-मेरठ तिराहा कंट्रोल रूम से गंग नहर और पाइपलाइन मार्ग तक डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, 28 जुलाई तक सभी कार्य पूरे करने के निर्देश
-टूटी सड़कें, झुके बिजली के तार, झाडिय़ां और अधूरी लाइट व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के आदेश, गुणवत्ता से समझौता नहीं
-सभी विभागों को समन्वय के साथ मिशन मोड में काम करने की हिदायत, लापरवाही मिलने पर तय होगी अधिकारियों की जवाबदेही
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने कांवड़ यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करते हुए मेरठ तिराहा स्थित कांवड़ कंट्रोल रूम तथा प्रमुख कांवड़ मार्गों का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि 28 जुलाई से पूर्व सभी तैयारियां हर हाल में पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा से जुड़े किसी भी कार्य में लापरवाही या शिथिलता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम मेरठ तिराहा स्थित कांवड़ कंट्रोल रूम पहुंचकर वहां संचालित व्यवस्थाओं, निगरानी प्रणाली, संचार व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने कादराबाद क्षेत्र, गंग नहर मार्ग तथा पाइपलाइन मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर मौके पर मौजूद अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मार्ग पर चल रहे कार्यों की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया और जहां कमियां मिलीं, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज विभाग, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर जहां भी सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, उनकी मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए कोई भी सड़क अधूरी या क्षतिग्रस्त नहीं रहनी चाहिए। सभी कार्य 28 जुलाई से पूर्व हर हाल में पूरे किए जाएं।
विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ मार्ग पर जिन विद्युत पोलों की सुरक्षा कवरिंग अभी तक नहीं हुई है, उसे तत्काल पूरा किया जाए। साथ ही झुके हुए अथवा जर्जर विद्युत तारों को हटाकर अथवा उनकी मरम्मत कर सुरक्षित बनाया जाए ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। वन विभाग एवं संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कांवड़ मार्ग के दोनों ओर उगी झाडिय़ों, पेड़ों की लटकती शाखाओं तथा अन्य अवरोधों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मार्ग पूरी तरह साफ और सुगम होना चाहिए ताकि लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने नगर निगम और संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि 28 जुलाई से पहले सभी कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जहां आवश्यकता हो वहां अतिरिक्त हाईमास्ट लाइट एवं स्ट्रीट लाइट लगाई जाएं, जिससे रात्रि के समय भी श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करें। प्रत्येक कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए प्रत्येक अधिकारी को पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर जिलाधिकारी (नगर), अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), संबंधित उप जिलाधिकारी, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कांवड़ यात्रा जनआस्था का सबसे बड़ा पर्व है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि 28 जुलाई से पूर्व सड़क, विद्युत, प्रकाश, सफाई और अन्य सभी व्यवस्थाएं पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर ली जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता और समन्वय के साथ कार्य कर रहा है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


