Image Slider

-मधुबन-बापूधाम योजना में जीडीए की नई पहल, हवन-पूजन के साथ निर्माण कार्य का शुभारंभ
-एक करोड़ की लागत से तैयार होगा खुला सांस्कृतिक मंच, नाटक, संगीत व जनजागरूकता कार्यक्रम होंगे आयोजित
-बच्चों और युवाओं की प्रतिभा को मिलेगा अवसर, सामाजिक समरसता और सामुदायिक सहभागिता को मिलेगा बढ़ावा

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में आधुनिक एवं जनोपयोगी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना स्थित शहीद स्मारक पार्क में आधुनिक ओपन एयर थियेटर के निर्माण कार्य का शनिवार को विधिवत हवन-पूजन के साथ शुभारंभ किया गया। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में सांस्कृतिक, सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों को नया मंच प्राप्त होगा। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल के निर्देशन में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक विकास को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मधुबन-बापूधाम योजना के इंडस्ट्रियल पॉकेट स्थित शहीद स्मारक पार्क को सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। निर्माण कार्य के शुभारंभ अवसर पर जीडीए अभियंत्रण जोन-3 के अधिशासी अभियंता योगेश पटेल, सहायक अभियंता सुधीर कुमार पांडेय सहित विभागीय टीम, राष्ट्रीय सैनिक संस्था के अध्यक्ष रिटायर्ड कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी, संस्था के सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। जीडीए द्वारा लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से इस ओपन एयर थियेटर का निर्माण कराया जाएगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह खुला मंच क्षेत्रवासियों के लिए बहुउद्देश्यीय सांस्कृतिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

यहां विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक मंचन, संगीत संध्या, कवि सम्मेलन, योग शिविर, देशभक्ति कार्यक्रम और जन-जागरूकता अभियानों का आयोजन किया जा सकेगा। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं बल्कि नागरिकों को ऐसा सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराना है, जहां सामाजिक जीवन को नई ऊर्जा मिल सके। शहरों में तेजी से बदलती जीवनशैली के बीच ऐसे खुले सांस्कृतिक मंच सामुदायिक संवाद और रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए अत्यंत आवश्यक माने जा रहे हैं। ओपन एयर थियेटर बनने से स्थानीय कलाकारों, विद्यार्थियों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। विशेष रूप से बच्चों और युवाओं के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए इस मंच को डिजाइन किया जा रहा है, ताकि वे सांस्कृतिक, शैक्षिक और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर सकें। इससे न केवल प्रतिभाओं को पहचान मिलेगी बल्कि सामाजिक जुड़ाव भी मजबूत होगा।

सामुदायिक आयोजनों के माध्यम से लोगों के बीच संवाद बढ़ेगा और क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होगा।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में ऐसे सांस्कृतिक मंच की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब लोगों को छोटे-बड़े आयोजनों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। इससे क्षेत्र की सामाजिक सक्रियता में भी वृद्धि होगी। जीडीए प्रशासन का कहना है कि प्राधिकरण का लक्ष्य केवल सड़क, भवन और आधारभूत संरचनाओं का निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे सार्वजनिक स्थलों का विकास करना भी है जो नागरिक जीवन को समृद्ध बनाएं। ओपन एयर थियेटर भविष्य में मधुबन-बापूधाम योजना क्षेत्र की नई पहचान बनेगा और शहर के सांस्कृतिक मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण स्थान हासिल करेगा। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद यह स्थल स्थानीय नागरिकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा, जहां मनोरंजन, सांस्कृतिक संवाद और सामाजिक कार्यक्रमों का नियमित आयोजन संभव होगा। जीडीए की यह पहल शहर के सांस्कृतिक विकास को नई दिशा देने के साथ-साथ सामुदायिक जीवन को सशक्त बनाने की ओर एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||