Image Slider

– तय समयसीमा में काम पूरा करें, किसी भी स्तर की लापरवाही नहीं होगी माफ: रविन्द्र कुमार माँदड़
-केपीसी डिग्री कॉलेज से लेकर आईटीएस डेंटल कॉलेज और कार्यक्रम मार्गों तक डीएम ने किया गहन निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
-सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग, पेयजल, बिजली, बैरिकेडिंग और चिकित्सा सुविधाओं को समयसीमा में दुरुस्त करने के निर्देश
-‘हर व्यवस्था का सूक्ष्म परीक्षण करें, किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी’, अधिकारियों को डीएम का स्पष्ट संदेश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 17 जुलाई को प्रस्तावित गाजियाबाद दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कार्यक्रम को सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने बुधवार को स्वयं कमान संभालते हुए कार्यक्रम स्थलों और पूरे रूट का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर ली जाएं। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री के मुख्य कार्यक्रम स्थल केपीसी डिग्री कॉलेज, मुरादनगर पहुंचकर मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, वीआईपी प्रोटोकॉल, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से प्रत्येक व्यवस्था की प्रगति की जानकारी ली और जहां कमियां दिखाई दीं, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने आईटीएस डेंटल कॉलेज, मुरादनगर, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) अतिथि गृह, नया बस अड्डा तथा मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण स्थलों और मार्गों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने वाले सभी मार्ग पूरी तरह गड्ढामुक्त, साफ-सुथरे और सुव्यवस्थित दिखाई देने चाहिए। साथ ही सड़क किनारे स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और यातायात संचालन को भी प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान मुरादनगर विधायक अजीतपाल त्यागी, अपर पुलिस आयुक्त राज करन नैय्यर, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने जिलाधिकारी को तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया, जिस पर उन्होंने समयबद्ध ढंग से सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। स्थलीय निरीक्षण के बाद महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्वों की प्रगति का आकलन किया गया और लंबित कार्यों को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, प्रोटोकॉल, जनसुविधाएं, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, बैरिकेडिंग, चिकित्सा सहायता और आपातकालीन सेवाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक व्यवस्था का सूक्ष्म स्तर पर परीक्षण करें ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थलों और मार्गों पर स्थित सभी सड़कों की मरम्मत कर उन्हें गड्ढामुक्त बनाया जाए। आगंतुकों और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, शौचालय, सफाई, पार्किंग और दिशा-निर्देशन जैसी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा प्रदेश सरकार की प्राथमिकता से जुड़ा कार्यक्रम है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्व का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और जवाबदेही के साथ सुनिश्चित करे।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश देते हुए कहा कि सभी तैयारियां तय समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं और प्रत्येक विभाग अपने कार्यों का स्वयं निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम का सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव विवेक मिश्र सहित जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को सफल बनाने के लिए निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने का भरोसा दिलाया।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||