Image Slider

-विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी निशुल्क परामर्श सेवा, शुगर, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, बीएमआई और हड्डियों की जांच कर रोगों की समय रहते पहचान
-70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के मौके पर बने आयुष्मान कार्ड, जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क इलाज के लिए किया गया मार्गदर्शित
-ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं, भविष्य में भी लगेंगे विशाल स्वास्थ्य शिविर: गौरव पांडेय

उदय भूमि संवाददाता
बरसाना (मथुरा)। स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को नगर पंचायत भवन, बरसाना में शारदा हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा द्वारा एक विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष पदम फौजी ने किया। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए पहुंचे। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें निशुल्क परामर्श दिया, आवश्यक जांच कराई और जरूरतमंदों को दवाइयों का भी नि:शुल्क वितरण किया। पूरे दिन चले इस स्वास्थ्य शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाया। शिविर में शारदा हॉस्पिटल के डॉ. आकाश अवाना (जनरल फिजिशियन) तथा डॉ. अनुपम शर्मा (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ) ने मरीजों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण परामर्श दिए। चिकित्सकों ने विभिन्न रोगों से बचाव, संतुलित जीवनशैली अपनाने और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह भी दी गई। स्वास्थ्य शिविर में आधुनिक कंप्यूटरीकृत बीएमडी मशीन के माध्यम से हड्डियों में कैल्शियम की जांच की गई। इसके अलावा रक्त शर्करा, हीमोग्लोबिन, रक्तचाप और शरीर द्रव्यमान सूचकांक (बीएमआई) की भी निशुल्क जांच की गई। शिविर में 100 से अधिक लोगों ने रक्त शर्करा की जांच कराई, जबकि 24 मरीजों में हड्डियों में कैल्शियम की कमी पाई गई। चिकित्सकों ने ऐसे मरीजों को समय रहते उपचार और संतुलित आहार अपनाने की सलाह दी, ताकि भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचा जा सके। डॉक्टरों ने बताया कि कैल्शियम की कमी को दूर करने के लिए लोगों को अपने दैनिक भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां, फूलगोभी, मेथी, पालक, भिंडी, चुकंदर, बंदगोभी, अंजीर, अंगूर, खजूर, संतरा, किशमिश, सेब, केला और पपीता जैसे फल एवं सब्जियां शामिल करनी चाहिए।

साथ ही बादाम, मूंगफली, पिस्ता और मखाना जैसे सूखे मेवों के सेवन की भी सलाह दी गई। उन्होंने बताया कि बाजरा, रागी, चोकर युक्त आटा, दूध, दही, छाछ, अंडा, मांस, मछली, सोयाबीन, दालें और काले चने भी कैल्शियम के अच्छे स्रोत हैं और इन्हें नियमित भोजन का हिस्सा बनाना चाहिए। शिविर में बड़ी संख्या में ऐसे मरीज भी पहुंचे जो लंबे समय से जोड़ों के दर्द और हड्डियों से जुड़ी समस्याओं से परेशान थे। चिकित्सकों ने उनकी जांच कर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं। जिन मरीजों को अस्पताल में भर्ती होकर उपचार की आवश्यकता थी, उन्हें आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत शारदा हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा में निशुल्क इलाज की सुविधा के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही अस्पताल तक पहुंचने के लिए निशुल्क एंबुलेंस और बस सुविधा की भी जानकारी उपलब्ध कराई गई।

इस दौरान 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड भी मौके पर ही बनाए गए, जिससे पात्र बुजुर्गों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का तत्काल लाभ मिल सके। इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। शिविर के सफल संचालन में शारदा हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा के महाप्रबंधक गौरव पांडेय, क्षेत्रीय प्रबंधक महेश शर्मा, टाउन मैनेजर दीपक शर्मा तथा कार्यकारी अधिकारी पूजा चौरसिया सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं और प्रत्येक मरीज को समयबद्ध तरीके से जांच एवं परामर्श उपलब्ध कराया गया। शारदा हॉस्पिटल के महाप्रबंधक गौरव पांडेय ने बताया कि अस्पताल का उद्देश्य केवल उपचार करना ही नहीं, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना भी है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में बरसाना नगर पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसी प्रकार के बड़े स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि दूर-दराज के लोगों को भी विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि शारदा हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा एक 1200 बिस्तरों वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल है, जहां आयुष्मान कार्ड धारकों को अनेक गंभीर बीमारियों का निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है। अस्पताल आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों और उन्नत तकनीकों के माध्यम से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य शिविर के समापन पर स्थानीय नागरिकों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने की मांग की।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||