Image Slider

Bengal Chunav Results 2026 LIVE: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव रिजल्ट से ठीक पहले सियासी बयानबाज़ी लगातार तेज होती जा रही है. इसी कड़ी में बीजेपी नेता दिलीप घोष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है. दिलीप घोष ने News18 इंडिया से बातचीत में कहा कि ‘ममता बनर्जी इंडिया की डोनाल्ड ट्रंप हैं.’ उन्होंने आरोप लगाया कि मतगणना के दौरान टीएमसी किसी भी हद तक जा सकती है.

भारत निर्वाचन आयोग ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट के सभी मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान का आदेश दिया है. इस सीट पर 29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान गंभीर चुनावी अपराध और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का उल्लंघन पाए जाने के बाद दोबारा चुनाव कराए जाने की घोषणा चुनाव आयोग ने की है. टीएमसी के दबंग नेता जहांगीर खान इसी विधानसभा सीट से प्रत्‍याशी हैं. फाल्‍टा में फिर से वोटिंग कराने के चुनाव आयोग के आदेश के बाद भाजपा और टीएमसी में ठन गई है. आयोग के आदेश के बाद भाजपा नेता अमित मालवीय ने X पर पोस्‍ट जारी कहा कि पश्चिम बंगाल में डायमंड हार्बर मॉडल ध्‍वस्‍त हो गया है. इसपर टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने काफी तीखा रिप्‍लाई देते हुए अमित मालवीय से कहा कि वे दिल्‍ली से अपने गॉडफादर को ले आएं और फाल्‍टा से चुनाव लड़वा लें.

दरअसल, चुनाव आयोग ने अपने आदेश में कहा, ‘पश्चिम बंगाल के 144 फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में 29 अप्रैल को बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर मतदान के दौरान गंभीर चुनावी अपराधों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के उल्लंघन हुआ था, इसलिए चुनाव आयोग निर्देश देता है कि सहायक मतदान केंद्रों सहित सभी 285 मतदान केंद्रों पर नए सिरे से मतदान कराया जाए. सभी मतदान केंद्रों पर 21 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक नए सिरे से मतदान होगा, जबकि मतगणना 24 मई को होगी.’ यह घोषणा दक्षिण 24 परगना जिले के इस निर्वाचन क्षेत्र में स्थानीय लोगों के व्यापक विरोध प्रदर्शन के कुछ घंटों बाद आई है. मतगणना के बाद सैकड़ों ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और क्षेत्र में दोबारा मतदान कराने की मांग की थी. हासिमनगर गांव में तनाव बढ़ने के साथ ही भाजपा के झंडे लिए महिलाओं समेत बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दिया था. इसके तुरंत बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को भारी संख्या में मौके पर तैनात किया गया और उन्होंने निवासियों को पर्याप्त सुरक्षा उपायों का आश्वासन दिया.

पश्चिम बंगाल में इस बार दो चरणों में हुए विधानसभा चुनावों में स्वतंत्रता के बाद से सबसे अधिक मतदान हुआ, जिसमें 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को हुए दोनों चरणों में औसत मतदान प्रतिशत लगभग 93 प्रतिशत रहा. राष्ट्रीय स्तर पर इससे पहले सबसे अधिक मतदान 2013 में त्रिपुरा में हुआ था, जब मतदान प्रतिशत 91.82 प्रतिशत था. पश्चिम बंगाल में इससे पहले सबसे अधिक मतदान 2011 के विधानसभा चुनावों में हुआ था, जिसने 34 साल के वाम मोर्चा शासन के अंत और ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार की शुरुआत को चिह्नित किया था. मतगणना 4 मई को होगी और परिणाम उसी दिन घोषित किए जाएंगे. इस बार कुछ को छोड़कर अधिकांश एग्जिट पोल ने तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन के अंत और राज्य में सत्ता परिवर्तन की भविष्यवाणी की है.

Bengal Chunav Results LIVE: ‘ममता बनर्जी इंडिया की डोनाल्ड ट्रंप…’ बीजेपी के दिलीप घोष ने मतगणना को लेकर जताई चिंता

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बीच सियासी बयानबाज़ी लगातार तेज होती जा रही है. इसी कड़ी में बीजेपी नेता दिलीप घोष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है. दिलीप घोष ने News18 इंडिया से बातचीत में कहा कि ‘ममता बनर्जी इंडिया की डोनाल्ड ट्रंप हैं.’ उन्होंने आरोप लगाया कि मतगणना के दौरान टीएमसी किसी भी हद तक जा सकती है.

