-तीनों संकायों में उत्कृष्ट परिणाम, 97.5 प्रतिशत अंक के साथ राधिका त्यागी बनीं स्कूल टॉपर
-विषयवार शत-प्रतिशत अंकों से छात्रों ने दिखाई अकादमिक श्रेष्ठता
-218 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी हासिल कर विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को किया साबित
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा सत्र 2025-26 के घोषित परिणामों में सिल्वरलाइन प्रेस्टिज स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार सफलता हासिल करते हुए विद्यालय को गौरवान्वित किया है। इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम अत्यंत उत्कृष्ट रहा, जिसमें विज्ञान, वाणिज्य और कला-तीनों संकायों के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त कर अपनी प्रतिभा और परिश्रम का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विद्यालय की छात्रा राधिका त्यागी ने 97.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया और कला संकाय में भी शीर्ष स्थान प्राप्त करते हुए अपनी शैक्षणिक क्षमता का शानदार परिचय दिया। वहीं पार्थ श्रीवास्तव और ईशान गर्ग ने 97.25 प्रतिशत अंक अर्जित कर संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। शिवम दमानी ने 96.75 प्रतिशत अंक हासिल कर तृतीय स्थान प्राप्त किया और विद्यालय की मेधावी सूची में अपना नाम दर्ज कराया।
संकायवार प्रदर्शन की बात करें तो विज्ञान संकाय में पार्थ श्रीवास्तव एवं ईशान गर्ग ने सर्वोच्च अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वाणिज्य संकाय में सिद्धार्थ शर्मा ने 96.25 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कला संकाय में राधिका त्यागी का प्रदर्शन सर्वाधिक सराहनीय रहा।
विद्यार्थियों के संतुलित और उत्कृष्ट परिणाम ने विद्यालय की मजबूत शैक्षणिक प्रणाली को एक बार फिर प्रमाणित किया। इस वर्ष विषयवार उत्कृष्टता भी विद्यालय की विशेष पहचान बनकर सामने आई। ध्वनि अग्रवाल ने अंग्रेज़ी विषय में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए। मनोविज्ञान विषय में राधिका त्यागी, सृष्टि जैन और आनंदी गिनोत्रा ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार उपलब्धि दर्ज की। गणित विषय में पार्थ श्रीवास्तव और दार्शिया शर्मा ने पूर्ण अंक हासिल किए। पेंटिंग विषय में कार्तिक सिंह, अनन्या अग्रवाल, दिव्यांशी सिंह, शचि जैन और प्राची गोयल ने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं सिद्धार्थ शर्मा ने बिज़नेस स्टडीज़ में 100 प्रतिशत अंक हासिल कर वाणिज्य संकाय की प्रतिष्ठा बढ़ाई। विद्यालय प्रशासन के अनुसार इस वर्ष कुल 218 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की, जो विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रमाण है। विभिन्न विषयों में विद्यार्थियों द्वारा कुल 656 विशिष्ट अंक श्रेणियां (75 प्रतिशत से अधिक) प्राप्त की गईं, जिसने विद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
विद्यालय के चेयरमैन डॉ. सुभाष जैन ने परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सिल्वरलाइन प्रेस्टिज स्कूल सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्यों और आधुनिक शिक्षण पद्धति के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करता रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है और भविष्य में भी उत्कृष्टता की यह परंपरा जारी रहेगी। वाइस चेयरमैन नमन जैन ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के विश्वास और शिक्षकों के समर्पण ने मिलकर इस सफलता को संभव बनाया है। विद्यालय प्रबंधक एवं डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन प्रणव जैन ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए आत्मविश्वास के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा दी। प्रधानाचार्या डॉ. गीता जोशी ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास को देते हुए कहा कि विद्यालय केवल परीक्षा परिणामों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और नैतिक मूल्यों के निर्माण पर भी समान रूप से कार्य करता है।
उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विद्यालय आगे भी शिक्षा के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों और अभिभावकों के साथ खुशी साझा की तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर सफलता का जश्न मनाया। सिल्वरलाइन प्रेस्टिज स्कूल का यह उत्कृष्ट परिणाम न केवल विद्यालय बल्कि पूरे शहर के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है, जिसने यह साबित कर दिया कि समर्पण, मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||

