Image Slider

-महापौर सुनीता दयाल ने 10 करोड़ की सौंदर्यकरण परियोजना का किया निरीक्षण
-नाला, सड़क, डिवाइडर और स्टेच्यू निर्माण से चमकेगा तिगरी से एनएच-9 कॉरिडोर
-रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को किया जाएगा व्यवस्थित, ग्रीन बेल्ट बनेगी आकर्षण का केंद्र

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। लंबे समय से गंदगी और बदहाल व्यवस्था के लिए पहचान बना चुका तिगरी गोल चक्कर अब शहर की नई और खूबसूरत पहचान बनने जा रहा है। नोएडा से गाजियाबाद आने वाले मार्ग पर स्थित तिगरी गोल चक्कर से एनएच-9 तक चल रहे व्यापक सौंदर्यकरण कार्यों का मंगलवार को निरीक्षण करने के लिए महापौर सुनीता दयाल नगर निगम अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को तेजी और गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। नगर निगम द्वारा लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से इस पूरे क्षेत्र में नाला निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर निर्माण, गोल चक्कर पर स्टैच्यू स्थापना और सौंदर्यकरण का कार्य कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान महापौर ने पाया कि सड़क और नाले का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है, जबकि गोल चक्कर पर स्टेच्यू लगाने और आसपास के क्षेत्र को सुंदर बनाने का कार्य तेजी से जारी है।

महापौर सुनीता दयाल ने ग्रीन बेल्ट क्षेत्र का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ चर्चा कर पौधरोपण तथा हरित क्षेत्र को विकसित करने की योजना पर मंथन किया। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में बड़े स्तर पर पौधरोपण कर इस क्षेत्र को आकर्षक बनाया जाएगा। इसके लिए पहले सफाई अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे लगने वाले ठेले, रेहड़ी और पटरियों को व्यवस्थित करने पर भी विशेष चर्चा हुई। महापौर ने स्पष्ट कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर को सुंदर बनाना है, लेकिन इसके साथ-साथ छोटे व्यापारियों के रोजगार को भी सुरक्षित रखा जाएगा। रेहड़ी-पटरी संचालकों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराकर ट्रैफिक और अव्यवस्था की समस्या को दूर किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पहले तिगरी गोल चक्कर से एनएच-9 तक का इलाका गंदगी के कारण बदनाम था और लोग इसी क्षेत्र को देखकर समझ जाते थे कि गाजियाबाद आ गया है। लेकिन अब नगर निगम के प्रयासों से यह क्षेत्र शहर की सबसे सुंदर एंट्री के रूप में विकसित होने जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। नगर निगम द्वारा ट्रांसफार्मर, निर्माण सामग्री और अवैध पार्किंग जैसी समस्याओं को भी व्यवस्थित करने की योजना तैयार की जा रही है, ताकि पूरा क्षेत्र स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित दिखाई दे सके।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||