बीजेपी नेता ने आशंका जताई कि काउंटिंग के समय गड़बड़ी की कोशिश हो सकती है. उन्होंने कहा, ‘टीएमसी वाले काउंटिंग के दौरान कुछ भी कर सकते हैं. बमबारी करा सकते हैं और काउंटिंग सेंटर को घेर सकते हैं.’

Bengal Chunav Results LIVE: काउंटिंग ड्यूटी की जानकारी लीक होने पर सुवेंदु अधिकारी ने उठाए सवाल, कार्रवाई की मांग

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल में मतगणना से पहले सुरक्षा और निष्पक्षता को लेकर नया विवाद सामने आया है. भाजपा नेता और विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया है कि काउंटिंग ड्यूटी में तैनात कई अधिकारी अपनी तैनाती से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा कर रहे हैं, जिससे चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है. सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि उनके संज्ञान में आया है कि कई अधिकारी अपनी ड्यूटी से संबंधित विवरण (जैसे स्थान, पद और जिम्मेदारियां) अपने विभागीय संगठनों और संघों के साथ साझा कर रहे हैं. उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ जगहों पर स्प्रेडशीट और सूचियां प्रसारित की जा रही हैं, जिनमें अधिकारी स्वेच्छा से या दबाव में अपनी इलेक्शन ड्यूटी इंफो भर रहे हैं. उन्होंने इसे चुनाव प्रोटोकॉल का गंभीर उल्लंघन बताते हुए कहा कि इससे अनुचित प्रभाव का खतरा बढ़ जाता है. अधिकारी के मुताबिक, जब किसी अधिकारी की तैनाती की जानकारी राजनीतिक रूप से झुके संगठनों तक पहुंचती है, तो इससे उन पर दबाव या डराने-धमकाने की आशंका पैदा होती है. भाजपा नेता ने आगे कहा कि इस तरह की जानकारी लीक होने से मतगणना प्रक्रिया की निष्पक्षता और गोपनीयता पर सीधा असर पड़ता है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संगठन इस तरह का डेटा इकट्ठा कर अधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश कर सकते हैं, ताकि वे मतगणना के दौरान सत्तारूढ़ दल के पक्ष में काम करें. सुवेंदु अधिकारी ने चुनाव आयोग और पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है. उन्होंने आग्रह किया कि अधिकारियों को किसी भी संगठन या संघ के साथ अपनी काउंटिंग ड्यूटी साझा करने से रोकने के लिए सख्त निर्देश जारी किए जाएं. साथ ही उन्होंने ऐसे संगठनों की जांच कराने की भी मांग की है, जो इस तरह की संवेदनशील जानकारी एकत्र कर रहे हैं.

Bengal Chunav Results LIVE: बंगाल में चुनाव रिजल्‍ट से एक दिन पहले TMC पर आफत

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग के बाद अब मतगणना की बारी है. उससे पहले प्रदेश में सत्‍तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के लिए बुरी खबर सामने आई है. पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मोथाबाड़ी में न्यायिक अधिकारियों के कथित उत्पीड़न और बंधक बनाने के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेताओं को पूछताछ के लिए तलब किया है. आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, संबंधित नेताओं को आज यानी 3 मई 2026 को कालियाचक थाने में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं. इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है. बता दें कि इस मामले में अभी तक 52 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. (विस्‍तृत खबर पढ़ने के किए यहां क्लिक करें)

Bengal Chunav Results LIVE: बंगाल में इतना ज्‍यादा मतदान बदलाव का संकेत – उदित राज

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: दिल्ली में कांग्रेस नेता उदित राज ने आगामी चुनावों को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि असम में कांग्रेस को अच्छा प्रदर्शन करना चाहिए, जबकि पश्चिम बंगाल की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है. उदित राज के मुताबिक, अधिक मतदान प्रतिशत बदलाव का संकेत देता है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पास पूरा तंत्र और चुनाव आयोग का समर्थन है. तमिलनाडु में डीएमके-कांग्रेस गठबंधन की स्पष्ट जीत की बात करते हुए उन्होंने कहा कि वहां भाजपा मुकाबले में नहीं है. साथ ही केरल में भी यूडीएफ की जीत की संभावना जताई गई है.

