03 फरवरी 1988 को जन्मी सज्जिदा शाह (Sajjida Shah) का बचपन आम बच्चों की तरह गुड़िया-गुड्डों के खेल में नहीं, बल्कि क्रिकेट के मैदान पर बीता. जब बच्चे सातवीं या आठवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे होते हैं, तब सज्जिदा पाकिस्तान की राष्ट्रीय जर्सी पहनने की तैयारी कर रही थीं. उन्होंने 23 जुलाई 2000 को आयरलैंड के खिलाफ डबलिन में अपने करियर का पहला वनडे मैच खेला था. इस ऐतिहासिक डेब्यू के वक्त उनकी उम्र महज 12 साल 171 दिन थी.
सज्जिदा खान के नाम है ये विश्व रिकॉर्ड.
वनडे डेब्यू के 7 दिन बाद टेस्ट कैप भी मिल गई
सज्जिदा की प्रतिभा और जज्बा इस कदर हावी था कि इस वनडे डेब्यू के ठीक सात दिन बाद ही उन्हें आयरलैंड के खिलाफ टेस्ट कैप भी सौंप दी गई. इस तरह उन्होंने इतनी कम उम्र में न सिर्फ डेब्यू किया, बल्कि खेल के सबसे लंबे और कठिन प्रारूप में भी अपनी जगह पक्की कर ली. वह पाकिस्तान के लिए क्रिकेट के तीनों प्रारूपों (टेस्ट, वनडे और टी20) में प्रतिनिधित्व करने वाली चुनिंदा खिलाड़ियों में शुमार हैं.
क्यों नहीं टूट सकता सज्जिदा का यह विश्व रिकॉर्ड
खेल प्रेमियों के जेहन में अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या भविष्य में कोई खिलाड़ी सज्जिदा शाह के इस रिकॉर्ड को तोड़ पाएगा? इसका सीधा और स्पष्ट जवाब है नहीं. आईसीसी ने अब खेल और खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमों में बड़ा बदलाव कर दिया है. नए नियमों के मुताबिक, अब किसी भी खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू करने के लिए कम से कम 15 वर्ष की आयु पूरी करनी अनिवार्य है. इसी कड़े नियम का असर हाल ही में भारतीय क्रिकेट में भी देखने को मिला. भारत के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को अपनी बेमिसाल प्रतिभा के बावजूद भारतीय टीम में शामिल होने के लिए इसी उम्र के मापदंड को पूरा करने का इंतजार करना पड़ा था. आईसीसी के इस नियम के लागू होने के बाद अब यह साफ हो चुका है कि 12 साल की उम्र में डेब्यू करने का सज्जिदा शाह का यह वर्ल्ड रिकॉर्ड खेल के इतिहास में हमेशा के लिए अमर हो चुका है.
एक दशक लंबा करियर और बेमिसाल आंकड़े
सज्जिदा शाह सिर्फ अपनी उम्र के कारण चर्चा में नहीं रहीं, बल्कि मैदान पर उनका प्रदर्शन भी काबिलेतारीफ था. उन्होंने लगभग एक दशक तक पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की रीढ़ की हड्डी के रूप में काम किया. साल 2009 में ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर खेले गए महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में भी वह पाकिस्तानी टीम का एक बेहद अहम हिस्सा थीं, जहां उन्होंने अपनी खेल भावना से दुनिया को प्रभावित किया.
अगर उनके करियर के आंकड़ों पर नजर डालें, तो उन्होंने पाकिस्तान के लिए कुल 2 टेस्ट मैच खेले, जिसकी 3 पारियों में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 100 रन बनाए. वहीं, वनडे क्रिकेट में उनका योगदान सबसे लंबा और प्रभावी रहा. सज्जिदा ने अपने करियर में 60 वनडे मुकाबले खेले, जिनकी 59 पारियों में उन्होंने अपनी टीम के लिए बहुमूल्य 863 रन जोड़े. इस दौरान उनके बल्ले से एक बेहतरीन अर्धशतक भी निकला. सज्जिदा सिर्फ बल्ले से ही नहीं, बल्कि गेंद से भी विरोधी टीम पर कहर ढाती थीं. उन्होंने अपने वनडे करियर में शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए कुल 51 विकेट अपनी झोली में डाले, जो एक ऑलराउंडर के तौर पर उनकी उपयोगिता को साबित करता है. इसके अलावा, जब क्रिकेट का सबसे छोटा और फटाफट प्रारूप यानी टी20 इंटरनेशनल वजूद में आया, तो सज्जिदा ने वहां भी अपनी छाप छोड़ी. उन्होंने अपने करियर में कुल 8 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले, जिसकी 8 पारियों में उन्होंने 86 रन बनाए और गेंदबाजी में हाथ आजमाते हुए 5 पारियों में 3 महत्वपूर्ण विकेट भी अपने नाम किए.
22 साल की उम्र में अलविदा
सज्जिदा शाह का करियर जितना जल्दी शुरू हुआ था, उसका अंत भी उतनी ही जल्दी हो गया. साल 2010 में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया. जब उन्होंने संन्यास लिया, तब उनकी उम्र तकरीबन सिर्फ 22 साल थी. एक ऐसी उम्र जब ज्यादातर खिलाड़ी अपने करियर की शुरुआत करने या अपनी फॉर्म के चरम पर पहुंचने का सपना देखते हैं. महज 22 साल की उम्र में क्रिकेट को अलविदा कहने के बावजूद, सज्जिदा ने वो सब कुछ हासिल कर लिया था जो कई दिग्गज खिलाड़ी पूरे करियर में नहीं कर पाते. आज सज्जिदा शाह भले ही मैदान पर नजर नहीं आतीं, लेकिन जब भी क्रिकेट के इतिहास में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों का जिक्र होगा, इस पाकिस्तानी खिलाड़ी का नाम सबसे ऊपर चमकेगा. उनका यह सफर आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा एक मिसाल रहेगा कि अगर हुनर और हौसला हो, तो उम्र महज एक गिनती बनकर रह जाती है.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


