Image Slider

मालवीय नगर स्थित होटल फ्लोरिश स्टे बीएंडबी में हुए भीषण अग्निकांड की जांच के बीच होटल मालिक लवकेश बजाज से जुड़ा एक पुराना आपराधिक मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, लवकेश बजाज इसी वर्ष जनवरी में दो बांग्लादेशी महिलाओं को  भारतीय दस्तावेज दिलाने के मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल वह अग्निकांड मामले में चार दिन की पुलिस रिमांड पर है।

वहीं होटल के प्रबंधक जय मिश्रा और अन्य कर्मचारियों की तलाश तेज कर दी गई है। मध्य जिला पुलिस के अनुसार, जनवरी 2025 में पहाड़गंज थाना क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान दो बांग्लादेशी महिलाओं और एक नाबालिग को अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में पकड़ा गया था। जांच में पता चला कि महिलाएं भारतीय पासपोर्ट और आधार कार्ड जैसे दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रही थीं, जिन्हें धोखाधड़ी से हासिल किया गया था।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी स्वीटी सरकार ने भारतीय पासपोर्ट बनवाने के लिए छतरपुर एन्क्लेव स्थित एक मकान का पता दिया था। सत्यापन के दौरान यह पता साकेत निवासी लवकेश बजाज का निकला। 

पूछताछ में बजाज ने स्वीकार किया कि उसने पैसे लेकर अपने पते का इस्तेमाल करने की अनुमति दी थी। इसके बाद 19 जनवरी 2025 को लवकेश बजाज, स्वीटी सरकार और पुष्पो सरकार को गिरफ्तार किया गया। मामले में आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है और मुकदमा अदालत में लंबित है।

कर्मचारियों और लेन-देन की जांच

अग्निकांड की जांच कर रही एजेंसियां अब होटल के संचालन, कर्मचारियों, दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल कर रही हैं। होटल के अकाउंटेंट जय मिश्रा और मैनेजर राकेश की तलाश में दिल्ली पुलिस की कई टीमें छापे मार रही हैं। एक टीम बिहार भी भेजी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले फर्जी पासपोर्ट मामले की फाइल भी दोबारा खंगाली जा रही है। जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि होटल संचालन, दस्तावेजी अनियमितताओं और अन्य गतिविधियों के बीच कोई संबंध था या नहीं।

प्रबंधन संभालने वाले की दिल्ली और पड़ोसी राज्यों में की जा रही तलाश

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि होटल के संचालन और प्रबंधन में जय मिश्रा की अहम भूमिका थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए दिल्ली और पड़ोसी राज्यों में कई टीमें लगाई गई हैं। तकनीकी निगरानी के साथ उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस दर्ज कर रही प्रत्यक्षदर्शियों और होटल कर्मियों के बयान

जांच के दौरान पुलिस होटल कर्मचारियों, जीवित बचे लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज कर रही है। साथ ही भवन के लेआउट, सुरक्षा प्रबंधों, आपातकालीन निकास व्यवस्था और उन परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

15 दिन जेल में रहा था लवकेश 

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद लवकेश बजाज को तिहाड़ जेल भेजा गया था। करीब 15 दिन जेल में रहने के बाद उसे जमानत मिल गई थी। जांच पूरी होने के बाद अदालत में आरोपपत्र भी दाखिल किया जा चुका है।

 

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||