-कम्पोजिट, मॉडल और प्रीमियम रिटेल शॉप पर अचानक पहुंचे जिला आबकारी अधिकारी, स्टॉक से लेकर सीसीटीवी और पॉश मशीन तक की बारीकी से जांच
-ग्राहकों से अधिक कीमत वसूलने और बिना पॉश मशीन स्कैन शराब बेचने वालों को सख्त चेतावनी, नियम तोड़े तो होगी कठोर कार्रवाई
-कांवड़ यात्रा से पहले आबकारी विभाग पूरी तरह अलर्ट, अधिकृत ब्रांड का पर्याप्त स्टॉक रखने और पारदर्शी बिक्री के दिए निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने और लाइसेंसी शराब दुकानों पर पारदर्शी बिक्री व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बुधवार को औचक निरीक्षण कर शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया। सरकारी कार्यों के व्यस्त कार्यक्रम के बीच उन्होंने स्वयं विभिन्न कम्पोजिट शॉप, मॉडल शॉप और प्रीमियम रिटेल शॉप का निरीक्षण किया तथा आबकारी निरीक्षकों द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान की कार्यशैली का भी मौके पर जाकर मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान जिला आबकारी अधिकारी ने दुकानों में उपलब्ध शराब के स्टॉक, स्टॉक रजिस्टर, बिक्री अभिलेख, साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, पॉश मशीन के माध्यम से होने वाली बिक्री तथा ग्राहकों को दी जा रही सुविधाओं की गहन जांच की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक बोतल की बिक्री निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पॉश मशीन स्कैन कर ही की जाए। यदि किसी दुकान पर बिना स्कैनिंग शराब बेची जाती है या ग्राहकों से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूली जाती है तो संबंधित अनुज्ञापी के विरुद्ध कठोर विभागीय एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिला आबकारी अधिकारी ने दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी और यह सुनिश्चित किया कि दुकान के काउंटर, प्रवेश द्वार और ग्राहकों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो रही हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कैमरे 24 घंटे क्रियाशील रहें ताकि किसी भी शिकायत या विवाद की स्थिति में साक्ष्य उपलब्ध हो सकें। उन्होंने यह भी कहा कि दुकानों की साफ-सफाई और व्यवस्थित संचालन ग्राहकों के विश्वास को मजबूत करता है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप आबकारी विभाग पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य कर रहा है। अवैध शराब का कारोबार, ओवररेटिंग और बिना पॉश मशीन बिक्री जैसी अनियमितताओं के लिए जनपद में कोई स्थान नहीं है। जो भी व्यक्ति या अनुज्ञापी नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हमारा उद्देश्य केवल राजस्व बढ़ाना नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा करना और पूरी व्यवस्था को पारदर्शी बनाना है। उन्होंने कहा कि आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए आबकारी विभाग पूरी तरह सतर्क है। सभी लाइसेंसी दुकानों पर सरकार द्वारा अधिकृत सभी ब्रांडों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की कृत्रिम कमी या अवैध बिक्री की स्थिति उत्पन्न न हो। किसी भी दुकान पर अवैध वसूली, स्टॉक में गड़बड़ी अथवा नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई होगी। निरीक्षण के दौरान जिला आबकारी अधिकारी ने आबकारी निरीक्षकों को भी स्पष्ट निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में औचक निरीक्षण करते रहें और प्रत्येक दुकान की गतिविधियों पर पैनी नजर रखें। उन्होंने कहा कि निरीक्षण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जवाबदेही तय करने का माध्यम होना चाहिए।
किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। इस विशेष अभियान के दौरान आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय, अखिलेश बिहारी वर्मा, सचिन त्रिपाठी, नामवर सिंह, अभिनव सिंह, दीपेन्द्र सिंह तथा संजय चन्द्र अपनी-अपनी टीमों के साथ क्षेत्र में सक्रिय रहे। टीमों ने विभिन्न शराब दुकानों का निरीक्षण कर स्टॉक, बिक्री प्रक्रिया और अभिलेखों की जांच की तथा अनुज्ञापियों को विभागीय दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के लिए कहा। जनपद में आबकारी विभाग की इस सक्रिय कार्यशैली को शराब कारोबार में पारदर्शिता स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
लगातार हो रहे औचक निरीक्षणों से न केवल अवैध शराब कारोबारियों पर शिकंजा कस रहा है, बल्कि लाइसेंसी दुकानदारों में भी नियमों का पालन करने की गंभीरता बढ़ी है। विभाग का स्पष्ट संदेश है कि जनपद में शराब की बिक्री पूरी तरह पारदर्शी, निर्धारित दरों पर और शासन की गाइडलाइन के अनुरूप ही होगी। आगामी कांवड़ यात्रा के मद्देनजर विभाग का यह अभियान और अधिक सघन किया जाएगा, ताकि कानून व्यवस्था, राजस्व हित और उपभोक्ताओं के अधिकार-तीनों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