Bengal Chunav Results LIVE: जहांगीर खान कुछ बड़ा करने वाले हैं? ऑफ‍िस में सपोर्टर्स का जमावड़ा

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव आयोग द्वारा चुनाव रद्द किए जाने के बाद सियासी माहौल गरमा गया है. तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी जहांगीर खान के कार्यालय के बाहर समर्थकों का जमावड़ा देखा गया. हालांकि, इस दौरान जहांगीर खान ने मीडिया से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और उनके समर्थक भी चुप्पी साधे रहे. मौके पर मौजूद मीडिया ने समर्थकों से बातचीत की कोशिश की, लेकिन किसी ने भी कुछ कहने से इनकार कर दिया. पूरे घटनाक्रम ने क्षेत्र में अनिश्चितता और राजनीतिक तनाव की स्थिति को और बढ़ा दिया है.

Bengal Chunav Results LIVE: बंगाल में इस बार बदलाव निश्चित – भाजपा सांसद रेखा शर्मा

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: दिल्ली में रेखा शर्मा ने चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनावों के नतीजों को लेकर बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल कई वर्षों से बदलाव चाहता है और इस बार यह बदलाव निश्चित रूप से देखने को मिलेगा. शर्मा ने भरोसा जताया कि भारतीय जनता पार्टी राज्य में सरकार बनाएगी. इस बीच भारत निर्वाचन आयोग ने बंगाल में मतगणना के दौरान ‘EVM छेड़छाड़’ के आरोपों के बीच 242 अतिरिक्त पर्यवेक्षक तैनात किए हैं. वहीं अभिषेक बनर्जी के बयान ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है.

Bengal Chunav Results LIVE: TMC का मेकेनिज्‍म जनता समझ चुकी है – भाजपा नेता शंकर घोष

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: सिलीगुड़ी (दार्जिलिंग, पश्चिम बंगाल) से बीजेपी उम्मीदवार शंकर घोष ने विधानसभा चुनाव से पहले मानसकामना मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां काली का आशीर्वाद लिया. इस दौरान उन्होंने कहा कि जनता की आकांक्षाएं देवी के आशीर्वाद से जरूर पूरी होंगी और वे इसी विश्वास के साथ यहां पहुंचे हैं. शंकर घोष ने फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान कराने के चुनाव आयोग के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि गहन जांच के बाद लिया गया यह निर्णय लोकतंत्र के लिए जरूरी है. उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लोग अब उनके मेकेनिज्‍म को समझ चुके हैं और मतदान में इसका जवाब देंगे.

Bengal Chunav Results LIVE: ममता बनर्जी के विधानसभा क्षेत्र में बवाल, सुरक्षा सख्‍त

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में काउंटिंग सेंटर के बाहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब तृणमूल कांग्रेस (TMC) के करीब एक दर्जन कार्यकर्ता शखावत गर्ल्स कॉलेज से लगभग 100 मीटर दूर जमा होकर विरोध करने लगे. कार्यकर्ताओं का आरोप था कि जहां आम वाहनों को काउंटिंग सेंटर की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है. वहीं, सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी एक गाड़ी, जिसके डैशबोर्ड पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का झंडा लगा था, उसे अंदर जाने दिया गया. इस मुद्दे को लेकर TMC कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ तीखी बहस भी हुई. मौके पर मौजूद सुरक्षाबलों ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की.

Bengal Chunav Results LIVE: बंगाल में काउंटिंग से पहले भाजपा नेता के घर पर हमला, हर तरफ दहशत का आलम

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना से ठीक पहले नोआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में तनाव बढ़ने का मामला सामने आया है. भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया है कि पार्टी के एक पदाधिकारी के घर पर देर रात फायरिंग कर हत्या की कोशिश की गई. अर्जुन सिंह के मुताबिक, शनिवार देर रात करीब 12:05 बजे दो हथियारबंद बदमाश आकाश चौधरी उर्फ गोलू और अमन चौधरी मोटरसाइकिल से भाजपा के बैरकपुर संगठन सचिव कुंदन सिंह के घर पहुंचे. आरोप है कि दोनों हमलावरों ने कुंदन सिंह को जान से मारने की नीयत से हमला किया और इस दौरान एक राउंड फायरिंग भी की गई. भाजपा नेता का दावा है कि अमन चौधरी घर में घुसने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कुंदन सिंह बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई. अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपी गरुलिया इलाके के निवासी हैं और क्षेत्र के कुख्यात अपराधी हैं, जिनके नाम पहले भी आपराधिक सूची में शामिल किए गए थे. उन्होंने यह भी कहा कि मतदान के दिन आकाश चौधरी को नोआपाड़ा पुलिस ने हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में छोड़ दिया गया. अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि मतगणना से पहले भाजपा के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है. भाजपा नेता ने चुनाव आयोग और राज्य प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि निष्पक्ष मतगणना के लिए ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है.

