Last Updated:
6 wicketkeeper Most runs in a series in Test: क्रिकेट इतिहास में विकेटकीपर सिर्फ स्टंप के पीछे ही नहीं, बल्कि बल्ले से भी मैच का पासा पलटने का दम रखते हैं. डेनिस लिंडसे ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रनों का रिकॉर्ड अपने नाम किया है जो 59 साल बाद भी कोई विकेटकीपर नहीं तोड़ पाया. भारत के विकेटकीपर ऋषभ पंत इस लिस्ट में छठे नंबर पर हैं.
दुनिया के 6 विकेटकीपर जिन्होंने टेस्ट सीरीज में बनाए सबसे ज्यादा रन.
इस लिस्ट में टॉप पर हैं दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर डेनिस लिंडसे (Denis Lindsay) . उन्होंने साल 1966-67 में जब ऑस्ट्रेलिया की टीम दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर थी तब यह वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था. लिंडसे ने जो कर दिखाया, वह आज भी एक अटूट रिकॉर्ड बनकर खड़ा है. लिंडसे ने पूरी सीरीज में कंगारू गेंदबाजों के खिलाफ तबाही मचाते हुए 5 मैचों की 7 पारियों में 606 रन कूट डाले. उनका सर्वोच्च स्कोर 182 रन रहा और उन्होंने 86.57 की बेमिसाल औसत से बल्लेबाजी की. उनके बल्ले से 3 शतक और 2 अर्धशतक निकले. सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि उस दौर में भी उनका स्ट्राइक रेट 76 से ऊपर का था. लिंडसे द्वारा बनाए गए ये 606 रन आज भी किसी विकेटकीपर द्वारा एक टेस्ट सीरीज में बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं.
दुनिया के 6 विकेटकीपर जिन्होंने टेस्ट सीरीज में बनाए सबसे ज्यादा रन.
एंडी फ्लावर का वो रूप जो दोबारा देखने को नहीं मिला
लिंडसे के इस धमाके के करीब तीन दशक बाद, साल 2000-01 में जिम्बाब्वे की टीम भारत के दौरे पर आई. इस सीरीज में दुनिया ने एंडी फ्लावर (Andy Flower) नाम के एक जीनियस का वो रूप देखा जो दोबारा देखने को नहीं मिला. महज 2 मैचों की 4 पारियों में एंडी फ्लावर ने भारतीय स्पिनरों के सामने रनों का अंबार लगा दिया. उन्होंने इस छोटी सी सीरीज में 540 रन बना डाले. इसमें एक नाबाद 232 रनों की मैराथन पारी भी शामिल थी. पूरी सीरीज में भारतीय गेंदबाज उन्हें सिर्फ दो बार आउट कर सके, जिसके चलते उनका बल्लेबाजी औसत 270 का रहा. अपनी इस जादुई बल्लेबाजी के दौरान फ्लावर ने 2 शतक और 2 अर्धशतक जड़े और 70 चौके लगाए.
बुद्धि कुंदेरन ने अपने बल्ले का जौहर दिखाया
इस लिस्ट में अगला नाम भारत के उस खिलाड़ी का है जिसने टेस्ट क्रिकेट में विकेटकीपरों की बल्लेबाजी की परिभाषा को बहुत पहले ही बदल दिया था. साल 1963-64 में जब इंग्लैंड की टीम भारत आई, तब भारतीय विकेटकीपर बुद्धि कुंदेरन ने अपने बल्ले का जौहर दिखाया. कुंदेरन ने 5 मैचों की 10 पारियों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 525 रन बटोरे. 192 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ उन्होंने इस सीरीज में 52.50 की औसत से रन बनाए. उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 2 शतक और 1 अर्धशतक जमाया और अपनी पारियों में 79 चौके जड़े.
ब्रैड हैडिन इंग्लैंड के गेंदबाजों के लिए बुरे सपने जैसे साबित हुए
अगर हम मॉडर्न दौर की एशेज सीरीज की बात न करें, तो यह कहानी अधूरी रहेगी. साल 2013-14 की मशहूर एशेज सीरीज में जहां ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड का 5-0 से सूपड़ा साफ किया था, वहीं कंगारू विकेटकीपर ब्रैड हैडिन इंग्लैंड के गेंदबाजों के लिए किसी बुरे सपने जैसे साबित हुए. जब भी ऑस्ट्रेलिया का टॉप ऑर्डर लड़खड़ाता, हैडिन संकटमोचक बनकर खड़े हो जाते. उन्होंने 5 मैचों की 8 पारियों में 61.62 की लाजवाब औसत से 493 रन बनाए. उनके इस प्रदर्शन में 1 शतक और 5 अर्धशतक शामिल थे. हैडिन की इस जवाबी बल्लेबाजी ने इंग्लैंड को सीरीज में कभी वापसी का मौका ही नहीं दिया.
वेस्टइंडीज के विकेटकीपर गैरी अलेक्जेंडर पांचवें नंबर पर
इसी तरह की एक ऐतिहासिक जंग साल 1960-61 में वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच ‘फ्रैंक वोरेल ट्रॉफी’ के दौरान देखी गई थी. वेस्टइंडीज के विकेटकीपर गैरी अलेक्जेंडर ने कंगारू धरती पर अपने बल्ले से जमकर लोहा लिया. उन्होंने 5 मैचों की 10 पारियों में दो बार नाबाद रहते हुए 484 रन बनाए। 60.50 की औसत और 108 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ अलेक्जेंडर ने विंडीज टीम के मध्यक्रम को गजब की मजबूती दी थी.उन्होंने इस बेहद कठिन दौरे पर 1 शतक और 5 अर्धशतक लगाने का कारनामा किया था.
ऋषभ पंत ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर किया था कमाल
भारत के मैच विनर विकेटकीपर ऋषभ पंत ने साल 2020-21 में भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरा शानदार प्रदर्शन किया था. सिडनी टेस्ट को बचाना हो या गाबा के घमंड को तोड़कर ऐतिहासिक जीत दर्ज करनी हो, पंत हर जगह नायक बनकर उभरे. उन्होंने इस सीरीज के महज 4 मैचों की 7 पारियों में ही 479 रन ठोक दिए. पंत ने 68.42 की औसत और लगभग 78 के तूफानी स्ट्राइक रेट से रन बनाए. उन्होंने इस सीरीज में 134 रनों की यादगार पारी के साथ 2 शतक और 3 अर्धशतक लगाए. उनके बल्ले से निकले 17 गगनचुंबी छक्के यह बताने के लिए काफी हैं कि उन्होंने कंगारू गेंदबाजों पर किस कदर मानसिक दबाव बनाया था.
About the Author
कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



