Image Slider

-केडीबी पब्लिक स्कूल में पूरे दिन चले शिविर में विद्यार्थियों ने सीखे आत्मनिर्भरता, सहयोग, जिम्मेदारी और नेतृत्व के व्यवहारिक गुर
-मोगली प्ले, बुलबुल गतिविधियां, गांठ बांधना, एक्शन गीत और रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से निखरी प्रतिभा व टीम भावना 

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कविनगर स्थित केडीबी पब्लिक स्कूल में शनिवार को स्काउट एवं गाइड शिविर का उत्साह, अनुशासन और सेवा भावना के साथ सफल आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस एक दिवसीय शिविर में कक्षा छह के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चले इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना तथा उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, सहयोग, सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रप्रेम जैसे जीवन मूल्यों का विकास करना रहा। पूरे दिन विद्यालय का वातावरण देशभक्ति, अनुशासन और उत्साह से सराबोर दिखाई दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या निवेदिता राणा ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने झंडा गीत और प्रार्थना प्रस्तुत कर वातावरण को प्रेरणादायी बना दिया। इस अवसर पर स्काउट एवं गाइड के आयुक्त श्री श्याम सिंह तथा श्रीमती सुधा पांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को स्काउट एवं गाइड आंदोलन के उद्देश्य, उसकी परंपराओं और समाज निर्माण में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराया।

शिविर के दौरान प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्काउट एवं गाइड की प्रतिज्ञा, नियम, सलामी तथा सेवा और अनुशासन के महत्व की विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को स्कार्फ पहनने की सही विधि, स्वागत ताली, धन्यवाद ताली, तारा की कहानी तथा अन्य व्यवहारिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण सत्रों में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ भाग लेकर अपनी सीखने की क्षमता का परिचय दिया। शिविर में आयोजित विभिन्न रचनात्मक और साहसिक गतिविधियां विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। छात्राओं ने बुलबुल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जबकि छात्रों ने पोटमपोल गतिविधि के माध्यम से टीमवर्क और नेतृत्व कौशल का प्रदर्शन किया। इसके अलावा मोगली प्ले, एक्शन गीत, मुखौटा निर्माण, सजावट, टैग निर्माण, गांठ बांधने की कला तथा अन्य गतिविधियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और कल्पनाशीलता को नई उड़ान दी।

रंग-बिरंगे चार्ट पेपर, लकड़ी की डंडियां, पेड़ों की टहनियां, रस्सियों, टेप और गोंद की सहायता से विद्यार्थियों ने आकर्षक मॉडल और सजावटी सामग्री तैयार की, जिसकी सभी अतिथियों और शिक्षकों ने मुक्त कंठ से सराहना की। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि स्काउट एवं गाइड केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन जीने की ऐसी पद्धति है जो व्यक्ति को जिम्मेदार, आत्मनिर्भर और समाज के प्रति समर्पित नागरिक बनने की प्रेरणा देती है। प्रशिक्षकों ने बताया कि सच्चा स्काउट एवं गाइड वही होता है जो सदैव दूसरों की सहायता के लिए तत्पर रहे, अनुशासन का पालन करे और समाज तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करे। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती निवेदिता राणा ने कार्यक्रम की सफलता पर समस्त शिक्षकगण, खेल विभाग तथा आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्काउट एवं गाइड के आदर्शों को केवल शिविर तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि सेवा, अनुशासन, समर्पण और सहयोग की भावना ही एक जिम्मेदार नागरिक की सबसे बड़ी पहचान होती है। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने शिविर को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और अत्यंत आनंददायक अनुभव बताया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में उत्साहपूर्वक भाग लेने का संकल्प व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को विद्यार्थियों में चरित्र निर्माण, नेतृत्व विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए विश्वास जताया कि ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी विद्यार्थियों को बेहतर नागरिक बनने की प्रेरणा देते रहेंगे।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||