Bengal Chunav Results LIVE: जहां से ममता बनर्जी प्रत्‍याशी, वहां परिंदा भी नहीं मार सकता पर

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों से पहले भवानीपुर का काउंटिंग सेंटर पूरी तरह अभेद्य किले में तब्दील हो गया है. शखावत गर्ल्स कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम और उसके आसपास के इलाके में सैकड़ों सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है. 4 मई को सुबह से यहीं मतगणना शुरू होगी, जहां से राज्य की सबसे चर्चित राजनीतिक लड़ाइयों में से एक (मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और विपक्षी नेता सुवेंदु अधिकारी के बीच मुकाबला) का फैसला सामने आएगा. चुनाव आयोग के निर्देश पर काउंटिंग सेंटर की सुरक्षा के लिए पांच स्तर की सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है. स्ट्रांग रूम में भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम मशीनें सुरक्षित रखी गई हैं. केंद्रीय अर्धसैनिक बल (CAPF), राज्य रिजर्व फोर्स और कोलकाता पुलिस के जवान पूरे इलाके में मुस्तैदी से तैनात हैं. सुरक्षा इतनी कड़ी है कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी को भी परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है. भवानीपुर सीट इस बार खास तौर पर सुर्खियों में रही है. मतदान के दौरान और उसके बाद भी यहां कई राजनीतिक घटनाक्रम सामने आए. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद इस काउंटिंग सेंटर पर लगभग चार घंटे तक मौजूद रहीं और उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर कई सवाल उठाए थे. उनके इस कदम ने राजनीतिक हलकों में काफी चर्चा बटोरी थी. वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी इसी काउंटिंग सेंटर को लेकर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर गंभीर आरोप लगाए थे. भाजपा कार्यकर्ताओं का दावा था कि टीएमसी की एक वैन के जरिए स्ट्रांग रूम के पास संदिग्ध गतिविधियां की जा रही थीं. इस आरोप के बाद भाजपा नेताओं और समर्थकों ने मौके पर धरना दिया, जिससे देर रात तक सियासी तनाव और हंगामा जारी रहा. इन घटनाओं के मद्देनजर चुनाव आयोग ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है. पूरे इलाके में लगातार निगरानी रखी जा रही है और हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त कैमरे भी लगाए गए हैं. प्रशासन का कहना है कि मतगणना प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं.

Bengal Chunav Results LIVE: फाल्‍टा बनी छावनी, चप्‍पे-चप्‍पे पर जवान तैनात

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्‍टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के निर्देश पर 144 फाल्‍टा विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों, जिनमें सहायक केंद्र भी शामिल हैं, पर 21 मई 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक दोबारा मतदान कराया जाएगा. क्षेत्र में केंद्रीय बलों और पुलिस की भारी तैनाती की गई है, ताकि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित किया जा सके. प्रशासन ने संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं.

Bengal Chunav Results LIVE: ईवीएम स्‍ट्रॉन्‍ग रूम के बाहर सुरक्षा ऐसी परिंदा भी पर न मार सके

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के सखावत मेमोरियल गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल स्थित स्ट्रॉन्गरूम के बाहर भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. प्रशासन किसी भी तरह की गड़बड़ी या अवांछित गतिविधि को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क है. अधिकारियों के अनुसार, मतगणना 4 मई 2026 को निर्धारित है और सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतगणना सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

Bengal Chunav Results LIVE: फाल्‍टा विधानसभा क्षेत्र में सबूतों के साथ छेड़छाड़ और फुटेज भी गायब

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: फाल्‍टा व‍िधानसभा क्षेत्र में मतदान को प्रभावित करने के लिए ऐसे-ऐसे कांड किए गए कि उसर यकीन करना मुश्किल है. चुनाव आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, कई बूथों के महत्वपूर्ण वीडियो फुटेज गायब हैं या उपलब्ध नहीं कराए गए. खासकर मतदान के अंतिम घंटों के दौरान. इसके अलावा कई रिकॉर्डिंग चिप्स खाली मिले, जबकि कुछ चिप्स में बिहार चुनाव के पुराने वीडियो फुटेज पाए गए. क्लाउड पर मौजूद डेटा या तो गायब था या फिर रुक-रुक कर रिकॉर्ड हुआ था, जिससे शिकायतों की जांच करना मुश्किल हो गया.

