Best Picnic Spots Near Delhi-NCR: अगर आप भी चिलचिलाती गर्मी और शहर के शोर-शराबे से तंग आकर कहीं सुकून की तलाश में हैं, तो आपको नैनीताल या मसूरी जाने के लिए भारी-भरकम बजट और लंबी छुट्टी की जरूरत नहीं है. गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में छिपा सिटी फॉरेस्ट एक ऐसा ठिकाना है, जहां मात्र ₹10 की टिकट में आप सुकून पा सकते हैं. यहां बोटिंग करते वक्त आपको बिल्कुल पहाड़ों वाली फीलिंग आएगी. करीब 175 एकड़ में फैला यह जंगल न केवल आपकी आंखों को सुकून देगा, बल्कि यहां होने वाली एडवेंचर एक्टिविटीज आपके वीकेंड को यादगार बना देगी. आइए जानते हैं क्यों यह जगह इन दिनों दिल्ली-एनसीआर के लोगों की पहली पसंद बनी हुई है.
करेहड़ा इलाके में स्थित यह सिटी फॉरेस्ट करीब 175 एकड़ के विशाल क्षेत्र में फैला हुआ है. शहर की भीड़भाड़ और प्रदूषण से दूर यहां पहुंचते ही आपको एक अलग ही ताजगी का अहसास होता है. घने पेड़ों की वजह से यहां का तापमान शहर के बाकी हिस्सों के मुकाबले थोड़ा कम महसूस होता है. यही वजह है कि परिवार के साथ पिकनिक मनाने या दोस्तों के साथ क्वालिटी टाइम बिताने के लिए लोग यहां खिंचे चले आते हैं.
नैनीताल जैसी बोटिंग और दो खूबसूरत झीलें
इस पार्क का सबसे बड़ा आकर्षण यहां मौजूद दो शानदार झीलें हैं. इनमें से एक झील लगभग 5 एकड़ में फैली है और दूसरी करीब 3 एकड़ में. इन झीलों में बोटिंग की सुविधा उपलब्ध है, जिसका मजा लेने के लिए आपको सिर्फ ₹60 खर्च करने होंगे. झील के शांत पानी में नाव चलाते समय आपको बिल्कुल वैसा ही अनुभव होता है जैसे आप नैनीताल की किसी झील में सैर कर रहे हों.
एडवेंचर के शौकीनों के लिए खास इंतजाम
सिटी फॉरेस्ट सिर्फ शांति और सुकून के लिए ही नहीं, बल्कि रोमांच के लिए भी जाना जाता है. यहां बच्चों और युवाओं के लिए कई तरह की गतिविधियां मौजूद हैं.
- जिप लाइन: झील के ऊपर से गुजरती हुई जिप लाइन एडवेंचर प्रेमियों को खूब रोमांचित करती है.
- घुड़सवारी और जीप राइड: यहां आप घुड़सवारी का अनुभव ले सकते हैं और ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर जीप राइड का मजा भी उठा सकते हैं. ये आपके ट्रिप को यादगार बना देगा.
- साइकिलिंग ट्रैक: जो लोग प्रकृति के बीच कसरत करना पसंद करते हैं, उनके लिए यहां बेहतरीन साइकिलिंग ट्रैक बनाया गया है. ये आपको काफी पसंद आएगा.
जानिए क्यों खास है यह जगह?
सिटी फॉरेस्ट के मैनेजर अविनाश तोमर ने बताया कि इन दिनों गर्मियों के मौसम में यहां पर्यटकों की संख्या में जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है. गाजियाबाद ही नहीं, बल्कि नोएडा और दिल्ली से भी लोग यहां पहुंच रहे हैं. उन्होंने बताया कि लोग यहां आकर न केवल बोटिंग का आनंद लेते हैं, बल्कि जंगल के बीच पैदल सैर करना भी उन्हें काफी पसंद आता है. अगर आप भी इस वीकेंड कहीं जाने का सोच रहे हैं, तो सिटी फॉरेस्ट एक बेहतरीन और किफायती विकल्प हो सकता है.
About the Author
सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



