-20 जून को जीडीए की मेगा नीलामी, आवासीय से लेकर व्यावसायिक और ग्रुप हाउसिंग भूखंडों पर लगेंगी बोलियां
-पहली बार मिक्स लैंड यूज प्लॉट बिक्री के लिए शामिल, एक ही भूखंड पर आवास और व्यवसाय दोनों की मिलेगी सुविधा
-इंदिरापुरम, वैशाली, कौशांबी और मधुबन-बापूधाम में निवेश का अवसर, 17 जून तक किए जा सकेंगे आवेदन
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) एक बार फिर शहर में निवेश और संपत्ति खरीदने के इच्छुक लोगों के लिए बड़ा अवसर लेकर आया है। इंदिरापुरम, वैशाली, कौशांबी, मधुबन-बापूधाम और इंद्रप्रस्थ जैसी प्रमुख योजनाओं में रिक्त पड़े आवासीय एवं व्यावसायिक भूखंडों की नीलामी आगामी 20 जून को आयोजित की जाएगी। इस मेगा नीलामी के जरिए लोगों को शहर के विकसित और प्रमुख क्षेत्रों में अपनी पसंद का भूखंड खरीदने का मौका मिलेगा। जीडीए की ओर से आयोजित इस नीलामी में 120 से अधिक भूखंड शामिल किए गए हैं, जिनका आकार 120 वर्ग मीटर से लेकर लगभग 7 हजार वर्ग मीटर तक है। प्राधिकरण का उद्देश्य रिक्त भूखंडों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के साथ-साथ शहर में नियोजित विकास को गति देना है। यही कारण है कि इस बार विभिन्न श्रेणियों और आकारों के भूखंडों को नीलामी प्रक्रिया में शामिल किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग अपनी जरूरत और बजट के अनुसार निवेश कर सकें। जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि इस बार की नीलामी कई मायनों में विशेष है। पहली बार 18 मीटर चौड़ी सड़क पर स्थित पांच मिक्स लैंड यूज भूखंडों को भी नीलामी के लिए रखा गया है। इन भूखंडों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इन्हें खरीदने वाले लोग एक ही स्थान पर आवासीय और व्यावसायिक दोनों प्रकार के उपयोग के लिए नक्शा स्वीकृत करा सकेंगे।
इससे छोटे और मध्यम स्तर के उद्यमियों के साथ-साथ निवेशकों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। नीलामी में केवल आवासीय और व्यावसायिक भूखंड ही नहीं, बल्कि ग्रुप हाउसिंग, हाई स्कूल, नर्सिंग होम, अस्पताल, होटल तथा कियोस्क श्रेणी के भूखंड भी शामिल किए गए हैं। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, आतिथ्य और आवासीय क्षेत्र से जुड़े निवेशकों के लिए भी नए अवसर खुलेंगे। प्राधिकरण के अनुसार इंदिरापुरम और इंदिरापुरम विस्तार योजना में सर्वाधिक 62 भूखंड नीलामी के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना में औद्योगिक भूखंड तथा इंद्रप्रस्थ योजना में ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध कराई जा रही है। शहर के तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में इन भूखंडों की उपलब्धता निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने के इच्छुक आवेदक 17 जून तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की सुविधा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध कराई गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें हिस्सा ले सकें।
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 20 जून को लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में खुली नीलामी का आयोजन किया जाएगा, जहां पात्र आवेदकों के बीच बोली लगाई जाएगी। जीडीए अधिकारियों के अनुसार नीलामी में सबसे अधिक बोली लगाने वाले व्यक्ति या संस्था को संबंधित भूखंड आवंटित किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। प्राधिकरण को उम्मीद है कि इस नीलामी में बड़ी संख्या में निवेशक और खरीदार हिस्सा लेंगे। शहर में लगातार बढ़ रही आबादी, बेहतर कनेक्टिविटी और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को देखते हुए इंदिरापुरम, वैशाली और कौशांबी जैसे क्षेत्रों में संपत्ति की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में जीडीए की यह नीलामी उन लोगों के लिए सुनहरा अवसर मानी जा रही है, जो भविष्य की दृष्टि से सुरक्षित और लाभकारी निवेश करना चाहते हैं। प्राधिकरण का मानना है कि इस नीलामी से न केवल राजस्व में वृद्धि होगी, बल्कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी। साथ ही रिक्त भूखंडों का उपयोग सुनिश्चित होने से नियोजित शहरी विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