Bengal Chunav Results LIVE: ‘मतदान प्रक्रिया का खुला उल्लंघन’, चुनाव आयोग ने उठाए गंभीर सवाल

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: चुनाव आयोग की रिपोर्ट के अनुसार ‘कंपैनियन वोटिंग’ यानी मतदाताओं के बदले दूसरे लोगों द्वारा वोट डालने के मामले बड़े पैमाने पर देखे गए. राजनीतिक दलों के कैडर्स पोलिंग बूथों के अंदर अवैध रूप से मौजूद थे, जिससे मतदान की मर्यादा पूरी तरह खत्म हो गई. एक ही व्यक्ति द्वारा कई बार मतदान करने और वोटिंग कंपार्टमेंट के अंदर एक साथ दो-दो लोगों के मौजूद रहने के कई मामले दर्ज किए गए. कई जगहों पर पोलिंग एजेंटों द्वारा खुद मतदाताओं की जगह वोट डालने के मामले भी सामने आए हैं.

Bengal Chunav Results LIVE: भाजपा अगर 500-700 वोटों से आगे हो, तो दोबारा गिनती की मांग करें – सीएम ममता

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने शनिवार को पार्टी के काउंटिंग एजेंटों को निर्देश दिया कि वे उन बूथों पर तत्काल दोबारा गिनती की मांग करें, जहां भाजपा 500 से 700 वोटों के अंतर से आगे चल रही हो. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं और मतगणना एजेंटों के साथ हुई एक वर्चुअल बैठक के दौरान ये निर्देश जारी किए. उन्होंने मतगणना एजेंटों को सलाह दी कि वे रविवार रात मतगणना केंद्रों के पास ही रुकें, ताकि सोमवार को वे समय पर वहां पहुंच सकें. डेढ़ घंटे चली इस बैठक के दौरान उन्होंने तालमेल और सतर्कता की आवश्यकता पर जोर दिया. सीएम ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मतगणना केंद्रों पर समय से पहले पहुंचने और एकजुट होकर काम करने को कहा. उन्होंने मतगणना प्रक्रिया के दौरान ध्यान रखने योग्य प्रमुख बातों के बारे में भी उन्हें जानकारी दी. टीएमसी सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी ने मतगणना के दौरान कड़ी निगरानी पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि जिन बूथों पर भाजपा 500-700 वोटों से लेकर 1 हजार वोटों तक के अंतर से आगे चल रही है, वहां तत्काल वोटों की दोबारा गिनती की मांग उठाई जानी चाहिए.

Bengal Chunav Results LIVE: चुनाव आयोग ने फाल्‍टा में पोलिंग बूथ को लेकर उठाए गंभीर सवाल

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: चुनाव आयोग (ECI) और राज्य के विशेष पर्यवेक्षक की रिपोर्ट ने चुनाव प्रक्रिया में भारी अनियमितताओं और प्रशासनिक विफलता की पुष्टि की है. करीब 60 मतदान केंद्रों (कुल संख्या का 21%) पर EVM की बैलेट यूनिट पर काली टेप और गोंद चिपकाया गया था, ताकि मतदाता अपनी पसंद के उम्मीदवार को वोट न दे सकें. एक हैरान करने वाले खुलासे में यह पाया गया कि बैलेट यूनिट के बटनों पर इत्र लगाया गया था, ताकि यह पहचान की जा सके कि किस मतदाता ने किस विशेष उम्मीदवार को वोट दिया है. चुनाव आयोग ने कहा है कि EVM के साथ की गई इस संगठित छेड़छाड़ ने वास्तविक जनादेश का पता लगाना असंभव बना दिया है.

