-मेरठ रोड औद्योगिक क्षेत्र में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ शिलारंभ, आधुनिक होम एप्लायंसेज निर्माण का बनेगा नया केंद्र
-नई यूनिट से बढ़ेगी उत्पादन क्षमता, स्थानीय युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए अवसर
-सनातन परंपराओं के अनुरूप हुआ भूमिपूजन, परिवार और प्रबंधन ने औद्योगिक प्रगति के नए अध्याय का किया शुभारंभ
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। घरेलू उपकरण निर्माण के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना चुकी समरकूल होम एप्लायंसेज लिमिटेड ने औद्योगिक विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए अपनी नई इकाई ‘समरकूल टेक्नोलॉजीज लिमिटेड’ का विधिवत भूमिपूजन किया। शुक्रवार को मेरठ रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित ए-4 परिसर में आयोजित समारोह वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच संपन्न हुआ। इस अवसर पर कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) संजीव कुमार गुप्ता, उनकी धर्मपत्नी रश्मि गुप्ता, परिवार की नई पीढ़ी के सदस्य टियारा गुप्ता, तास्विक गुप्ता एवं इवान गुप्ता ने विधि-विधान से भूमि पूजन कर नई औद्योगिक परियोजना की आधारशिला रखी। पूरे आयोजन में सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं की झलक देखने को मिली। वैदिक आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन एवं हवन संपन्न कराया गया। कंपनी प्रबंधन ने नई इकाई के सफल संचालन, निरंतर प्रगति और देश की औद्योगिक उन्नति में महत्वपूर्ण योगदान की कामना की। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और परिवार के सदस्यों ने भी नई परियोजना की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
समरकूल टेक्नोलॉजीज लिमिटेड की यह नई इकाई आधुनिक तकनीक से लैस होगी, जहां अत्याधुनिक कूलर और अन्य घरेलू उपकरणों का निर्माण किया जाएगा। कंपनी का लक्ष्य है कि अत्याधुनिक मशीनों और नवीनतम उत्पादन तकनीकों के माध्यम से गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता दोनों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए। प्रबंधन के अनुसार, इस यूनिट में जल्द ही उत्पादन शुरू करने की योजना है, जिससे कंपनी घरेलू बाजार के साथ-साथ भविष्य में निर्यात की संभावनाओं को भी मजबूत कर सकेगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समरकूल होम एप्लायंसेज लिमिटेड के सीएमडी संजीव कुमार गुप्ता ने कहा समरकूल टेक्नोलॉजीज लिमिटेड की स्थापना हमारे औद्योगिक विस्तार का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। हमारा उद्देश्य केवल उत्पादन क्षमता बढ़ाना नहीं, बल्कि भारतीय तकनीक, गुणवत्ता और नवाचार को नई पहचान देना भी है। प्रधानमंत्री के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विजन को आगे बढ़ाने में उद्योग जगत की महत्वपूर्ण भूमिका है और हमारी नई इकाई उसी दिशा में एक सशक्त कदम है।
इस प्लांट के शुरू होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, आधुनिक तकनीक पर आधारित उत्पाद तेजी से बाजार तक पहुंचेंगे और ग्राहकों को बेहतर गुणवत्ता वाले घरेलू उपकरण उपलब्ध कराए जा सकेंगे। आने वाले समय में समरकूल होम एप्लायंसेज उत्पादन और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि कंपनी हमेशा गुणवत्ता, उपभोक्ता विश्वास और आधुनिक तकनीक को प्राथमिकता देती रही है। नई इकाई में अत्याधुनिक उत्पादन प्रणाली अपनाई जाएगी, जिससे उत्पादों की गुणवत्ता अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जा सके। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा दक्षता को भी विशेष महत्व दिया जाएगा।
इस अवसर पर कंपनी के निदेशक राजीव गुप्ता ने कहा समरकूल की सफलता का आधार ग्राहकों का विश्वास और पूरी टीम की मेहनत है। नई औद्योगिक इकाई केवल कंपनी के विस्तार का माध्यम नहीं है, बल्कि यह गाजियाबाद के औद्योगिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी। हमारा प्रयास रहेगा कि उत्पादन के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराए जाएं। नई यूनिट में आधुनिक तकनीक, गुणवत्ता नियंत्रण और अनुसंधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे समरकूल के उत्पाद देशभर के उपभोक्ताओं की पहली पसंद बने रहें। उन्होंने कहा कि कंपनी भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अनुसंधान एवं विकास (आर एंड डी) पर भी विशेष निवेश करेगी। नई यूनिट में उत्पादन प्रक्रिया को अधिक दक्ष और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए आधुनिक उपकरणों और तकनीकों का उपयोग किया जाएगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में सीमा गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, सुरभि गुप्ता, आशुतोष गुप्ता, प्रियंका गुप्ता, तुषार गुप्ता, भक्ति गुप्ता, तनुज गुप्ता, रोहित गोयल, यश गोयल सहित गुप्ता परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर नई इकाई की सफलता और समृद्धि की कामना की। औद्योगिक जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि समरकूल टेक्नोलॉजीज लिमिटेड की स्थापना से न केवल गाजियाबाद की औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
रोजगार के नए अवसर सृजित होने के साथ-साथ सहायक उद्योगों और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। नई औद्योगिक इकाई के माध्यम से समरकूल होम एप्लायंसेज लिमिटेड ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि वह आने वाले वर्षों में तकनीकी नवाचार, गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता के दम पर घरेलू उपकरण उद्योग में अपनी स्थिति को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी का विश्वास है कि आधुनिक तकनीक, कुशल मानव संसाधन और ग्राहकों के भरोसे के बल पर यह नई यूनिट उद्योग जगत में सफलता की नई मिसाल स्थापित करेगी।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



