Image Slider

Last Updated:

CBSE Answer Sheet Controversy: CBSE की 12वीं बोर्ड परीक्षा में शुरू हुआ आंसरशीट विवाद अब सिर्फ कॉपी बदलने तक सीमित नहीं रह गया है. वेदांत श्रीवास्तव को जब उनकी सही फिजिक्स आंसरशीट मिली, तो उसमें दिख रही लाल स्याही की मार्किंग ने एक नया सवाल खड़ा कर दिया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों को देखकर लोग पूछ रहे हैं कि आखिर ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम के दौर में कॉपी पर हाथ से जांच के निशान कैसे दिख रहे हैं?

ख़बरें फटाफट

CBSE: वेदांत की ‘सही’ कॉपी पर भी मचा बवाल, उठे सवाल, स्‍क्रीनशॉट वायरलZoom

CBSE Answer Sheet Controversy, vedant answer sheet, vedant, cbse board: वेदांत की आंसर शीट पर उठे सवाल.

CBSE Answer Sheet Controversy: सीबीएसई के ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब और गहरा गया है. 12वीं के छात्र वेदांत श्रीवास्तव की फिजिक्स आंसरशीट का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब उनकी सही बताई जा रही कॉपी के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं. इन तस्वीरों ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है. सवाल यह उठ रहा है कि क्या सीबीएसई ने इस मामले में डिजिटल मूल्यांकन की जगह मैनुअल तरीके से कॉपी जांची?

दरअसल, कुछ दिन पहले सीबीएसई ने खुद माना था कि री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया के दौरान वेदांत की आंसरशीट गलती से किसी दूसरे छात्र की कॉपी से बदल गई थी. अब वेदांत ने सोशल मीडिया पर जो नई तस्वीरें साझा की हैं, उनमें कॉपी पर लाल स्याही से किए गए निशान और मार्किंग दिखाई दे रही है. इससे सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है कि आखिर OSM सिस्टम के बावजूद कॉपी हाथ से क्यों जांची गई.

CBSE Answer Sheet Controversy, vedant answer sheet: सीबीएसई ने दी दूसरी कॉपी.

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?

यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब कक्षा 12 के छात्र वेदांत श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया कि सीबीएसई ने री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया के दौरान जो फिजिक्स की स्कैन कॉपी उन्हें भेजी वह उनकी नहीं थी.वेदांत ने कहा था कि कॉपी में लिखावट उनकी नहीं थी.जवाब अलग थे और यहां तक कि जिन सवालों को उन्होंने परीक्षा में हल किया था वे भी उस कॉपी में मौजूद नहीं थे.उनका यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गया. इसके बाद सोशल मीडिया पर सीबीएसई की मूल्यांकन प्रणाली और ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम को लेकर बड़े सवाल उठने लगे.
Cbse answer sheet class 12, CBSE answer sheet PDF, Vedant cbse: वेदांत की कॉपी पर विवाद.

CBSE ने मानी गलती

मामला बढ़ने के बाद सीबीएसई ने छात्र से संपर्क किया और माना कि आंसरशीट की अदला-बदली हुई थी.इसके बाद वेदांत ने खुद सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि बोर्ड ने अब उनकी सही फिजिक्स आंसरबुक उपलब्ध करा दी है और उनकी शिकायत सही साबित हुई है हालांकि मामला यहीं खत्म नहीं हुआ.

नई कॉपी में दिखी लाल स्याही की मार्किंग

वेदांत ने बाद में अपनी सही बताई जा रही फिजिक्स आंसरशीट के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर शेयर किए.इन तस्वीरों को देखकर लोगों की नजर एक और चीज पर गई.कॉपी में जगह-जगह लाल स्याही से टिक मार्क, गोल घेरे, नंबरिंग, कटिंग और एग्जामिनर की नोटिंग दिखाई दे रही थी.तस्वीरों में सीबीएसई की 12वीं फिजिक्स की सामान्य आंसरबुक नजर आती है जिसमें नीली लाइन वाले पन्ने, प्रिंटेड प्रश्न संख्या, QR कोड सेक्शन और रोल नंबर की जगह मौजूद है लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा लाल पेन से की गई मार्किंग को लेकर हो रही है.कई सवालों के सामने लाल टिक लगे हैं. कुछ उत्तरों के नंबर घेरकर लिखे गए हैं. कहीं स्लैश, कहीं नोटिंग और कहीं हाथ से अंक दर्ज किए गए हैं.

