Image Slider

नई दिल्ली. भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ निर्णायक तीसरे वनडे मैच के लिए जब रविवार को लॉडर्स पर उतरेगी तो समूचे क्रिकेट जगत की नजरें ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा पर लगी होंगी. तमाम अटकलों के बीच बीसीसीआई ने साफ तौर पर कहा है कि यह रोहित के कैरियर का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं होगा, लेकिन पहले दो मैचों में नाकाम रहे भारत के पूर्व कप्तान खुद को साबित जरूर करना चाहेंगे. फ्रंटफुट पर बेहतरीन पूल शॉट खेलने और स्पिनरों को मैदान के चारों ओर खेलने वाले रोहित इस सीरीज में उस लय में नहीं दिखे जिससे इन अटकलों को बल मिला कि 39 वर्ष का यह दिग्गज अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाला वनडे विश्व कप नहीं खेल सकेगा.

रोहित का ‘हिटमैन’ अवतार देखने को बेताब फैंस
कार्डिफ की कठिन पिच पर रोहित ने नौ डॉट गेंदें खेली जिसके बाद आउट हो गए. ‘क्रिकेट का घर’ कहे जाने वाले लॉडर्स पर बल्लेबाजों की मददगार पिच पर शायद उन्हें लय हासिल करने में मदद मिले. बतौर कप्तान रोहित ने मोर्चे से अगुवाई करते हुए हमेशा पावरप्ले में जोखिमभरे शॉट्स खेले हैं. उनके फैंस रविवार को उसी रोहित को देखना चाहते हैं. पहले दस ओवर में उन्हें जोफ्रा आर्चर की तूफानी गेंदों का सामना करना होगा.

मिडिल ऑर्डर को भी दिखाना होगा दम
कप्तान शुभमन गिल भी बड़ी पारी खेलना चाहेंगे जो सोफिया गार्डंस पर आसानी से आउट हो गए थे. दूसरी ओर विराट कोहली का शानदार फॉर्म बरकरार है. वह बृहस्पतिवार को शतक की ओर बढ रहे थे, लेकिन आर्चर की गेंद पर आउट हो गए जिसके बाद भारत का मध्यक्रम ढह गया और टीम को पराजय का सामना करना पड़ा. अब भारतीय टीम उससे सबक लेकर उतरेगी.

केएल राहुल की जगह उतरे ईशान किशन शॉर्ट गेंद पर विकेट गंवा बैठे. उछलती गेंदों के सामने भारतीय बल्लेबाजों की कमजोरी जाहिर हो गई. श्रेयस अय्यर ने मध्यक्रम में अच्छा खेला और आदिल रशीद के साथ स्पिनरों का बखूबी सामना किया. गेंदबाजी में कुलदीप यादव को उतारा जा सकता है क्योंकि वॉशिंगटन सुंदर चोटिल हैं. रविंद्र जडेजा की गैरमौजूदगी में अक्षर पटेल ने स्पिन हरफनमौला का काम अच्छे से किया है. भारतीय गेंदबाजों को जो रूट के बल्ले पर अंकुश लगाना होगा जो कोहली की तरह रन बनाए जा रहे हैं. रूट के अलावा इंग्लैंड के बाकी बल्लेबाजों ने कुछ खास नहीं किया है.

22 साल से जीत ढूंढ रहा भारत
लॉर्ड्स में भारत ने 1975 को अपना पहला वनडे मुकाबला खेला था. हालांकि, यहां पहली जीत उसे 1983 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली थी. इसके बाद लॉर्ड्स में अगले तीन वनडे मुकाबले जीतकर टीम इंडिया ने दबदबा बनाया, लेकिन 2004 के बाद से अब तक टीम इंडिया जब भी लॉर्ड्स में वनडे मैच खेलने उतरी है, उसे हार ही मिली है. शुभमन गिल की टीम जीत के इस सूखे को खत्म करना चाहेगी. आखिरी चार वनडे मुकाबलों में भारत को यहां इंग्लैंड ने ही हराया है. ऐसे में यह आसान नहीं रहने वाला.

भारत की टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़, प्रिंस यादव.

इंग्लैंड की टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), बेन डकेट, जोस बटलर (विकेटकीपर), टॉम बैंटन, जो रूट, जैकब बेथेल, विल जैक्स, रेहान अहमद, लियाम डॉसन, जेम्स कोल्स, सैम कुरेन, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, जोस टंग, साकिब महमूद, आदिल राशिद.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||