Image Slider

दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने पिंक सहेली नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) के 10 लाख से अधिक कार्ड जारी कर दिए हैं। यह उपलब्धि योजना शुरू होने के 90 दिनों से भी कम समय में हासिल की गई है। दिल्ली सरकार ने महिलाओं को डीटीसी बसों में मुफ्त और सुगम यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इसी साल 2 मार्च को पिंक सहेली एनसीएमसी कार्ड की शुरुआत की थी। यह कार्ड राष्ट्रीय कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) पर आधारित है, जिसके माध्यम से महिलाओं को डिजिटल और बिना किसी झंझट के यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि 90 दिनों से भी कम समय में 10 लाख से अधिक कार्ड जारी होना दिल्ली सरकार और डीटीसी के लिए बड़ी उपलब्धि है। इस योजना को सफल बनाने के लिए परिवहन विभाग और डीटीसी की टीमों ने साथ कार्य किया। उन्होंने बताया कि कार्ड केवल मुफ्त बस यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे रिचार्ज कर दिल्ली मेट्रो, क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) और अन्य एनसीएमसी आधारित सेवाओं में भी उपयोग किया जा सकता है।

प्रतिदिन 11000 कार्ड हो रहे जारी

मंत्री ने बताया कि वर्तमान में दिल्ली के 73 केंद्रों के माध्यम से कार्ड जारी किए जा रहे हैं और प्रतिदिन लगभग 11 हजार कार्ड वितरित किए जा रहे हैं। सरकार ने मांग बढ़ने की स्थिति में वितरण क्षमता और पहुंच दोनों को और विस्तारित करने की तैयारी कर रखी है।

वन दिल्ली एप को बनाया जाएगा आधुनिक

कार्यक्रम के दौरान डीटीसी ने आईआईटी कानपुर के एयरावत रिसर्च फाउंडेशन (एआरएफ) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी के तहत दिल्ली ट्रांसपोर्ट स्टैक और वन दिल्ली एप के संचालन, रखरखाव और उन्नयन का कार्य किया जाएगा। यह सहयोग वन दिल्ली एप, ओएनडीसी आधारित बस टिकटिंग प्रणाली और अन्य डिजिटल यात्री सेवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डाटा एनालिटिक्स तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से और मजबूत बनाएगा।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||