OSM सिस्टम पर क्यों उठ रहे सवाल?

सीबीएसई ने हाल के वर्षों में ऑन-स्क्रीन मार्किंग यानी OSM सिस्टम लागू किया था. इसका मकसद उत्तर पुस्तिकाओं को डिजिटल तरीके से जांचना था.इस प्रक्रिया में आंसरशीट स्कैन की जाती है और परीक्षक कंप्यूटर स्क्रीन पर कॉपी देखकर डिजिटल तरीके से मार्किंग करते हैं. आमतौर पर इसमें फिजिकल कॉपी पर लाल पेन से मार्किंग नहीं होती लेकिन वेदांत द्वारा शेयर की गई कॉपी की तस्वीरें पारंपरिक पेन-बेस्ड मूल्यांकन जैसी दिख रही हैं.यही वजह है कि सोशल मीडिया पर लोग सवाल पूछ रहे हैं कि क्या विवाद सामने आने के बाद सीबीएसई ने कॉपी को दोबारा मैनुअली चेक कराया?

कई छात्रों ने लगाए हैं गड़बड़ी के आरोप

वेदांत का मामला अकेला नहीं है.इस साल कई छात्र अलग-अलग विषयों में मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर शिकायत कर चुके हैं.कुछ छात्रों ने कहा कि उनकी कॉपी के पन्ने गायब थे.कुछ ने आरोप लगाया कि सही जवाबों पर भी नंबर नहीं दिए गए. कई छात्रों ने बेहद कम अंक आने और स्कैन कॉपी में गड़बड़ी की शिकायत की.इसी वजह से इस बार सीबीएसई की मूल्यांकन प्रक्रिया लगातार विवादों में बनी हुई है.

अभी भी संतुष्ट नहीं हैं वेदांत

इंडियन एक्‍सप्रेस में छपी रिपोर्ट के मुताबिक हालांकि सीबीएसई ने वेदांत को सही कॉपी उपलब्ध करा दी है लेकिन वेदांत अभी भी पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि फिजिक्स के कई जवाब सही होने के बावजूद उन्हें कम अंक दिए गए हैं.ऐसे में वह अब दोबारा री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन करेंगे.उनका कहना है कि कुछ उत्तरों को अंडरमार्क किया गया है और उन्हें उम्मीद से कम नंबर मिले हैं.

पारदर्शिता और भरोसे पर फिर बहस

इस पूरे विवाद ने एक बार फिर बोर्ड परीक्षाओं की पारदर्शिता और डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली की विश्वसनीयता पर बहस छेड़ दी है.छात्रों और अभिभावकों का कहना है कि जब पूरा सिस्टम डिजिटल और सुरक्षित होने का दावा किया जाता है तो फिर ऐसी गड़बड़ियां कैसे हो रही हैं.अब सोशल मीडिया पर लोग यह मांग कर रहे हैं कि सीबीएसई मूल्यांकन प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाए और छात्रों की शिकायतों का तेजी से समाधान करे, ताकि उनके भविष्य पर असर न पड़े.

About the Author

authorimg

Dhiraj Raiअसिस्टेंट एडिटर

न्यूज़18 हिंदी (Network 18) डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर के तौर पर कार्यरत. न्‍यूज 18 में एजुकेशन, करियर, सक्‍सेस स्‍टोरी की खबरों पर. करीब 15 साल से अधिक मीडिया में सक्रिय. हिन्दुस्तान, दैनिक भास्कर के प्रिंट व …और पढ़ें

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||