-जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने लगाया पौधा, संरक्षण का लिया संकल्प
-शराब तस्करों पर सख्ती के साथ सामाजिक सरोकारों में भी आगे बढ़ रहा आबकारी विभाग
-‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ी आबकारी टीम, पर्यावरण बचाने के लिए लोगों से की अपील
-अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाने वाली आबकारी टीम ने रोपा हरियाली का संकल्प
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही गौतमबुद्ध नगर आबकारी विभाग की टीम ने रविवार को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की। वृहद वृक्षारोपण अभियान-2026 और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में आबकारी अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधारोपण कर हरित भविष्य का संदेश दिया। इस दौरान टीम ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जिस तरह समाज को अवैध गतिविधियों से सुरक्षित रखना विभाग की जिम्मेदारी है, उसी तरह प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा करना भी प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि एक पौधा लगाना केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ हवा, बेहतर वातावरण और सुरक्षित भविष्य की नींव रखना है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत प्रदेशभर में चलाए जा रहे वृक्षारोपण महाअभियान का उद्देश्य केवल अधिक से अधिक पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षित कर वृक्ष के रूप में विकसित करना है। आबकारी विभाग भी इस अभियान में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार सहयोग कर रहा है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि आबकारी विभाग की टीम लगातार जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही है। बाहरी राज्यों से होने वाली अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही विभाग सामाजिक जिम्मेदारियों को भी प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं है, बल्कि समाज के प्रति सकारात्मक भूमिका निभाना भी है।
पौधारोपण अभियान इसी सोच का हिस्सा है, जिसके माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। रविवार को आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के साथ आबकारी निरीक्षक सचिन त्रिपाठी, आशीष पाण्डेय, अखिलेश बिहारी वर्मा, नामवर सिंह, अभिनव शाही और दीनेद्र सिंह सहित अन्य कर्मचारियों ने पौधे लगाए। सभी अधिकारियों ने लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करनी चाहिए। यदि प्रत्येक नागरिक पर्यावरण संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझे तो प्रदूषण जैसी गंभीर समस्याओं से काफी हद तक निजात पाई जा सकती है।
उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर जैसे तेजी से विकसित हो रहे जिले में हरियाली का महत्व और भी बढ़ जाता है। औद्योगिक और शहरी विकास के साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखना जरूरी है। पौधारोपण से न केवल वातावरण शुद्ध होगा, बल्कि आने वाली पीढिय़ों को भी इसका लाभ मिलेगा। आबकारी विभाग की इस पहल ने यह संदेश दिया कि सरकारी विभाग केवल अपने दायित्वों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों में भी सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ हरियाली बढ़ाने की दिशा में आबकारी विभाग का यह कदम सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||




