारी रहेगी और आवश्यकता के अनुसार तत्काल सुधार कराया जाएगा।

विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त

कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी स्तर पर असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम की सभी व्यवस्थाओं को पूरी गंभीरता से लिया जा रहा है। प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए प्रमुख कांवड़ मार्गों, मंदिरों, शिविरों और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले स्थानों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित की गई है। रात के समय कांवडिय़ों की आवाजाही को देखते हुए प्रकाश व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है और जहां भी कमी सामने आएगी, उसे तत्काल दूर कराया जाएगा। साथ ही विद्युत सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। श्रद्धालुओं से अपील है कि वे विद्युत पोलों और तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा निगम की ओर से लगाए गए सुरक्षा संदेशों का पालन करें। हमारा प्रयास है कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा, सुविधा और सुरक्षा के साथ सकुशल संपन्न हो।
-विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||