Bengal Chunav Results LIVE: बंगाल में इस बार भाजपा की होगी जीत भाजपा कैंडिडेट राकेश सिंह

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पोर्ट विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार राकेश सिंह ने चुनाव प्रचार के बीच मां काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर जीत का आशीर्वाद मांगा. उन्होंने कहा कि उनकी प्रार्थना है कि पश्चिम बंगाल में शांति बनी रहे. राकेश सिंह ने दावा किया कि इस बार हिंदू मतदाता एकजुट होकर मतदान करेंगे और बीजेपी को जीत मिलेगी. उन्‍होंने कहा कि इस बार हिन्‍दू दो और दो मिलकर 22 हुए हैं, ऐसे में इस बार जीत होगी. उल्लेखनीय है कि कोलकाता पोर्ट सीट पर तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फिरहाद हकीम वर्तमान विधायक हैं, जो 2016 और 2021 में लगातार दो बार यहां से चुनाव जीत चुके हैं. इस सीट पर मुकाबला इस बार काफी दिलचस्प माना जा रहा है.

Bengal Eletion Repolling LIVE: फाल्‍टा में हिन्‍दुओं को डराया-धमकाया जाता है – बीजेपी सांसद जगन्‍नाथ सरकार

पश्चिम बंगाल पुनर्मतदान लाइव: पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान पर बीजेपी सांसद जगन्नाथ सरकार ने कहा, ‘टीएमसी के शासन में फाल्टा में कभी निष्पक्ष मतदान नहीं होता. हिंदू गांवों के निवासियों को डराया-धमकाया जाता है और उन्हें मतदान से दूर रखा जाता है. यदि वे वोट देना भी चाहें, तो उन्हें केवल टीएमसी के पक्ष में ही मतदान करने के लिए मजबूर किया जाता है. कई इलाकों में ऐसा ही माहौल बना हुआ है. हालांकि, इस बार चुनाव आयोग ने बहुत प्रभावी और निर्णायक कदम उठाए हैं. इसके परिणामस्वरूप जनता आगे बढ़कर मतदान करने के लिए उत्साहित हुई है. अब 21 मई को पुनर्मतदान होना तय है. यह एक बेहतरीन फैसला है और बिल्कुल वही है जिसकी जरूरत थी.’

Bengal Chunav Results LIVE: पश्चिम बंगाल के पूर्व CEO ने चुनाव आयोग को दिया A+ ग्रेड

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल के मुख्‍य चुनाव अधिकारी देबाशीष सेन ने 2026 विधानसभा चुनाव को लेकर अहम टिप्पणी की है. उन्होंने कहा कि चुनाव पूरी तरह हिंसा मुक्त और शिकायत मुक्त रहा, जिसके लिए उन्होंने चुनाव आयोग को A+ ग्रेड दिया. हालांकि, SIR प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि करीब 2.7 लाख मतदाता वोट नहीं डाल सके (जो लोकतंत्र के लिहाज से सही नहीं है) इसलिए इस पर उन्होंने B माइनस ग्रेड दिया. ईवीएम पर उठने वाले सवालों को खारिज करते हुए सेन ने कहा कि मशीनों के साथ छेड़छाड़ करना आसान नहीं है. उन्होंने बताया कि सीरियल नंबर, स्ट्रॉन्ग रूम व्यवस्था और कई सुरक्षा उपाय मौजूद हैं. साथ ही ईवीएम की चिप मशीन लैंग्वेज में लिखी होती है, जिससे उसमें गड़बड़ी करना लगभग असंभव है.

Bengal Chunav Results LIVE: ‘ममता-अभिषेक को जनता ने सिखाया सबक’, भाजपा उम्‍मीदवार का टीएमसी पर हमला

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर भाजपा उम्मीदवार तपस चंद्र रॉय ने तृणमूल कांग्रेस और सीएम ममता बनर्जी पर निशाना साधा है. मानिकतला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार तपस चंद्र रॉय ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, ‘आज भी हिंसा हुई और लोगों को वोट डालने नहीं दिया गया. अभिषेक बनर्जी जीते, क्योंकि वे लोगों को वोट नहीं डालने देते और सेलो टेप लगा देते हैं. आगे देखेंगे कि वे कितने वोटों से जीतते हैं.’ तपस चंद्र रॉय ने आगे कहा, ‘जनता ने पश्चिम बंगाल सरकार, सत्ताधारी पार्टी, सीएम ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी को सबक सिखा दिया है. वे हमें क्या सबक सिखाएंगे? ममता बनर्जी को याद रखना चाहिए कि 2011 में सत्ता में आने के बाद 2013 से 2024 तक सभी चुनाव गुंडों और पुलिस के सहारे संचालित किए गए.’

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||