-कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन विस्तार का बिगुल, गांव-गांव तक पहुंचाने का लिया संकल्प
-शहरों के बीच बसे गांवों को भी मिलें आधुनिक सुविधाएं, स्मार्ट विलेज मॉडल पर दिया जोर
-युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ कार्यकर्ताओं को जनता के बीच सक्रिय रहने का संदेश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) महानगर इकाई, गाजियाबाद द्वारा रविवार को कविनगर स्थित लायंस क्लब सभागार में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन में पार्टी पदाधिकारियों ने महानगर के गांवों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त ‘स्मार्ट विलेज’ बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि शहरों के बीच बसे गांवों का समग्र विकास राष्ट्रीय लोकदल की प्राथमिकता रहेगा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय संगठन महासचिव त्रिलोक त्यागी, क्षेत्रीय अध्यक्ष त्रसपाल मलिक, मंडल अध्यक्ष इंद्रवीर भाटी, महानगर अध्यक्ष रेखा चौधरी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ सरदार इंद्रजीत सिंह टीटू, प्रदेश महासचिव मधु शर्मा, रामभरोसे लाल मौर्य, हरेंद्र चौधरी सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी मंचासीन रहे। सम्मेलन की अध्यक्षता सरदार इंद्रजीत सिंह टीटू ने की, जबकि संचालन महानगर अध्यक्ष रेखा चौधरी ने किया।
युवा महानगर अध्यक्ष तुषार कौशिक भी अपने समर्थकों के साथ सम्मेलन में शामिल हुए। मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय संगठन महासचिव त्रिलोक त्यागी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। यदि संगठन बूथ स्तर तक मजबूत होगा तो पार्टी की नीतियां और जनहित के मुद्दे सीधे जनता तक पहुंचेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केवल चुनावी गतिविधियों तक सीमित न रहकर पूरे वर्ष जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया। त्रिलोक त्यागी ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान और बराबरी का अधिकार देने में विश्वास रखता है। उन्होंने महिलाओं को 33 प्रतिशत के बजाय 50 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने का समर्थन करते हुए कहा कि महिलाओं की अधिक भागीदारी से लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी जाति और धर्म की राजनीति के बजाय विकास, सामाजिक न्याय और समान अवसर की राजनीति करती है।
उन्होंने महानगर अध्यक्ष रेखा चौधरी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने गाजियाबाद में संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा दी है।
उनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है तथा संगठन का तेजी से विस्तार हुआ है। उपचुनाव के दौरान उनकी सक्रियता और जनसंपर्क अभियान की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि उनके कार्यों की सराहना राजनीतिक विरोधियों ने भी की है। त्रिलोक त्यागी ने युवाओं से राष्ट्रीय लोकदल से जुडऩे का आह्वान करते हुए कहा कि नई सोच और नई ऊर्जा से ही संगठन का भविष्य मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि महानगर क्षेत्र के गांवों को स्मार्ट विलेज के रूप में विकसित करने के लिए पार्टी लगातार आवाज उठाएगी, ताकि गांवों में भी सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, डिजिटल सुविधाएं और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि शहरों के विस्तार के बीच बसे गांवों की पहचान और सम्मान बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे केवल फोटो खिंचवाने और दिखावटी राजनीति से दूर रहें तथा लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनकर उनकी समस्याओं को प्रशासन और सरकार तक पहुंचाएं।
उन्होंने महानगर अध्यक्ष रेखा चौधरी से गांव-गांव जाकर जनसमस्याओं को उठाने और संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने का आग्रह किया। क्षेत्रीय अध्यक्ष त्रसपाल मलिक ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल ने हमेशा किसान, मजदूर और ग्रामीण समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ी है। किसानों को उनकी जमीन का अधिकार दिलाने से लेकर उनके सम्मान की रक्षा तक पार्टी लगातार संघर्ष करती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को प्रत्येक गांव, वार्ड और समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन की सफलता में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा गांवों के विकास के लिए निरंतर संघर्ष करने का सामूहिक संकल्प लिया।
वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल गाजियाबाद महानगर के सभी गांवों के विकास कार्यों को प्राथमिकता दिलाने के लिए निरंतर प्रयास करेगा और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए जनआंदोलन भी चलाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव प्रबुद्ध कुमार चौधरी, मनवीर सिंह, प्रदेश महासचिव रविंद्र चौहान, प्रदेश सचिव ऑडी त्यागी, अमित त्यागी, अभिषेक त्यागी, विजय कौशिक, संजीव अरोड़ा, दिनेश शर्मा, जयदीप सिंह, भूपेंद्र डबास, लोकेश चौधरी, योगेंद्र, वीरभान, बॉबी चौधरी, सत्येंद्र तोमर, रामभरोसे लाल मौर्य, गुड्डू मुखिया, किशन राघव, राजेंद्र चंदेला, प्रदीप त्यागी, राजू गौतम, सुधीर तोमर, इंद्राणी त्यागी, दीपमाला चौधरी, कुहू कुमारी, मधु शर्मा, दीपा सिरोही, सुमन अग्रवाल, नैन्सी वर्मा, नवाब वाल्मीकि, एस.सी. शर्मा, अनीता राजपूत, अमित चौधरी, भूपेंद्र चौधरी, यश चौधरी, राहुल चौधरी, डॉ. संजय, शेर सिंह मैर्य, विपिन गुलिया, योगेश फफराना सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। सम्मेलन का समापन संगठनात्मक एकजुटता, गांवों के समग्र विकास और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के संकल्प के साथ हुआ।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||




