Image Slider

-पारदर्शी व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से होगी होमगार्ड भर्ती परीक्षा: रविंद्र कुमार मॉंदड़
-20 केंद्रों पर 46 हजार अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, तीन दिन दो पालियों में आयोजन
-नकलविहीन परीक्षा के लिए सीसीटीवी, कंट्रोल रूम और मजिस्ट्रेट तैनात
-जनगणना कार्य में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद में प्रस्तावित होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ एवं एडिशनल पुलिस कमिश्नर केशव कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सेठ मुकंद लाल इंटर कॉलेज तथा एम.बी. गर्ल्स इंटर कॉलेज (नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज, चन्द्रपुरी) पहुंचकर परीक्षा से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों पर अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, वेंटिलेशन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार जनपद के कुल 20 परीक्षा केंद्रों पर होमगार्ड भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग 46 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा का आयोजन 25, 26 एवं 27 अप्रैल को प्रतिदिन दो पालियों में किया जाएगा।

प्रथम पाली प्रात: 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराया जाए। उन्होंने बताया कि परीक्षा संचालन के लिए केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। साथ ही एडीएम एवं एसडीएम स्तर के अधिकारियों को विशेष निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता की संभावना समाप्त की जा सके। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर दिए गए हैं तथा कंट्रोल रूम और स्ट्रांग रूम की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर ली गई है। जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि परीक्षा या जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर केशव कुमार चौधरी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग पूरी तरह तैयार है। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और परीक्षा से पूर्व सुरक्षा संबंधी रिहर्सल भी कराई जा चुकी है। अभ्यर्थियों के सुरक्षित आवागमन के लिए प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या अनुचित गतिविधि को तुरंत रोका जा सके। परीक्षा प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एम.बी. गर्ल्स इंटर कॉलेज में भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए आयोजित सुपरवाइजर एवं प्रगणक प्रशिक्षण शिविर की भी समीक्षा की गई।

प्रशासन द्वारा तीन चरणों में यह प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। प्रथम बैच 22 से 24 अप्रैल, द्वितीय बैच 28 से 30 अप्रैल तथा तृतीय बैच 1 से 4 मई तक सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक प्रशिक्षण प्राप्त करेगा। जिलाधिकारी ने जनगणना को राष्ट्रस्तरीय महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े शासन की योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन की आधारशिला होते हैं। इसलिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ करना होगा। उन्होंने दोहराया कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी विकास कश्यप, एसडीएम अरुण दीक्षित, डीआईओ योगेन्द्र प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन की सक्रियता को देखते हुए माना जा रहा है कि इस बार होमगार्ड भर्ती परीक्षा और जनगणना प्रशिक्षण दोनों ही कार्य सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न होंगे।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||